Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- NBCC Limited Share price: इस सरकारी कंपनी के पास 1.26 लाख करोड़ रुपये का काम है
- शेयरों का दाम 100 रुपये से भी कम है
NBCC Limited Share price: पब्लिक सेक्टर की कंपनी एनबीसीसी लिमिटेड की कुल ऑर्डर बुक चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में बढ़कर 1.26 लाख करोड़ रुपये हो गई। कंपनी को दूसरी छमाही में अधिक ठेके मिलने की उम्मीद है। एनबीसीसी लिमिटेड पीएमसी और इंजीनियरिंग, खरीद एवं निर्माण (ईपीसी) तथा रियल एस्टेट कारोबार में सक्रिय है। कल सोमवार को कंपनी के शेयर 2 प्रतिशत की तेजी के बाद बीएसई में 80.40 रुपये के स्तर पर था।
शेयरों का प्रदर्शन कैसा है?
शेयर बाजार में यह कंपनी भी संघर्ष कर रही है। एक साल में पीएसयू स्टॉक का दाम 29 प्रतिशत लुढ़क चुका है। इस दौरान सेंसेक्स इंडेक्स में 2.54 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। दो साल में स्टॉक की कीमतों में 17 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की जा चुकी है।
इइस गिरावट के बाद भी पोजीशनल निवेशक खुश हैं। 3 साल में स्टॉक की कीमतों में 79 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है। 5 साल में एनबीसी लिमिटेड के शेयरों का दाम 154 प्रतिशत बढ़ा है। जोकि सेंसेक्स इंडेक्स के 34 प्रतिशत के रिटर्न की तुलना में काफी अधिक है।
कंपनी के सीएमडी ने क्या कहा?
कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) के. पी. महादेवस्वामी ने विश्लेषकों से कहा, ‘एनबीसीसी की एकल आधार पर ऑर्डर बुक 1,12,000 करोड़ रुपये और एकीकृत आधार पर 1,26,000 करोड़ रुपये है।’ कंपनी ने शेयर बाजारों को दी गई सूचना में मंगलवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में एकीकृत आधार पर 3,600 करोड़ रुपये के नए ठेके हासिल किए।
बिहार और बंगाल सरकार के साथ बातचीत जारी
महादेवस्वामी ने कहा कि कंपनी बिहार और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्य सरकारों के साथ बातचीत कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी (अक्टूबर-मार्च) छमाही में कंपनी को बड़े ठेके मिलेंगे।
नेट प्रॉफिट में उछाल
इस महीने की शुरुआत में एनबीसीसी ने बताया था कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसका नेट प्रॉफिट 34 प्रतिशत बढ़कर 209.84 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 156.68 करोड़ रुपये था।
(भाषा के इनपुट के साथ)
(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




