Source :- LIVE HINDUSTAN
रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी को अमेरिका में उनके सामाजिक कार्यों के लिए एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिला है। उन्हें फ्लोरिडा के टैम्पा शहर में आयोजित एक समारोह में अमेरिकन एसोसिएशन ऑफ फिजिशियंस ऑफ इंडियन ओरिजिन (AAPI) की ओर से (AAPI Humanitarian Award) से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, संस्कृति और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके लंबे समय से किए जा रहे योगदान को देखते हुए दिया गया है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
इस मौके पर टैम्पा शहर की मेयर जेन कास्टर ने नीता अंबानी को ‘Key to the City of Tampa’ भी भेंट की। यह अमेरिका के सबसे प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों में से एक माना जाता है। यह सम्मान उन लोगों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज पर सकारात्मक और स्थायी प्रभाव छोड़ा हो। इसका अर्थ यह भी है कि शहर उस व्यक्ति का खास सम्मान और स्वागत करता है।
द इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक, नीता अंबानी ने रिलायंस फाउंडेशन के जरिए देशभर में कई बड़े सामाजिक अभियान चलाए हैं। फाउंडेशन ने स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, आपदा राहत, खेलों को बढ़ावा देने और भारत की कला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण काम किया है। इन पहलों से लाखों लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिला है।
इस सम्मान के साथ एक बार फिर यह साबित हुआ है कि नीता अंबानी की समाजसेवा और परोपकार की पहल को अब केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में भी पहचान मिल रही है। एक्सपर्ट का मानना है कि यह पुरस्कार वैश्विक स्तर पर भारत की सामाजिक पहलों और परोपकारी नेतृत्व को भी नई पहचान दिलाने वाला है।
AAPI अमेरिका में भारतीय मूल के डॉक्टरों का सबसे बड़ा संगठन है। यह संस्था हर साल उन लोगों को सम्मानित करती है, जिन्होंने समाज और मानवता की सेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। नीता अंबानी को मिला यह सम्मान उनके वर्षों से किए जा रहे सामाजिक कार्यों और मानव कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण माना जा रहा है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




