Source :- LIVE HINDUSTAN
बेरूत के दाहियेह में इजरायल के हमले के कुछ घंटों बाद ईरान ने कहा कि जायोनी शासन को जल्द ही निर्णायक और बेहद दर्दनाक परिणाम भुगतने पड़ेंगे। ईरानी संसदीय राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रवक्ता इब्राहिम रेज़ाई ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि आज रात कब्जे वाले इलाकों के ऊपर आसमान को देखिए।
इजरायल द्वारा दक्षिणी बेरूत के हिजबुल्लाह गढ़ दाहियेह पर किए गए हमले के कुछ घंटों बाद ईरान ने इजरायल को कड़ी चेतावनी दी है। ईरानी संसदीय राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने कहा कि ‘जायोनी शासन’ को जल्द ही निर्णायक और दर्दनाक परिणाम भुगतने पड़ेंगे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इब्राहिम रेजाई ने लिखा कि हम दाहियेह पर जायोनी शासन द्वारा किए गए हमले का निर्णायक और करारा जवाब देंगे। इन हिंसक कुत्तों को सबक सिखाना होगा। आज रात कब्जे वाले इलाकों के ऊपर आसमान को देखिए।
बता दें कि यह चेतावनी इजरायल-हिजबुल्लाह के बीच पहले से चले आ रहे नाजुक युद्धविराम को और अधिक तनावपूर्ण बनाने वाली है। लेबनान में फिर से पूर्ण पैमाने पर लड़ाई छिड़ने की आशंकाएं बढ़ गई हैं।
इजरायल का हमला
रॉयटर्स के अनुसार, उत्तरी इजरायल पर रॉकेट दागे जाने के बाद इजराइली सेना ने बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में हिजबुल्लाह के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने इसे लेबनान से हुई गोलीबारी का जवाब बताया। दिन में उत्तरी इजरायल में सायरन बजने के बाद सेना ने दो मिसाइलों को रोकने की जानकारी दी। हालांकि हिजबुल्लाह ने सीमा पार रॉकेट दागने की जिम्मेदारी नहीं ली है।
वहीं, लेबनान के सरकारी मीडिया के मुताबिक, इस हमले में दो लोग मारे गए और 11 घायल हुए। दाहियेह में हाल ही में लौटे कई निवासी नए इजरायली हमलों की आशंका में फिर से इलाका छोड़ रहे हैं। इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान के टायर शहर और आसपास के इलाकों के कुछ हिस्सों के लिए निकासी की चेतावनी जारी की है। यह हमला 16 अप्रैल को अमेरिका समर्थित युद्धविराम की घोषणा के बाद दाहियेह पर सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है। युद्धविराम के बावजूद दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमले जारी रखे हुए हैं।
क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनबीसी को दिए साक्षात्कार में हिजबुल्लाह के खिलाफ और अधिक केंद्रित सैन्य कार्रवाई का आह्वान किया। ट्रंप ने कहा कि मैं लेबनान में बेहतर जीवन देखना चाहता हूं। मुझे लगता है कि हिजबुल्लाह के खिलाफ और अधिक सटीक हमले होने चाहिए।
बता दें कि ईरान हिजबुल्लाह का सबसे करीबी सहयोगी है और वर्षों से उसे राजनीतिक व सैन्य समर्थन देता रहा है। तेहरान ने पहले भी चेतावनी दी थी कि लेबनान पर हमले से क्षेत्रीय स्थिरता और अमेरिका के साथ शांति वार्ता प्रभावित होगी। दूसरी ओर लेबनानी स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, 2 मार्च से चल रहे इजरायली सैन्य अभियानों में अब तक कम से कम 3,613 लोग मारे जा चुके हैं और बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हुए हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







