Home National news hindi कपड़ों पर सवाल, कुत्ते पर बहस: कृति सेनन का राखी विज्ञापन विवाद...

कपड़ों पर सवाल, कुत्ते पर बहस: कृति सेनन का राखी विज्ञापन विवाद क्या है जिस पर राहुल गांधी भी बोले?

6
0

Source :- BBC INDIA

कृति सेनन

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाशित

पढ़ने का समय: 6 मिनट

रक्षाबंधन से पहले एक ज्वेलरी ब्रांड का विज्ञापन सोशल मीडिया पर विवाद की वजह बन गया है.

विज्ञापन में अभिनेत्री कृति सेनन नज़र आ रही हैं. कुछ लोगों को उनके कपड़े पसंद नहीं आए, तो कुछ को यह बात खटकी कि उन्होंने अपने कुत्ते को राखी बांधी.

इस बहस में अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत की प्रतिक्रिया से मामले ने तूल पकड़ लिया.

उन्होंने विज्ञापन को जानबूझकर असहज करने वाला बताया.

दूसरी तरफ़ कृति सेनन ने जवाब दिया है कि “संस्कृति दिल में होती है, नेकलाइन में नहीं.”

अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कृति सेनन का समर्थन किया है और कहा है कि महिलाओं को उनकी आज़ादी का इस्तेमाल करने के लिए ट्रोल करना बंद करें.

विज्ञापन में आख़िर है क्या?

इसमें कृति सेनन रक्षाबंधन मनाती दिखती हैं. उन्होंने सफ़ेद रंग का लहंगा और साथ में डीप-नेक ब्रालेट स्टाइल का ब्लाउज़ पहना है.

विज्ञापन में वो अपने भाई को राखी बांधती हैं और अपने पालतू कुत्ते को भी.

कृति सेनन

इमेज स्रोत, Getty Images

आपत्ति किस बात पर

सबसे बड़ी शिकायत कपड़ों को लेकर थी. कई यूज़र्स ने कहा कि त्योहार पर ऐसा पहनावा ठीक नहीं है.

एक यूज़र ने लिखा, “एक पवित्र त्योहार का मज़ाक उड़ाने की जानबूझकर कोशिश, अभिनेत्री कृति सेनन भी उतनी ही दोषी हैं.”

एक और यूज़र ने लिखा, “ऐसे बेवकूफ़ी भरे विज्ञापन विरोध और ध्यान दिलाने के बावजूद बार-बार आते रहते हैं.”

कुछ लोगों ने ये भी कहा कि विज्ञापन में तिलक और आरती जैसी चीज़ें नहीं दिखाई गईं.

कुत्ते को राखी बांधने वाले सीन पर भी सवाल उठे. कुछ लोगों ने ब्रांड के बहिष्कार की मांग तक कर दी.

दूसरा पक्ष भी सामने आया

राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर कृति सेनन की स्टोरी को शेयर किया है

इमेज स्रोत, rahulgandhi/Instagram

राहुल गांधी ने कहा है कि “एक महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहाँ जाती है – यह उसकी पसंद है. महिलाओं को उनकी आज़ादी का इस्तेमाल करने के लिए ट्रोल करना बंद करें.”

लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कृति सेनन का समर्थन करते हुए अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में हैशटैग ‘स्मैश द पेट्रियाकी’ (पितृसत्ता को तोड़ो) का भी इस्तेमाल किया.

एक यूज़र ने लिखा, “क्या हम महिलाओं के कपड़ों पर पहरा देना बंद कर सकते हैं और यह दिखावा छोड़ सकते हैं कि हर बार मामला परंपरा का है?”

एक और यूज़र ने लिखा, ”समझ नहीं आता कृति के कपड़े नैतिकता का मुद्दा कैसे बन गए, ये एक विज्ञापन है, सबको थोड़ी सांस लेनी चाहिए.”

कंगना रनौत ने क्या कहा

कंगना रनौत

इमेज स्रोत, kanganaranaut/Instagram

इसी बहस के बीच कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपने लंबे विचार लिखे. उन्होंने न कृति सेनन का नाम लिया, न ब्रांड का, लेकिन इशारा साफ़ था.

उन्होंने लिखा, “महिला होने के लिए ये शानदार समय है, हमारी अलमारियां तरह-तरह के कपड़ों से भरी होती हैं, आज की महिला ग्लोबल महिला है, कॉकटेल ड्रेस से लेकर लहंगा-चोली तक, जींस से लेकर साड़ी तक, बिकिनी से लेकर सलवार-कमीज़ तक. हमारे पास इतने सारे विकल्प हैं, तो फिर आप अपने भाई को राखी बिकिनी या अंडरगारमेंट्स में क्यों बांधेंगी? आपके बाक़ी स्टाइलिंग विकल्प कहां गए?”

इसी पोस्ट में उन्होंने विज्ञापन को “जानबूझकर असहज” करने वाला बताया.

कृति सेनन ने विज्ञापन की सफ़ाई में क्या कहा?

विवाद के बीच कृति सेनन ने इस पर अपना पक्ष भी रखा है

इमेज स्रोत, kritisanon/Instagram

कृति सेनन ने इस पूरे विवाद पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के ज़रिए जवाब दिया. उन्होंने कहा कि किसी महिला की संस्कृति के प्रति निष्ठा उसके कपड़ों से नहीं आंकी जानी चाहिए.

उन्होंने लिखा, “त्योहार की असली फ़ीलिंग आपके कपड़ों में नहीं, बल्कि उन परंपराओं में होती है जिन्हें आप दिल से मानते हैं. रक्षाबंधन सुरक्षा और प्यार का रिश्ता है. मेरी बहन और मैं एक-दूसरे को राखी बांधते हैं. हम एक-दूसरे की रक्षा करने का वादा करते हैं, एक-दूसरे की अच्छी सेहत, खुशी और लंबी उम्र की प्रार्थना करते हैं.”

कुत्ते वाले सीन पर उन्होंने कहा, “हमारे लिए यह प्यार और प्रार्थना हमारे कुत्ते तक भी जाती है, क्योंकि वे भी हमारे परिवार का हिस्सा हैं.”

उन्होंने लिखा, “आख़िर हम महिलाओं को ये बताना कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए? समय के साथ पारंपरिक फ़ैशन भी बदला है. लेकिन आज भी किसी महिला की संस्कृति के प्रति सम्मान को सिर्फ़ उसके कपड़ों से क्यों मापा जाता है? कल्चर और ट्रेडिशन उसके दिल में होते हैं, उसकी नेकलाइन में नहीं.”

प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा

SOURCE : BBC NEWS