Home BUSINESS NEWS HINDI करोड़ों PF खाताधारकों के लिए बड़ी अपडेट! EPFO का सर्वर आज भी...

करोड़ों PF खाताधारकों के लिए बड़ी अपडेट! EPFO का सर्वर आज भी बंद, इस दिन से शुरू होगी सर्विस

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अगर आपने पिछले कुछ दिनों में EPF (Employees’ Provident Fund) का पैसा निकालने, ट्रांसफर करने या किसी अन्य ऑनलाइन सर्विस का इस्तेमाल करने की कोशिश की है और वेबसाइट या पोर्टल पर काम नहीं हो पाया, तो अब आपके लिए राहत की खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) द्वारा चलाया जा रहा पोर्टल अपग्रेड अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। आज इस अपग्रेड का आखिरी दिन है और उम्मीद की जा रही है कि 1 जुलाई से अधिकांश ऑनलाइन सेवाएं दोबारा शुरू हो जाएंगी।

EPFO ने अपने करोड़ों सदस्यों को बेहतर और तेज सेवाएं देने के उद्देश्य से अपने डेटाबेस और सॉफ्टवेयर सिस्टम को अपग्रेड करने का फैसला लिया था। इसी वजह से 26 जून से कुछ महत्वपूर्ण ऑनलाइन सर्विस को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। इस दौरान नए EPF क्लेम जमा करना, क्लेम प्रॉसेसिंग और कुछ अन्य डिजिटल सुविधाएं प्रभावित रहीं।

EPFO का कहना है कि यह अपग्रेड केवल तकनीकी सुधार के लिए किया जा रहा है, ताकि भविष्य में कर्मचारियों को क्लेम से जुड़ी सेवाएं पहले से ज्यादा तेज, सुरक्षित और आसान तरीके से मिल सकें। नए सिस्टम के जरिए क्लेम प्रॉसेसिंग की स्पीड बढ़ेगी, तकनीकी दिक्कतें कम होंगी और यूजर्स का अनुभव भी बेहतर होगा।

सबसे अच्छी बात यह है कि जिन कर्मचारियों ने अपग्रेड शुरू होने से पहले अपना क्लेम पहले ही जमा कर दिया था, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। EPFO ने साफ किया है कि ऐसे सभी पेंडिंग क्लेम सेवाएं बहाल होने के बाद अपने आप प्रॉसेस किए जाएंगे, यानी किसी को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी।

हालांकि, अपग्रेड के दौरान कर्मचारी नए EPF विड्रॉल क्लेम, PF ट्रांसफर क्लेम या अन्य कुछ ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाए। अगर किसी सदस्य ने इस दौरान आवेदन करने की कोशिश की होगी, तो उसे इंतजार करना होगा। EPFO के अनुसार, सिस्टम पूरी तरह चालू होने के बाद ये सभी सुविधाएं फिर से उपलब्ध करा दी जाएंगी।

EPFO ने यह भी बताया है कि अगर अपग्रेड के बाद वेबसाइट या ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करते समय किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है, तो सदस्य EPFO की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए “कॉन्टैक्ट अस” सेक्शन के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा EPFO हेल्पलाइन नंबर 14470 पर भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।

एक्सपर्ट का मानना है कि यह तकनीकी अपग्रेड भविष्य में करोड़ों कर्मचारियों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा। अभी तक कई बार क्लेम प्रॉसेस होने में लंबा समय लग जाता था, लेकिन नए सिस्टम के लागू होने के बाद प्रॉसेसिंग समय कम होने की उम्मीद है। साथ ही डेटा मैनेजमेंट भी पहले की तुलना में ज्यादा सुरक्षित और व्यवस्थित होगा।

अपग्रेड की वजह डेटाबेस कंसोलिडेशन और सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन अपग्रेड
सर्विसेस इंपैक्टेड नया EPF क्लेम सबमिट करना और क्लेम प्रॉसेस करना
सर्विस डिसरप्शन पीरियड 26 जून 2026 (रात 12:00 बजे) से 29 जून 2026 (रात 11:59 बजे) तक
एक्सपेक्टेड सर्विस रिस्टोरेशन 30 जून 2026 / 1 जुलाई 2026 से (EPFO की सूचना के अनुसार)
इंपैक्ट ऑन इग्जिस्टिंग क्लेम्स पहले से जमा किए गए दावों पर सर्विस बहाल होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
पर्पज ऑफ द अपग्रेड फास्ट प्रॉसेसिंग, बेहतर दक्षता और बेहतर यूजर अनुभव
EPFO सपोर्ट नंबर 1,4470

अगर आप भी अपने PF का पैसा निकालने या ट्रांसफर करने की योजना बना रहे हैं, तो फिलहाल कुछ घंटों का इंतजार करना बेहतर रहेगा। संभावना है कि 1 जुलाई से EPFO पोर्टल फिर से पूरी क्षमता के साथ काम करना शुरू कर देगा और सभी ऑनलाइन सेवाएं सामान्य हो जाएंगी।

UPI और ATM के जरिए PF निकालने की सुविधा?

EPFO का यह अपग्रेड करोड़ों कर्मचारियों के लिए एक बड़ा डिजिटल बदलाव साबित हो सकता है, जिससे भविष्य में PF से जुड़ी सभी सेवाएं पहले से कहीं अधिक तेज, आसान और भरोसेमंद बनने की उम्मीद है। EPFO के पोर्टल अपग्रेड के पूरा होने के साथ अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या UPI और ATM के जरिए PF निकालने की सुविधा भी शुरू हो जाएगी? फिलहाल इसका जवाब अभी नहीं है।

रिपोर्ट के मुताबिक, EPFO का सर्वर अपग्रेड मुख्य रूप से EPFO 3.0 के लिए तकनीकी आधार तैयार करने के उद्देश्य से किया गया है। पोर्टल दोबारा खुलने के बाद सामान्य ऑनलाइन सेवाएं और क्लेम प्रॉसेसिंग तो शुरू हो जाएंगी, लेकिन UPI और ATM के जरिए PF निकासी की सुविधा अभी लॉन्च नहीं की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, EPFO और NPCI इस नई सुविधा की अंतिम तकनीकी टेस्टिंग कर रहे हैं। सभी टेस्टिंग सफल होने के बाद ही इसे पूरे देश में लागू किया जाएगा। EPFO 3.0 लागू होने के बाद कर्मचारियों को कई बड़ी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। इनमें UPI के माध्यम से तुरंत PF ट्रांसफर, ATM जैसी डिजिटल निकासी सुविधा, ऑटो-क्लेम सेटलमेंट में तेजी, कम कागजी कार्रवाई और पूरी तरह डिजिटल प्रक्रिया शामिल होगी। इससे करोड़ों कर्मचारियों को EPFO कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत काफी कम हो जाएगी।

इसके अलावा EPFO 3.0 के तहत ऑटो-क्लेम सेटलमेंट की सीमा पहले के ₹1 लाख से बढ़ाकर ₹5 लाख किए जाने की भी तैयारी है। इससे पात्र सदस्यों के दावे पहले की तुलना में कहीं अधिक तेजी से निपटाए जा सकेंगे।

हालांकि, EPFO ने अभी तक UPI और ATM आधारित निकासी सुविधा की कोई आधिकारिक लॉन्च तारीख घोषित नहीं की है। इसलिए सदस्य फिलहाल केवल इतना मानकर चलें कि 1 जुलाई से पोर्टल और सामान्य PF सेवाएं बहाल हो सकती हैं, जबकि UPI और ATM से निकासी की सुविधा EPFO 3.0 के आधिकारिक रोलआउट के बाद ही उपलब्ध होगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN