Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- एक और बड़ा आईपीओ लॉन्च होने वाला है
- अक्टूबर में जियो प्लेटफॉर्म्स ने करीब 30,188 करोड़ रुपये का आईपीओ पेश किया था
- नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का करीब 22,562 करोड़ रुपये का आईपीओ सितंबर में आया था
रिलायंस जियो और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के बाद अब एक और बड़ा आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लॉन्च होने वाला है। यह आईपीओ कोल इंडिया की सहायक कंपनी महानदी कोलफील्ड्स (Mahanadi Coalfields) का है। ऐसा माना जा रहा है कि यह आईपीओ करीब 1 अरब डॉलर यानी लगभग 9,000 करोड़ रुपये का हो सकता है। इस इश्यू के जरिए कंपनी का मूल्यांकन 10 अरब डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है।
Jio और NSE के बाद एक और बड़ा IPO
बता दें कि अक्टूबर में रिलायंस इंडस्ट्रीज की टेलीकॉम कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स ने करीब 30,188 करोड़ रुपये का आईपीओ पेश किया था। यह इश्यू 22 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ और कंपनी ने 28 अक्टूबर को शेयर बाजार में कारोबार शुरू किया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का करीब 22,562 करोड़ रुपये का आईपीओ सितंबर में आया था। इसे 5.7 गुना सब्सक्रिप्शन मिला और इसकी लिस्टिंग 24 सितंबर को हुई।
आईपीओ की डिटेल
प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित होगा। इसमें कंपनी की प्रवर्तक कोल इंडिया लिमिटेड 66,18,36,300 तक इक्विटी शेयर बेचेगी। चूंकि यह पूरी तरह बिक्री पेशकश है, इसलिए इश्यू से महानदी कोलफील्ड्स को कोई राशि नहीं मिलेगी और पूरी रकम शेयर बेचने वाली कंपनी कोल इंडिया के पास जाएगी। कंपनी के ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के मुताबिक कोल इंडिया अधिकतम 66.18 करोड़ शेयर बेचेगी।
यह महानदी कोलफील्ड्स की कुल हिस्सेदारी का 10 फीसदी है। फिलहाल कंपनी में कोल इंडिया की 100 फीसदी हिस्सेदारी है। आईपीओ के लिए SBI कैपिटल मार्केट्स, Axis कैपिटल, BOB कैपिटल मार्केट्स, IDBI कैपिटल मार्केट & सिक्योरिटीज और IIFL कैपिटल मार्केट्स को बुक रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक आईपीओ की कीमत, प्राइस बैंड और लॉट साइज की जानकारी नहीं दी है।
कंपनी के बारे में
महानदी कोलफील्ड्स की स्थापना 1992 में हुई थी। ओडिशा में मुख्य रूप से काम करने वाली यह कंपनी उत्पादन के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी है। यह कोल इंडिया की भी सबसे बड़ी उत्पादक सहायक कंपनी है। वित्त वर्ष 2025-26 में महानदी कोलफील्ड्स ने 218.31 मिलियन टन कोयले का उत्पादन किया। यह देश के कुल नॉन-कोकिंग कोयला उत्पादन का करीब 22.4 फीसदी था। इसी दौरान कंपनी ने कोल इंडिया के कुल कोयला उत्पादन में लगभग 28.3 फीसदी योगदान दिया। कंपनी मुख्य रूप से ओडिशा के तलचर और इब वैली कोलफील्ड्स में खनन करती है। 30 जून तक इसके पास 17 खदानें थीं। इनमें 14 ओपनकास्ट और तीन भूमिगत खदानें शामिल हैं। कंपनी का कोयला बिजली संयंत्रों के अलावा सीमेंट और स्पंज आयरन जैसे उद्योगों को भी सप्लाई किया जाता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




