Source :- LIVE HINDUSTAN
कुकर की सीटी कई बार देर से आती है, जिसे हम सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। अगर आपके कुकर में भी सीटी देर से आ रही है, तो 2 चीजों को पहले चेक करें। चलिए कुकर से जुड़े टिप्स बताते हैं।
हर घर में प्रेशर कुकर का इस्तेमाल होता है और कुकर में सिर्फ दाल-चावल ही नहीं न जाने कितने आइटम्स बन जाते हैं। आपके किचन का काम आसान करने वाला कुकर कई बार बीमार यानी खराब हो जाता है। कभी इसकी रबड़ में समस्या हो सकती है, तो कभी इसकी सीटी में। कुकर में कुछ भी चढ़ाने के कुछ देर बाद ही सीटी आने लगती है लेकिन कई बार काफी देर तक सीटी नहीं आती। ऐसे में सभी लोग सीटी को उठाकर या कुकर का ढक्कन खोलकर फिर से बंद करके चेक कर लेते हैं। अक्सर कुकर में सीटी देर से आने पर हम ऐसा ही करते हैं लेकिन हर बार इस नजरअंदाज करना भारी भी पड़ सकता है। कुकर के अंदर जब प्रेशर ज्यादा बन जाता है, तब सीटी आती है लेकिन कई बार ज्यादा प्रेशर बनने के कारण कुकर फट भी सकता है। ऐसे हादसे से बचने के लिए जरूरी है कि आप कुकर में कुछ चीजें समय-समय पर चेक करते रहें।
कुकर में सीटी देर से आने का कारण
कुकर में अगर देर से सीटी आ रही है, तो इसका मतलब है प्रेशर सही से नहीं बन रहा है। इसके अलावा जरूरत से ज्यादा सामान कुकर में भर देने से भी ऐसा होता है। अगर सीटी बिल्कुल नहीं बन रही है, तो इसका मतलब है कि भाप नहीं बन रही। ढक्कन और कुकर के बीच सही सील न बनने पर भाप बाहर निकल सकती है और दबाव बनने में समय लग सकता है।
इन 2 चीजों को करें चेक
अगर आपके कुकर में सीटी देर से बन रही है, तो घबराने के बजाय या फिर उसे दुकान पर भेजने से पहले 2 चीजों को घर पर ही चेक करें। इसे सही करने पर सीटी सही से आने लगेगी।
- सबसे पहले सीटी को निकालकर चेक करें, कही उसमें गंदगी तो नहीं जमा है। अगर सीटी के अंदर चावल-दाल, सब्जी का छिलका फंसा है या फिर कोई गंदगी है, तो उसे ब्रश से साफ करें। सीटी में जब गंदगी ज्यादा भर जाती है, तो वह देर से आती है। इसके साथ ही ढक्कन में जहां सीटी लगती है वहां के छेद को भी चेक करें। कई बार उस छेद में गंदगी रहती है, जिसे साफ करना जरूरी है।
- रबड़ और वाल्व को चेक करें और सफाई करें। अगर आपकी रबड़ ढीली हो गई है, तो भाप नहीं बनेगी और फिर सीटी आने में देरी या फिर आएगी ही नहीं। अगर आपका ढक्कन वाल्व के हिसाब से सही नहीं लगा है, तब भी सीटी आने में समस्या होगी।
सफाई करना भी जरूरी
कुकर का ढक्कन ऊपर से भले ही साफ दिख रहा हो, लेकिन उसमें अंदर की ओर गंदगी हो सकती है। इसलिए जरूरी है कि आप इसे साफ करें। नींबू और नमक को पानी में घोलकर उसमें 15 मिनट तक सीटी, रबड़ और ढक्कन को अलग-अलग डुबोकर रखें। फिर ब्रश में सर्फ लगाकर रगड़ते हुए सफाई करें। इससे गंदगी जमा नहीं होगी और कुकर में कोई दिक्कत नहीं आएगी।
कब बन सकता है कुकर खतरा
अगर कुकर से लगातार असामान्य तरीके से भाप निकल रही है, ढक्कन ठीक से लॉक नहीं हो रहा, गैसकेट खराब है या प्रेशर रिलीज सिस्टम में समस्या दिखाई दे रही है, तो ऐसे कुकर का इस्तेमाल न करें। ऐसे में आप किसी जानकार व्यक्ति से कुकर को चेक करवाएं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



