Source :- LIVE HINDUSTAN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से देशभर के करोड़ों किसानों के लिए एक बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं। इस दिन प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना की 23वीं किस्त जारी की जा सकती है। इसके तहत 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में सीधे लगभग 18,880 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से किसानों तक पहुंचेगी। केंद्र सरकार का मानना है कि यह कदम किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने और खेती-किसानी को और अधिक लाभकारी बनाने में मदद करेगा। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम केवल पीएम-किसान की किस्त तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कृषि, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन, पशुपालन, डिजिटल कृषि और रेलवे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत भी इसी मंच से की जाएगी। इससे पश्चिम बंगाल समेत पूरे देश के किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
पश्चिम बंगाल के किसानों के लिए यह कार्यक्रम खास मायने रखता है। राज्य के 45 लाख से अधिक किसानों को इस किस्त के तहत करीब 907 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे। इसके बाद पश्चिम बंगाल में पीएम-किसान योजना के तहत वितरित कुल राशि 15 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक हो जाएगी। वहीं, 2019 में योजना शुरू होने के बाद देशभर के किसानों को मिलने वाली कुल सहायता राशि 4.46 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर जाएगी।
इस मौके पर प्रधानमंत्री फसल सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना (RWBCIS) का भी शुभारंभ करेंगे। लगभग 12,200 करोड़ रुपये की लागत वाली इन योजनाओं का लक्ष्य 2026-27 में 1.10 करोड़ किसानों को बीमा सुरक्षा प्रदान करना है। इससे करीब 30 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि और 28 हजार करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की फसलों को सुरक्षा मिलेगी।
कृषि क्षेत्र को आधुनिक बनाने की दिशा में भी एक बड़ा कदम उठाया जाएगा। डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत एक नया एग्रीटेक प्लेटफॉर्म लॉन्च किया जाएगा। यह प्लेटफॉर्म किसानों को उर्वरक वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड, डीबीटी लाभ, एमएसपी खरीद और अन्य सरकारी सेवाओं को एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराएगा। इससे किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पाने में आसानी होगी और प्रक्रियाएं अधिक पारदर्शी बनेंगी।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन की शुरुआत भी की जाएगी। इसके तहत पश्चिम बंगाल में 346 प्राकृतिक कृषि क्लस्टर बनाए जाएंगे, जिनसे 43 हजार से अधिक किसानों को फायदा मिलने की संभावना है। साथ ही धन-धान्य कृषि योजना के माध्यम से पुरुलिया, दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार और झाड़ग्राम जैसे जिलों में कृषि उत्पादकता बढ़ाने, फसल विविधीकरण और भंडारण सुविधाओं को मजबूत करने पर काम किया जाएगा।
ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 49 नई सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। 315 किलोमीटर से अधिक लंबी ये सड़कें ग्रामीण इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी। मत्स्य पालन क्षेत्र में आधुनिक मछली बंदरगाह और अत्याधुनिक फिश मार्केट का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे मछुआरों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
पशुपालन क्षेत्र को भी नई ताकत मिलेगी। नादिया जिले में स्थापित क्षेत्रीय सीमन उत्पादन प्रयोगशाला और बकरी सीमन बैंक का उद्घाटन किया जाएगा, जो पूर्वी भारत की अपनी तरह की पहली सुविधा होगी। इससे पशुधन की नस्ल सुधार और दूध व मांस उत्पादन में वृद्धि होने की उम्मीद है।
कैसे चेक करें किस्त का स्टेटेस?
पीएम किसान योजना का ताजा स्टेटस चेक करने के लिए सबसे पहले आपको ऑफिशियल वेबसाइट https://pmkisan.gov.in/ पर जाना होगा। इसके बाद पेज के दाईं ओर दिए गए Know Your Status टैब पर क्लिक करना होगा। इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर डालें, कैप्चा कोड भरें और ‘Get Data’ ऑप्शन चुनें। आपका बेनिफिशियरी स्टेटस स्क्रीन पर आ जाएगा। यहां आपको आपकी अब तक की किस्त से जुड़ी डिटेल दिख जाएंगी।
इसके अलावा लगभग 591 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया जाएगा। इनमें रेलवे अस्पताल, रोड ओवरब्रिज और नई रेल लाइन जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। कुल मिलाकर प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा किसानों, ग्रामीणों, मछुआरों, पशुपालकों और आम लोगों के लिए विकास की नई संभावनाएं लेकर आने वाला माना जा रहा है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




