Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, Anshuman Poyrekar/Hindustan Times via Getty Images
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बयान जारी कर गृह मंत्री अमित शाह के आरोपों को सिरे से ख़ारिज किया और कहा कि भारत ने अपने यहां हुई कुछ गिरफ़्तारियों को पाकिस्तान से जोड़ने की कोशिश की है.
पाकिस्तान ने कहा कि भारत ने ये प्रचार अपनी घरेलू सुरक्षा चुनौतियों से ध्यान हटाने और राजनीतिक फ़ायदे के लिए पाकिस्तान को ज़िम्मेदार ठहराने के लिए किया है.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने सोमवार को कहा, “ऐसा प्रचार पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भारत के ग़लत अभियान का एक और उदाहरण है. भारत अपने आंतरिक सुरक्षा संकट से ध्यान भटकाने और घरेलू राजनीतिक हितों के लिए पाकिस्तान को ज़िम्मेदार ठहराने की कोशिश कर रहा है.”
उन्होंने कहा, “भारत ऐसा देश है जो अपने अल्पसंख्यकों पर बुरी तरह अत्याचार करता है और विरोध की आवाज़ों को दबाता है. भारत देश के बाहर आतंक फैला रहा है और आतंकवादियों की मदद कर रहा है.”
“पाकिस्तान ने बार-बार भारत के आतंकवाद और अस्थिरता पैदा करने वाली गतिविधियों में शामिल होने के सबूत साझा किए हैं. भारतीय नौसेना के दोषी ठहराए गए और सज़ा काट रहे पूर्व कमांडर कुलभूषण जाधव, पाकिस्तान में भारत के सीधे दख़ल और आतंकवाद में शामिल होने का साफ़ सबूत हैं.”
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा, “पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील करता है कि वह भारत के बिना आधार वाले आरोपों को ख़ारिज करे और क्षेत्र में भारत की ओर से प्रायोजित आतंकवाद के लिए उसे ज़िम्मेदार ठहराए.”
गौरतलब है कि गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि भारतीय सुरक्षा बलों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले 14 राज्यों में अभियान चलाकर पाकिस्तान स्थित ‘आईएसआई -समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क’ को खत्म कर दिया है और 200 से अधिक ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार किया है.
SOURCE : BBC NEWS




