Home LIFESTYLE NEWS HINDI अलर्ट! WHO ने बताई कैंसर पैदा करने वाली टॉप 10 चीजें, नंबर...

अलर्ट! WHO ने बताई कैंसर पैदा करने वाली टॉप 10 चीजें, नंबर 1 भारत में है पॉपुलर

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Cancer Causes: ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ वर्तिका ने टॉप 10 चीजों की लिस्ट शेयर की है, जो कैंसर पैदा करने के सबसे बड़े कारण हैं। WHO के तहत भी इन्हें ग्रुप 1 कार्सिनोजेन की श्रेणी में रखा गया है।

कैंसर दुनिया की सबसे गंभीर बीमारियों में से एक है। इसका नाम सुनते ही लोगों में दहशत बैठ जाती है। चिंता वाली बात है कि इसके मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में लोग अक्सर सवाल करते हैं कि कैंसर पैदा करने वाली चीजें कौन सी हैं। इन्हें ‘कार्सिनोजेन’ यानी कैंसर पैदा करने वाले तत्व कहा जाता है। लंबे समय तक अगर इनके सम्पर्क में रहा जाए तो कैंसर होने के चांस काफी बढ़ जाते हैं। ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. वर्तिका विश्वानी ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए टॉप 10 कार्सिनोजेन के बारे में बताया है, जिन्हें विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ग्रुप 1 की श्रेणी में रखता है। हैरानी की बात है कि इनमें से कई चीजें हमारी डेली लाइफ का भी हिस्सा हैं। तो आइए जानते हैं ये टॉप 10 कैंसर पैदा करने वाली चीजें क्या हैं-

नंबर 10- सूरज की यूवी किरणें

ऑन्कोलॉजिस्ट इस लिस्ट में नंबर 10 पर सूरज से निकलने वाली हानिकारक पराबैंगनी किरणें यानी यूवी रेडिएशन को रखती हैं। डॉक्टर कहती हैं कि लंबे समय तक इनके सम्पर्क में रहने से स्किन पर टैनिंग बैड्स बन जाते हैं, जो कुछ मामलों में कैंसर का कारण भी बन सकते हैं। इसलिए सनस्क्रीन अप्लाई करना बहुत जरूरी माना जाता है।

नंबर 9- अफ्लाटॉक्सिन (Aflatoxin)

डॉक्टर बताती हैं कि ये तत्व आमतौर पर स्टोर कर के रखे हुए अनाजों में बनता है। खासकर बरसात के मौसम में जब आप गेहूं, मूंगफली या किसी अनाज को स्टोर कर के रखते हैं और उसपर किसी तरह की ग्रोथ हो रही है; तो उसे खाना अवॉइड करें। इसमें अफ्लाटॉक्सिन रिलीज हो सकता है, जो कैंसर का खतरा बढ़ा सकता है।

नंबर 8- प्रोसेस्ड मीट

मार्केट में मिलने वाला प्रोसेस्ड मीट खाना भी अवॉइड करना चाहिए। WHO के तहत इसे ग्रुप 1 कार्सिनोजेन में रखा गया है। इसमें सॉसेज, बेकन, सलामी, हॉट डॉग और हैम जैसी चीजें शामिल हैं।

नंबर 7- वायु प्रदूषण

वायु प्रदूषण भी कैंसर पैदा करने वाले मुख्य कारकों में से एक है। डॉक्टर सलाह देती हैं कि बाहर निकलने पर N-95 मास्क लगाएं और घर में एयर प्यूरीफायर लगाने को गंभीरता से लें।

नंबर 6- हेपेटाइटिस बी और सी (Hepatitis B and Hepatitis C)

हेपेटाइटिस बी और सी ऐसे वायरस हैं, जो लिवर को संक्रमित करते हैं। अगर ये इन्फेक्शन लंबे समय तक बना रहे तो लिवर कैंसर का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

नंबर 5- ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV)

ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) एक कॉमन वायरस है, जिसके लंबे समय तक बने रहने से सर्वाइकल कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। डॉ वर्तिका कहती हैं कि कैंसर के खतरे को कम करने के लिए वैक्सीन लगवाना बेहद जरूरी है। साथ ही नियमित स्क्रीनिंग समय रहते हो रहे बदलावों का पता लगाने में मदद करती है।

नंबर 4- अल्कोहल

अल्कोहल कंज्यूम करना कैंसर के सबसे बड़े कारकों में से एक है। जो लोग जितना ज्यादा ड्रिंक करते हैं, उनमें उतना ज्यादा कैंसर का रिस्क बढ़ जाता है।

नंबर 3- पैसिव स्मोकिंग

डॉ वर्तिका कहती हैं कि अगर आप स्मोकिंग नहीं भी करते हैं, लेकिन किसी ऐसे व्यक्ति के संपर्क में रहते हैं जो स्मोकिंग करता है; तो कैंसर का रिस्क आप में भी बढ़ जाता है। इसे ही पैसिव स्मोकिंग कहा जाता है, जब आप बिना धूम्रपान किए ही स्मोक के संपर्क में आते हैं।

नंबर 2- तंबाकू

ये बात हम सभी जानते हैं कि तंबाकू का नियमित सेवन कैंसर के सबसे बड़े कारणों में से एक है। तंबाकू खाने से गले, मुंह, फेफड़े, भोजन नली और कई अन्य तरह के कैंसर होने का रिस्क काफी ज्यादा बढ़ जाता है। अगर आप सिगरेट, बीड़ी, हुक्का, खैनी या गुटखा जैसे किसी भी आइटम का सेवन कर रहे हैं, तो आज ही बंद कर दें।

नंबर 1- सुपारी

बहुत से लोग सुपारी को डेली बेसिस पर खाते हैं। उन्हें लगता है कि ये तंबाकू या सिगरेट जितनी खतरनाक नहीं है, लेकिन ये धारणा पूरी तरह गलत है। डॉ वर्तिका कहती हैं कि सुपारी को घंटों मुंह में रखने से ओरल सबम्यूकस फाइब्रोसिस डेवलप हो जाता है, जो कैंसर को जन्म दे सकता है।

नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN