Home World News hindi ईरान के लिए गुड न्यूज, अरबों की संपत्ति पर लगेगा ताला खोलने...

ईरान के लिए गुड न्यूज, अरबों की संपत्ति पर लगेगा ताला खोलने का ठप्पा; जेडी वैंस ने दिए संकेत

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Iran US Talk: उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने सोमवार को कहा कि अमेरिका ईरान की कुछ संपत्तियों को अनफ्रीज करने पर विचार कर सकता है। उन्होंने ईरान के साथ चल रही शांति वार्ता को फरवरी के अंत से जारी युद्ध समाप्त करने की दिशा में सफल अंतिम समझौते की मजबूत नींव बताया।

ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव और वार्ता के बीच उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका ईरान की कुछ संपत्तियों को अनफ्रीज करने पर विचार कर सकता है। उन्होंने ईरान के साथ चल रही शांति वार्ता को फरवरी के अंत से जारी युद्ध समाप्त करने की दिशा में ‘सफल अंतिम समझौते की मजबूत नींव’ बताया है। वैंस ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अंतिम समझौता अभी बाकी है। हमने नींव जरूर रख दी है, लेकिन घर अभी बनाना बाकी है। फिर भी, अमेरिकी लोगों के हित में हमने एक बेहतर मुकाम हासिल करने की दिशा में सफल प्रगति की है।

ये टिप्पणियां वैंस और ईरान के संसदीय स्पीकर मोहम्मद बगेर गालिबाफ के बीच सोमवार को हुई लंबी प्रारंभिक वार्ता के बाद आई हैं। दोनों पक्षों का मकसद दोनों देशों के बीच युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करना है। स्विट्जरलैंड में रविवार से शुरू हुई मध्यस्थता वार्ता में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले, लेकिन अंत में दोनों पक्षों के बीच कुछ महत्वपूर्ण समझौते भी हुए।

बातचीत में उपराष्ट्रपति वैंस ने संकेत दिया कि अमेरिकी प्रशासन ईरानी संपत्तियों को अनफ्रीज कर सकता है, ताकि ईरान अमेरिकी सोया, मक्का और गेहूं खरीद सके। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और प्रमुख वार्ताकार जेरेड कुशनर ने कतर के अधिकारियों के साथ मिलकर यह प्रस्ताव रखा था। वैंस ने स्पष्ट किया कि कतर इस प्रक्रिया को मंजूरी देगा और प्रतिबंध हटने के बाद उपलब्ध ईरानी धन का इस्तेमाल ‘केवल ईरानी लोगों के लाभ’ के लिए अमेरिकी कृषि उत्पादों की खरीद में किया जाएगा।

वार्ता के बीच चुनौतियां बरकरार

पाकिस्तान और कतर के मध्यस्थों ने संयुक्त बयान में कहा कि उच्च स्तरीय वार्ता समाप्त हो गई है, जबकि तकनीकी वार्ता इस सप्ताह स्विट्जरलैंड में जारी रहेगी। मध्यस्थों ने प्रगति को ‘उत्साहजनक’ करार दिया। एक वरिष्ठ अमेरिकी राजनयिक ने बताया कि होर्मुज स्ट्रेट को खुला रखने और दक्षिणी लेबनान में इजरायल व ईरान समर्थित हिजबुल्लाह के बीच युद्धविराम बनाए रखने के लिए ‘तंत्र’ बनाने पर भी सहमति बनी है।

वार्ता के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के तीखे बयानों से ईरानी पक्ष नाराज हो गया। एक समय वार्ता रोक भी दी गई थी। हालांकि, ईरानी प्रतिनिधि डटे रहे और बातचीत जारी रही। वार्ता से पहले ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने यूरेनियम संवर्धन के अधिकार पर अडिग रहने की बात कही। ट्रंप ने ईरान पर कब्जे की धमकी भी दी थी। सोशल मीडिया पर ट्रंप ने चेतावनी देते हुए लिखा कि ईरान को लेबनान में अपने गुर्गों द्वारा गड़बड़ी बंद करनी होगी, वरना हम और भी कड़ा प्रहार करेंगे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN