Home World News hindi कतर के PM ने जेडी वेंस को सरेआम किया इग्नोर? मुंह ताकते...

कतर के PM ने जेडी वेंस को सरेआम किया इग्नोर? मुंह ताकते रहे शहबाज शरीफ; वीडियो वायरल

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

रविवार को, 10 हफ्तों में पहली बार अमेरिका और ईरान के शीर्ष नेता सीधी बातचीत के लिए एक ही कमरे में इकट्ठा हुए। इससे पहले अप्रैल में इस्लामाबाद में हुई उनकी बैठक में कोई समझौता नहीं हो पाया था।

US-Iran Talks: अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम के बाद अब अहम मुद्दों को सुलझाने के लिए बातचीत शुरू हो गई है। हालांकि यहां स्विट्जरलैंड के बर्गनस्टॉक रिजॉर्ट में शुरू हुई शांति वार्ता के पहले ही दिन एक अजीबोगरीब वाकया हुआ। यहां कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी ने बातचीत की शुरुआत में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को कथित तौर पर नजरअंदाज करते नजर आए और उनके बिल्कुल पास से होते हुए सीधे आगे निकल गए। इस घटना का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है।

अमेरिका के साथ कतर के करीबी रिश्तों और इस वार्ता में कतर की मध्यस्थ की भूमिका को देखते हुए इस घटना के वीडियो ने कूटनीतिक गलियारों तक हलचल मचा दी है। बता दें कि रविवार को बर्गनस्टॉक रिजॉर्ट में ‘इस्लामाबाद मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग’ (MoU) के तहत पहले दौर की बातचीत के लिए अमेरिका, ईरान, कतर और पाकिस्तान के प्रतिनिधि जुटे थे। इसी दौरान यह पूरा वाकया कैमरे में कैद हो गया।

वीडियो में क्या?

वेन्यू से सामने आए फुटेज में दिख रहा है कि कतर के प्रधानमंत्री रिसेप्शन एरिया की तरफ बढ़ रहे थे, जहां अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अन्य अधिकारियों के साथ खड़े थे। कतरी पीएम वहां रुककर अमेरिकी उपराष्ट्रपति से मिलने या हाथ मिलाने के बजाय सीधे आगे बढ़ गए। उन्होंने वहां खड़े पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सैन्य प्रमुख आसिम मुनीर से हाथ मिलाया और उन्हें गले लगाया। इस दौरान शहबाज शरीफ ने यह बात नोटिस कर ली और वेंस का मुंह ताकने लगे। दरअसल शरीफ को भी यह बात समझ नहीं आई कि कतरी पीएम वेंस से क्यों नहीं मिले।

ईरान ने भी दिखाए तेवर

इस दौरान बातचीत की टेबल पर बैठने से पहले ईरानी डेलिगेशन के तेवर भी बेहद सख्त नजर आए। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने बातचीत शुरू होने से पहले अमेरिकी अधिकारियों के साथ होने वाले ‘जॉइंट फोटो सेशन’ हिस्सा लेने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद के फुटेज में दिखा कि जब विदेश मंत्री अब्बास अराघची उस कमरे में दाखिल हुए जहां जेडी वेंस, अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जारेड कुशनर समेत अमेरिकी डेलिगेशन मौजूद था, तब उन्होंने भी अमेरिकी नेताओं को तवज्जो नहीं दी। अराघची ने वहां केवल पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ से हाथ मिलाया और कुछ ही देर बाद कमरे से बाहर निकल गए।

रविवार को 10 हफ्तों में पहली बार अमेरिका और ईरान के शीर्ष नेता सीधी बातचीत के लिए एक ही कमरे में इकट्ठा हुए। इससे पहले अप्रैल में इस्लामाबाद में हुई उनकी बैठक में कोई समझौता नहीं हो पाया था। इससे पहले पिछले हफ्ते साइन किए गए 14-सूत्रीय समझौते के तहत स्विट्जरलैंड की यह बैठक पहले दौर की बातचीत का हिस्सा थी। इस समझौते में 60 दिनों के लिए सीजफायर बढ़ाने और एक स्थायी समझौते की रूपरेखा तैयार करने की बात शामिल है। इसमें ईरान के परमाणु कार्यक्रम, उस पर लगे प्रतिबंधों और लेबनान में इजराइल के हमलों जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत की जाएगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN