Source :- LIVE HINDUSTAN

खट्टी-खट्टी इमली आपने खूब खाई होगी लेकिन क्या कभी उसका बीज खाया है। इमली का बीज भी काफी फायदेमंद होता है और आयुर्वेद में इसके कई फायदे बताए गए हैं। चलिए आज कुछ फायदे आप भी जान लीजिए।

आपने वो कहावत सुनी होगी आम के आम गुठलियों के भी दाम, बस वही कहावत इमली के साथ फिट बैठती है। इमली खाने के बाद अक्सर हम बीज फेंक देते हैं, जबकि इसके बीज बादाम की ताकत के बराबर होते हैं। जिन बीजों को आप बेकार समझकर फेंक देते हैं, उसके अंदर प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, पॉलीसेकेराइड, कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटेशियम, फास्फोरस, विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। आयुर्वेदिक डॉक्टर रॉबिन शर्मा का कहना है कि इमली के बीज आपकी शरीर की कई समस्याओं को जड़ से खत्म कर सकता है, बस इसे सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए। तो चलिए आज हम आपको इमली के बीजों के खास फायदों के बारे में बताते हैं और इन्हें इस्तेमाल करने का तरीका भी।

दो तरह की होती है इमली

डॉक्टर के मुताबिक, इमली भी दो तरह की होती है एक देसी इमली जो हर जगह आसानी से मिल जाती है। दूसरी पहाड़ी इमली जो सिर्फ पहाड़ी क्षेत्रों में मिलती है और इसके बीज सामान्य से थोड़े बड़े होते हैं। दोनों ही इमली के बीज ताकतवर और फायदेमंद होते हैं। आज हम आपको देसी इमली के फायदों के बारे में बताएंगे।

देसी इमली के बीज के 7 चौंकाने वाले फायदे

  • 1- पाचन शक्ति करे दुरुस्त-
  • इमली के बीज का पाउडर बनाकर खाने से पाचन शक्ति बेहतर होती है और पेट से जुड़ी समस्याएं भी खत्म हो जाती हैं। इसके बीज गैस, कब्ज और एसिडिटी की समस्या को दूर करते हैं।
  • 2- जोड़ों के दर्द में राहत-
  • आयुर्वेद में ऐसा माना जाता है कि इमली के बीज को पीसकर उसका लेप लगाने से गठिया या जोड़ों के दर्द में राहत मिलती है। इसमें मौजूद तत्व दर्द में आराम दिलाने में मदद करेंगे।
  • 3- इम्यूनिटी के लिए अच्छा-
  • विटामिन सी से युक्त इमली के बीज इम्यूनिटी भी बूस्ट करते हैं। इसका चूरण बनाकर खा सकते हैं या फिर पानी में घोलकर भी लोग पीते हैं।
  • 4- वेट लॉस में करेगा मदद-
  • फाइबर से युक्त इमली के बीज आपका वजन घटाने में भी मददगार साबित होंगे। डॉक्टर का कहना है कि इसमें ऐसे तत्व होते हैं, जो पेट की चर्बी को गलाते हैं।
  • 5- स्पर्म काउंट बढ़ाए-
  • डॉक्टर का मानना है कि इमली के बीज में ऐसे तत्व पाए जाते हैं, जो सेक्स पावर के साथ स्पर्म काउंट भी बढ़ाने में मददगार होते हैं। इसे खाने से शरीर में ताकत आती है।
  • 6- स्किन के लिए-
  • चर्म रोगों में भी इमली का बीज फायदा करता है। आयुर्वेदिक डॉक्टर का कहना है कि नींबू के साथ इसका पाउडर मिलाकर लगाने से चर्म रोगों से राहत मिलती है।
  • 7- फोड़ा-फुंसी-
  • अगर फोड़ा-फुसी बार-बार होता है या जल्दी फूटता नहीं है, तो इसके बीज के पाउडर को पोटली में बांध लें और हल्का गर्म करें। फिर दाने वाली जगह पर सिकाई करें, ऐसा करने से वह पककर निकल जाएगा।

इमली के बीज का पाउडर कैसे बनाएं

इमली के बीजों को धूप में 1-2 दिन सुखा लें और फिर उन्हें फोड़ लें। उसके अंदर सफेद रंग की गिरी निकलेगी उसे ही पीसकर पाउडर बना लें। ऊपर वाली परत सिर्फ छिलका होती है, उसे फेंक सकते हैं।

नुकसान भी होते हैं

इमली के बीज के फायदे तो आपने सुन लीजिए अब नुकसान भी जान लीजिए। आयुर्वेद में इसके फायदे लिखे हैं लेकिन साथ में ज्यादा सेवन करने के नुकसान भी होते हैं-

-इमली के बीज के पाउडर ज्यादा खाने से आपका ब्लड प्रेशर एकदम से कम हो सकता है। लो बीपी होने के कारण सेहत बिगड़ सकती है।

-अगर आप किसी बीमारी की दवा ले रहे हैं और साथ में इसे खाते हैं। तो ये सेहत के लिए खतरा बन सकती है।

– ब्रेस्टफीडिंग के दौरान इमली के बीज खाने की गलती कभी न करें। ऐसे में ये मां और बच्चे दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

– एलर्जी की समस्या भी इमली के बीज से हो सकती है। दाने, रैशेस, रेडनेस, खुजली हो तो फौरन डॉक्टर को दिखाएं।

नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN