Home rss business hindi कर्ज फ्री हुई ₹14 के शेयर वाली कंपनी, सोने-चांदी के कारोबार में...

कर्ज फ्री हुई ₹14 के शेयर वाली कंपनी, सोने-चांदी के कारोबार में है सक्रिय

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

शेयर बाजार में कम ही ऐसी पेनी स्टॉक वाली कंपनियां हैं जो कर्ज फ्री हैं। हालांकि, सोने-चांदी के कारोबार में सक्रिय पीसी ज्वेलर लिमिटेड को इस मामले में सफलता मिली है। बता दें कि कंपनी के शेयर की कीमत 15 रुपये से भी कम है। कहने का मतलब है कि कंपनी के शेयर पेनी कैटेगरी के हैं।

3,000 करोड़ रुपये का कर्ज

पीसी ज्वेलर लिमिटेड ने शुक्रवार को कहा कि उसने 14 बैंकों के समूह का पूरा बकाया चुकाकर खुद को कर्ज-मुक्त कर लिया है। कंपनी पर करीब 3,000 करोड़ रुपये का कर्ज था। बता दें कि पीसी ज्वेलर ने सितंबर 2024 में बैंकों के समूह के साथ अपने बकाये के निपटान के लिए एकमुश्त निपटान (ओटीएस) योजना अपनाई थी। इसके तहत नकद और इक्विटी के माध्यम से भुगतान, सिक्योरिटीज और गिरवी रखी संपत्तियों को मुक्त करने जैसी शर्तें शामिल थीं।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि शुक्रवार को किए गए भुगतान के साथ उसने 30 सितंबर, 2024 को हुए निपटान समझौते की शर्तों के तहत 14 बैंकों के समूह का पूरा बकाया चुका दिया है। ये भुगतान तय समयसीमा से पहले किए गए हैं। पीसी ज्वेलर ने कहा कि कर्ज-मुक्त होने से उसकी बैलेंस शीट और वित्तीय स्थिति मजबूत होगी।

कौन-कौन से बैंक थे शामिल?

14 बैंकों के समूह का नेतृत्व भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) कर रहा था। बैंकों के इस समूह में एसबीआई के अलावा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, आईडीबीआई बैंक, करुर वैश्य बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, केनरा बैंक, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक शामिल हैं।

कैसे रहे तिमाही नतीजे?

बता दें कि पीसी ज्वेलर लिमिटेड का अप्रैल-जून तिमाही में मुनाफा 37 प्रतिशत बढ़कर 221.88 करोड़ रुपये हो गया जो साल भर पहले 161.93 करोड़ रुपये था। पहली तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 879.27 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 807.88 करोड़ रुपये थी।

शेयर का परफॉर्मेंस

पीसी ज्वेलर के शेयर की बात करें तो शुक्रवार को 14.12 रुपये पर बंद हुआ। यह शेयर इंट्रा-डे के दौरान 14.45 रुपये के हाई तक गया था। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 14.87 रुपये है। यह भाव इसी हफ्ते में गया था। कहने का मतलब है कि शेयर अपने 52 हफ्ते के हाई के इर्द-गिर्द घूम रहा है। पीसी ज्वेलर देश की प्रमुख आभूषण कंपनियों में से एक है और उसके 12 राज्यों में करीब 50 स्टोर हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN