Home rss world hindi इमरान खान की पूर्व बेगम ने फिर बसाया घर, तलाक के 22...

इमरान खान की पूर्व बेगम ने फिर बसाया घर, तलाक के 22 साल बाद दूसरी शादी; 52 की उम्र में कौन बना हमसफर?

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इमरान खान की पूर्व पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ ने 52 साल की उम्र में दूसरी शादी कर ली है। उन्होंने 62 साल के आयरिश-ऑस्ट्रेलियाई करोड़पति कैमरन ओ’रेली से शादी की है।

इमरान खान की पूर्व बेगम जेमिमा गोल्डस्मिथ ने 52 साल की उम्र में दूसरी शादी कर ली है। उनके परिवार ने इस बात की पुष्टि की है। जेमिमा ने 62 साल के आयरिश-ऑस्ट्रेलियाई करोड़पति कैमरन ओ’रेली से शादी की है। यह शादी उनके पहले पति पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से तलाक के 22 साल बाद हुई है। दोनों का तलाक 2004 में हुआ था। हालांकि शादी की खबर खुद नवविवाहित जोड़े ने नहीं दी।

इसकी पुष्टि जेमिमा की भाभी जेमिमा जोन्स ने की। जेमिमा जोन्स की शादी जेमिमा के भाई बेन गोल्डस्मिथ से हुई है। उन्होंने 13 सितंबर को इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की। तस्वीर में एक आलीशान घर, सजा हुआ हरा लॉन और कमल वाला तालाब दिख रहा था। कैप्शन में उन्होंने लिखा है कि जेमिमा और कैमरन की शादी का जश्न मना रही हूं, अपने पसंदीदा साथी के साथ। कितना खुशी का दिन है!

निजी समारोह में शादी

डेली मेल की 13 सितंबर की रिपोर्ट के अनुसार, जेमिमा और कैमरन ने एक निजी समारोह में शादी रचाई। यह कार्यक्रम बहुत चुपचाप हुआ। मीडिया को पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों की मुलाकात फिल्म और डॉक्यूमेंट्री बनाने के काम के दौरान हुई थी। उस प्रोजेक्ट में कैमरन कार्यकारी निर्माता यानी एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर थे। पहले दोनों के बीच दोस्ती बनी, फिर धीरे-धीरे रिश्ता बढ़ा। रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि शादी से पहले वे एक साल से ज्यादा समय से चुपचाप एक-दूसरे को डेट कर रहे थे।

बता दें कि कैमरन ओ’रेली ऑक्सफोर्ड से पढ़े हैं। वे दिवंगत आयरिश मीडिया दिग्गज सर एंथोनी ओ’रेली के बेटे हैं। खबरों के मुताबिक, उन्होंने पहले ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी मीडिया कंपनियों में से एक एपीएन न्यूज एंड मीडिया के मुख्य कार्यकारी यानी सीईओ के रूप में काम किया था। यह कंपनी अब एआरएन मीडिया के नाम से जानी जाती है। इसके बाद उन्होंने निजी इक्विटी फर्म बेयार्ड कैपिटल की स्थापना की। कैमरन की पिछली शादी से चार बच्चे हैं।

1995 में इमरान खान से हुई थी शादी

बता दें कि जेमिमा की पहली शादी 1995 में इमरान खान से हुई थी। उस समय जेमिमा सिर्फ 21 साल की थीं और इमरान खान 42 साल के। इमरान तब क्रिकेट की दुनिया में बहुत बड़े नाम थे और राजनीति में कदम रख रहे थे। दोनों की उम्र में बड़ा फर्क था। संस्कृति भी अलग थी। इसी वजह से जेमिमा के माता-पिता शुरू में इस रिश्ते को लेकर चिंतित बताए जाते थे। इस दंपति के दो बेटे भी हुए- सुलेमान ईसा और कासिम। जून 2004 में दोनों का तलाक हो गया। तलाक के बाद जेमिमा अपने बच्चों के साथ लंदन लौट आईं। वहां उन्होंने डॉक्यूमेंट्री निर्माता और पटकथा लेखक के रूप में अपना करियर बनाया।

जेमिमा दिवंगत अरबपति फाइनेंसर सर जेम्स गोल्डस्मिथ और लेडी एनाबेल गोल्डस्मिथ की बेटी हैं। लेडी एनाबेल लंदन की बहुत जानी-मानी सोशलाइट थीं। मेफेयर स्थित मशहूर नाइटक्लब ‘एनाबेल्स’ उन्हीं के नाम पर है। लेडी एनाबेल का निधन करीब एक साल पहले हुआ था। सर जेम्स का निधन 1997 में हो गया था। बताया जाता है कि जेमिमा लंबे समय से राजनीति, मीडिया और समाज सेवा के कामों से जुड़ी रही हैं। उनका पूरा नाम जेमिमा मार्सेल गोल्डस्मिथ है। गौरतलब है कि जेमिमा ने अपनी पहली शादी के बाद से अपना निजी जीवन काफी हद तक छिपाकर रखा है। अपनी दूसरी शादी पर उन्होंने अभी तक सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN