Source :- LIVE HINDUSTAN

पुदीना एक बेहतरीन फ्रेश जड़ी बूटी है, जिसे गर्मियों के लिए बेस्ट माना जाता है। पुदीने के पत्तों को औषधीय गुणों के लिए भी जानी जाती है। भारत में इसका इसतेमाल चटनी, रायता, आम पन्ना और बिरयानी जैसी चीजों का स्वाद बढ़ाने के लिए खूब किया जाता है। पुदीना पेट को ठंडक देता है। यह गैस, अपच और ब्लोटिंग जैसी समस्याओं को दूर करने में बहुत असरदार है। इसकी तासीर ठंडी होती है, इसलिए गर्मियों में इसका सेवन शरीर को हाइड्रेटेड रखता है और लू से बचाता है। फ्रेश पुदीना के कई फायदे हैं, लेकिन अक्सर घर पर इसे रखने पर ये जल्दी सड़ जाता है। ऐसा गलत तरीके से इसे स्टोर करने की वजह से होता है। अगर आप चाहती हैं कि पुदीना कई दिनों तक फ्रेश और हरा रहे तो एक यहां बताई एक ट्रिक आपके काम आ सकती है। देखिए, पुदीना 15 दिन तक फ्रेश रखने का तरीका।

पुदीना को 15 दिन तक कैसे रखें फ्रेश?

पुदीना फ्रेश रखने के लिए सबसे पहले पुदीने को बाजार से लाने के बाद पूरी तरह से धागे से खोलकर अलग कर लें। अब इसमें से काली और सड़ी हुई पत्तियों को छांट कर अलग कर दें। अब एक-एक पुदीने की पत्ती की डंडी को एक साथ इकट्ठा करें और एक बंच बना लें। अब एक गिलास में पानी भरें और फिर इसमें पुदीना का बंच रख दें। अब एक पन्नी लें और इससे बंच को कवर कर दें। अब कैंची का इस्तेमाल करते हुए पन्नी को जगह-जगह से काट लें। अब इस गिलास को फ्रिज में रख दें। जब जरूरत हो तो पन्नी में किए छेद से पुदीना को निकालें और धोकर इस्तेमाल करें। इस तरीके से पुदीना 15 दिन तक फ्रेश रहेगा।

सुखा लें पुदीना

अगर पुदीने को सालभर के लिए स्टोर करना है तो पुदीने की हरी पत्तियों को एक तरफ रख लें। फिर इन पत्तियों को अच्छी तरह से धो लें। अब इन्हें छान लें और फिर पानी निकलने तक छन्नी में रहने दें। पानी निकलने के बाद एक सूती कपड़े में पत्तियों को डालें और अच्छी तरह से सूखने दें। अगर आपके पास एयरफ्रायर है तो इसका इस्तेमाल पत्तियां सुखाने के लिए कर सकते हैं। जब पत्तियां पूरी तरह से सूख जाएं तो इन्हें पीसकर पाउडर बना लें। अब इस पाउडर को एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करें।

पत्तियों को सुखाने के लिए उन्हें तेज धूप में डायरक्ट ना रखें। ऐसा करने से वह सड़ सकती हैं। बस आपको गर्म जगह पर इन्हें सुखाने के लिए रखना है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN