Home rss world hindi अंतरिक्ष में पहली बार, धरती से 26 अरब किमी दूर पहुंच गया...

अंतरिक्ष में पहली बार, धरती से 26 अरब किमी दूर पहुंच गया ‘इंसानों का दूत’; भारत की आवाज गई है साथ

11
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

वॉयजर-1 61 हजार किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। इतनी तेज गति के बावजूद उसे पृथ्वी से इतनी दूर जाने में पांच दशक लगे। अब वह अंतरिक्ष से जुड़े कई बड़े राज खोलेगा। इसके साथ भारत की आवाज भी है।

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के अंतरिक्ष यान वॉयजर-1 ने धरती से एक प्रकाश दिवस की दूरी पर पहुंचकर इतिहास रच दिया है। यह इतनी दूर तक सफर करने वाली इंसान की बनाई पहली वस्तु है। इंसान अभी खुद भी इतनी दूर नहीं पहुंच सका है। पृथ्वी से भेजे गए किसी रेडियो सिग्नल या प्रकाश को वॉयजर-1 तक पहुंचने में करीब 24 घंटे लगेंगे। आंकड़ों की बात करें तो वॉयजर-1 धरती से 26 अरब किलोमीटर दूर पहुंच चुका है। वॉयजर-1 की लॉन्चिंग के 50 साल अगले साल में पूरे होंगे।

बता दें कि वॉयजर-1 को पांच सितंबर 1977 को अंतरिक्ष में भेजा गया था। नासा ने इसका जुड़वां अंतरिक्ष यान वॉयजर-2 20 अगस्त 1977 को लॉन्च किया था। तब से इसने कई उपलब्धियां हासिल की हैं वॉयजर-1 ने बृहस्पति ग्रह के चारों ओर एक पतले छल्ले और दो नए चंद्रमा, थीबे और मेटिस की खोज की। वहीं इसने शनि के पास पांच नए चंद्रमाओं और ‘जी-रिंग’ नाम के एक नए छल्ले का भी पता लगाया।

वॉयजर-1 हेलियोस्फीयर को पार करने वाला पहला अंतरिक्ष यान भी है। यह वह सीमा है जहां हमारे सौरमंडल के बाहर का प्रभाव हमारे सूर्य के प्रभाव से अधिक शक्तिशाली हो जाता है। यह इंसानों की बनाई पहली ऐसी वस्तु है जो तारों के बीच मौजूद अंतरिक्ष में पहुंची है।

यान में है भारत की खास आवाज

वॉयजर-1 और वॉयजर-2 के साथ गोल्डन रिकॉर्ड भी भेजे गए हैं। इनमें करीब 30 सेंटीमीटर व्यास की सोने की परत चढ़ी तांबे की डिस्क लगाई गई है। इन रिकॉर्ड में पृथ्वी की प्राकृतिक ध्वनियां, संगीत, अभिवादन और मानव जीवन से जुड़ी जानकारियां शामिल हैं। भारत की प्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका केसरबाई केरकर के राग भैरवी में गाए गीत के अलावा 10 भारतीय भाषाओं में अभिवादन का संदेश भी है।

खुल सकते हैं सूर्य की सीमा के राज

नासा की वॉयजर परियोजना की प्रबंधक सुजैन डॉड ने कहा कि अब एक बड़ा सवाल यह है कि सूर्य का प्रभाव वास्तव में कहां तक फैला हुआ है। कहां से अंतरिक्ष का ऐसा क्षेत्र शुरू होता है जहां सूर्य का कोई प्रभाव नहीं रह जाता। सूर्य से निकलने वाले शक्तिशाली तूफान और कोरोनल मास इजेक्शन (सीएमई) का प्रभाव भी इतनी दूर तक पहुंच रहा है कि वॉयजर-1 के उपकरण उसे दर्ज कर रहे हैं। वैज्ञानिक उम्मीद कर रहे हैं कि अगर यान कुछ और साल काम करता रहा तो वह सूर्य के प्रभाव की वास्तविक सीमा और तारों के बीच मौजूद अंतरिक्ष की प्रकृति से जुड़े कई सवालों के जवाब दे सकता है।

सुदूर तारों तक यात्रा अभी दूर की कौड़ी

अगर धरती से प्रकाश की गति से कोई सिग्नल वॉयजर-1 की ओर भेजा जाए तो उसे वहां पहुंचने में करीब एक दिन लगेगा। इसी तरह वहां से भेजा गया संदेश भी पृथ्वी तक आने में लगभग 24 घंटे लेगा। इससे हम अंतरिक्ष की विशालता को समझ सकते हैं। नासा की वैज्ञानिक टिफनी कटारिया कहती हैं कि वैज्ञानिक दूसरे तारों के ग्रहों तक पहुंचने का सपना देखते हैं, लेकिन वॉयजर-1 को हमारे अपने सौरमंडल के बाहरी हिस्से तक पहुंचने में ही करीब 50 साल लग गए। दूसरे तारों के आसपास मौजूद कई ग्रह हमसे कम से कम कई प्रकाश वर्ष दूर हैं।

तीन-चार साल तक मिल सकते हैं सिग्नल

करीब पांच दशक पुराने इन अंतरिक्ष यानों के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती यह है कि इन तक बिजली की उपलब्धता सीमित है। ये परमाणु ऊर्जा आधारित सिस्टम से बिजली प्राप्त करते हैं। समय के साथ इनकी ऊर्जा उत्पादन क्षमता कम हो रही है। ऊर्जा बचाने के लिए नासा ने इनके कुछ उपकरण बंद कर दिए हैं। इनमें वॉयजर-1 के कैमरे भी शामिल हैं। दोनों यान अगले तीन से चार साल तक पृथ्वी से संपर्क में बने रहेंगे।समझने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस अभियान से बहुत कुछ सीखा

तारों के बीच की जगह को पहले खाली और शांत माना जाता था, लेकिन वॉयजर-1 ने वहां प्लाज्मा और सौर विस्फोटों से बनने वाली शॉक वेव्स का डेटा भेजा है। इसके अलावा लंबे मिशन चलाने का अनुभव मिला है। घटती बिजली और ठंड के बीच उपकरणों को चालू रखने और दूर से सॉफ्टवेयर सुधारने का अनुभव उपयोगी है। वॉयजर-1 के पुराने और नए आंकड़ों का विश्लेषण आगे आने वाले अभियानों की योजना बनाने में मदद कर सकते हैं।

और यान भी कर रहे हैं यात्रा

वॉयजर-1 एक प्रकाश वर्ष की दूरी पर पहुंच चुका है। वॉयजर-2 2035 तक वहां पहुंचेगा, लेकिन यह साफ नहीं है कि वह तब तक काम कर सकेगा या नहीं। इसके अलावा पायनियर-10 और 11 भी सौरमंडल से बाहर जा रहे हैं, लेकिन उनसे संपर्क टूट चुका है। पांचवां यान ‘न्यू होराइजन्स’ अभी कुइपर बेल्ट से होकर गुजर रहा है। यह नेपच्यून की कक्षा के बाहर बर्फीली वस्तुओं का एक बहुत बड़ा घेरा है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN