Home LIFESTYLE NEWS HINDI कुकर में बनाएं चावल की खीर, रबड़ी जैसी बनकर होगी तैयार

कुकर में बनाएं चावल की खीर, रबड़ी जैसी बनकर होगी तैयार

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

तीज-त्योहारों पर मीठा जरूर बनाया जाता है। सावन का महीना चल रहा है और इस महीने में कुछ मीठा बनाना है तो चावल की खीर बनाएं। यहां बताई रेसिपी से आप खीर को कुकर में बना सकते हैं। इस रेसिपी से बनी खीर बिल्कुल रबड़ी की तरह लगती है। 

सावन का महीना आ गया है और इस पवित्र महीने में भोलेनाथ के भक्त उनकी सच्चे मन से पूजा करते हैं और इस पूजा में भक्त भगवान शिव पर उनके पसंदीदा फूल, पत्ती और फल के अलावा कुछ मीठा भी भोग में लगाते हैं। खीर ज्यादातर घरों में सिर्फ तीज-त्योहारों पर ही बनाई जाती है। चावल की खीर को वैसे तो दूध में मिलाकर अच्छे से उबाल कर तैयार किया जाता है। लेकिन आप अगर रबड़ी जैसी चावल की खीर बनाना चाहते हैं तो यहां हम आपके लिए एक खास रेसिपी लेकर आए हैं। इस खीर को आप प्रेशर कुकर में बनाकर तैयार कर सकते हैं। यहां बताई रेसिपी से बनी खीर स्वाद में बहुत अच्छी लगती है।

कुकर वाली खीर बनाने के लिए आपको चाहिए

– 1/4 कप चावल

– डेढ़ लीटर फुल क्रीम दूध

– दो हरी इलायची

– 200 ग्राम कंडेंस्ड मिल्क

– एक बड़ा चम्मच कटे हुए बादाम

– एक बड़ा चम्मच कटे हुए काजू

– एक बड़ा चम्मच किशमिश

– केवड़ा एसेंस की कुछ बूंदें

-केसर के रेशे

कुकर वाली खीर बनाने की विधि

1) इस खीर को बनाने के लिए सबसे पहले चावल को अच्छी तरह से धोएं। कम से कम 4 से 5 बार चावल को पानी से धोएं।

2) धूले हुए चावल को अच्छी तरह से छन्नी का इस्तेमाल करते हुए छान लें और फिर इन्हें कुकर में डालें। इसके साथ दूध डालें। कुकर का ढक्कन बंद करने से पहले इसमें दो इलायची और केसर के रेशे डालें।

3) आंच को तेज रखें और जैसे की कुकर में प्रेशर बने वैसे ही आंच स्लो कर दें। धीमी आंच पर कम से कम 20 मिनट के लिए इसे पकाएं और फिर आंच बंद करें। जब प्रेशर खत्म हो तो कुकर का ढक्कन खोलें।

4) अब इसमें कंडेंस्ड मिल्क डालकर अच्छे से मिक्स करें। अच्छी तरह से इसे मिक्स करने के बाद इसमें किशमिश और केवड़ा एसेंस डालें।

5) खीर को एक बर्तन में निकालें और फिर सभी कटी हुई मेवा के साथ इसे गार्निश करें।

टिप्स

-खीर को रबड़ी जैसा लुक देना है और स्वाद भी बेहतर चाहते हैं तो टुकड़ा चावल का इस्तेमाल करें। ये खीर में अच्छे लगते हैं और जल्दी पक जाते हैं।

-अगर आपके पास समय की कमी है तो चावल को अच्छी तरह से धोकर कुछ देर के लिए भिगो दें और फिर इस्तेमाल करें।

-खीर में केवड़ा एसेंस का इस्तेमाल करना पूरी तरह से ऑप्शनल है अगर इसका स्वाद आपको पसंद नहीं है तो आप इसे अवॉइड करें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN