Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, ANI/Deepak Mhaskey
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 6 मिनट
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को पार्टी के सभी पदाधिकारियों की घोषणा की है.
इस घोषणा में नए राष्ट्रीय उपाध्यक्षों, महासचिवों, संयुक्त सचिवों, कोषाध्यक्ष और अलग-अलग मोर्चा के अध्यक्षों के नाम शामिल हैं.
बीजेपी ने 13 उपाध्यक्षों के नामों की घोषणा की है. इनमें वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव और प्रोफ़ेसर तारिक़ मंसूर जैसे नाम शामिल हैं.
वहीं, राष्ट्रीय महासचिव के लिए आठ नाम, राष्ट्रीय सचिव के लिए 16 नामों की घोषणा की गई है.
सात अलग-अलग मोर्चा अध्यक्षों में सबसे ज़्यादा चर्चा कुंवर बासित अली और हेमांग जोशी की है. कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा का और हेमांग जोशी को युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है.
नया सोशल मीडिया इंचार्ज दीपक म्हस्के को बनाया गया है जबकि इस पद पर अब तक चर्चित नेता अमित मालवीय थे.
कौन हैं दीपक म्हस्के
इमेज स्रोत, Vishnu Deo Sai/FB
रायपुर में बीबीसी के सहयोगी पत्रकार आलोक पुतुल बताते हैं कि कैमिस्ट्री के टीचर से अपने करियर की शुरुआत करने वाले 58 वर्षीय दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ में बीजेपी के प्रवक्ता रह चुके हैं.
इसके अलावा वो पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अधीन इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के बोर्ड में गैर-सरकारी, स्वतंत्र निदेशक के रूप में कार्यरत रहे हैं.
उन्हें पिछले साल छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज़ कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया और उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त है.
छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज़ कॉर्पोरेशन लिमिटेड राज्य के सरकारी अस्पतालों के लिए दवाइयों, सर्जिकल सामग्री और मेडिकल उपकरणों की ख़रीद व आपूर्ति से जुड़ी संस्था है.
हालांकि उनके कार्यकाल में दवाइयों, सर्जिकल सामग्री और मेडिकल उपकरणों की खरीद व आपूर्ति में गड़बड़ी के कई मामले सामने आए हैं लेकिन इनमें से अधिकांश मामलों में दीपक म्हस्के के निर्देश पर ही कार्रवाई हुई है.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया पर लिखा, “छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक म्हस्के जी को बीजेपी के सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.”
“आपकी संगठनात्मक क्षमता, सक्रियता और तकनीक के प्रभावी उपयोग से बीजेपी के विचारों एवं जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के महा अभियान को नई ऊर्जा मिलेगी.”
“हमें विश्वास है कि आपके नेतृत्व में संगठन का डिजिटल संवाद और अधिक प्रभावी एवं सशक्त होगा.”
अमित मालवीय ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
अमित मालवीय ने एक्स पर पोस्ट कर नए पदाधिकारियों को बधाई दी है. साथ ही सोशल मीडिया टीम को भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं.
उन्होंने लिखा, “बीजेपी के सभी नए बने पदाधिकारियों को बधाई. उनकी नियुक्ति ऐसे अहम मोड़ पर हुई है, जब पार्टी नई ऊंचाइयों को छूने और अपने संदेश और संगठन को देश के कोने-कोने तक ले जाने की तैयारी कर रही है.”
“मैं ख़ासतौर पर दीपक म्हस्के जी को बधाई देना चाहता हूं, जो मेरी जगह बीजेपी के सोशल मीडिया डिपार्टमेंट के हेड का काम संभालेंगे, और सह संयोजकों प्रीति गांधी जी, शिवानंद द्विवेदी जी, आलोक भट्ट जी और अरुण यादव जी को.”
“मुझे पिछले दस सालों में इन सभी के साथ मिलकर काम करने का मौका मिला है. मुझे पूरा भरोसा है कि उनकी लीडरशिप में बीजेपी का डिजिटल कम्युनिकेशन नए मुकाम हासिल करेगा और भरोसे, क्रिएटिविटी और साफगोई के साथ भारत के सार्वजनिक विमर्श को आकार देता रहेगा.”
“सोशल मीडिया पर बीजेपी के बड़े सपोर्ट बेस को बहुत-बहुत धन्यवाद, यह एक ऐसी कम्युनिटी है जो कमिटमेंट, एनर्जी और आइडिया से भरी हुई है. यह परिवार हर अच्छे-बुरे समय में साथ रहा है और भारत की पब्लिक बातचीत को नया आकार देने में अहम भूमिका निभाई है.”
“आप मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से और इस मकसद के लिए बहुत बड़ी ताकत रहे हैं. अपने 11 सालों के कार्यकाल में, मुझे आप में से कई लोगों से मिलने और बातचीत करने का मौका मिला है, और ये बातचीत हमेशा खास रहेगी.”
दो मुस्लिम चेहरे शामिल
इमेज स्रोत, FB/TARIQ MANSOOR
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की टीम में दो मुस्लिम चेहरे भी शामिल हैं और दोनों ही शख़्स उत्तर प्रदेश से संबंध रखते हैं.
पहला चेहरा उपाध्यक्ष के रूप में प्रोफ़ेसर तारिक़ मंसूर का है जबकि दूसरा चेहरा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुंवर बासित अली का है.
हालांकि, साल 2023 में ही प्रोफ़ेसर तारिक़ मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद दिया गया था. वो उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य हैं और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कुलपति रह चुके हैं.
वो 2017 के बाद से बुक्कल नवाब, मोहसिन रज़ा और दानिश आज़ाद अंसारी के बाद पार्टी की ओर से विधान परिषद में भेजे गए चौथे मुस्लिम सदस्य हैं.
उनके कुलपति रहते हुए अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में नागरिकता संशोधन क़ानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के ख़िलाफ़ प्रदर्शन हुए थे.
तब पहली बार कैंपस के अंदर पुलिस आई थी. विद्यार्थियों के पक्ष में नहीं खड़े होने को लेकर उनकी आलोचना की गई थी.
अल्पसंख्यक मोर्चा का नया अध्यक्ष
इमेज स्रोत, @danishazadbjp
बीजेपी ने सात अलग-अलग मोर्चों के लिए भी अध्यक्षों के नाम की घोषणा की है.
इसमें युवा मोर्चा के लिए हेमांग जोशी के नाम की घोषणा की गई है. अब तक इस पद पर बेंगलुरु से बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या था.
वहीं अल्पसंख्यक मोर्चा की ज़िम्मेदारी कुंवर बासित अली को दी गई है. अब तक इस पद पर जमाल सिद्दीक़ी थे.
उत्तर प्रदेश के मेरठ ज़िले से संबंध रखने वाले कुंवर बासित अली राज्य में बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके हैं.
कौन और चर्चित चेहरे
इमेज स्रोत, ANI
बीजेपी ने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की ज़िम्मेदारी पीयूष गोयल को दी है, इससे पहले इस पद पर राजेश अग्रवाल थे. संगठन के राष्ट्रीय महासचिव की ज़िम्मेदारी बीएल संतोष के पास ही है.
आठ राष्ट्रीय महासचिवों में स्मृति इरानी का नाम भी शामिल है. 16 राष्ट्रीय सचिवों में केरल से के सुरेंद्रन और अनिल एंटनी का नाम है.
सेंट्रल ऑफ़िस इंचार्ज के पद पर तरुण चुग, सेंट्रल ऑफ़िस सेक्रेटरी के पद पर महेंद्र पांडे, नॉर्थ ईस्ट कॉर्डिनेटर के पद पर संबित पात्रा और मीडिया संयोजक के पद पर अनिल बलूनी का नाम तय किया गया है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
SOURCE : BBC NEWS




