Source :- LIVE HINDUSTAN
Cooler Safety Tips: गर्मियों में अगर आप भी कूलर का इस्तेमाल कर रहे हैं तो ये 5 बातें आपके लिए जानना बेहद जरूरी है। वरना जरा सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
गर्मियों के मौसम में ज्यादातर घरों में कूलर का इस्तेमाल होता है। कूलर की ठंडी-ठंडी हवा राहत तो देती है, लेकिन कई बार हम छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज कर देते हैं; जो बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। आप अक्सर सुनते होंगे कि कूलर से अचानक करंट आने लगा, कई बार तो किसी की मौत भी इसी वजह से हो जाती है। अब ऐसा नहीं है कि आपको कूलर का इस्तेमाल ही बंद कर देना है, बस कुछ बातें ध्यान में रखेंगे तो भविष्य में किसी भी तरह की दुर्घटना होने का रिस्क काफी हद तक कम हो जाएगा। एक तो कूलर काफी दिनों तक रखा रहता है, फिर अचानक से गर्मियों में यूज होता है। इसलिए थोड़ी सी चूक होने पर आग लगने या करंट आने का खतरा थोड़ा ज्यादा होता है। आज हम आपके साथ ऐसी ही कुछ जरूरी बातें शेयर कर रहे हैं, जो आपको कूलर इस्तेमाल करते हुए ध्यान में रखनी चाहिए।
इस्तेमाल से पहले वायरिंग जरूर चेक करें
कूलर को ऑन करने से पहले उसकी वायरिंग को एक बार अच्छे से चेक करें। कहीं से भी तार कटा हुआ, जला हुआ या ढीला दिखे; तो उसे तुरंत चेंज करवाएं। वरना यही छोटी सी लापरवाही आगे चलकर किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। बहुत से लोग कटे हुए तार पर टेप लगाकर काम चला लेते हैं, जिससे शॉर्ट सर्किट और करंट लगने का खतरा काफी बढ़ जाता है।
चलते हुए कूलर में पानी ना भरें
सबसे ज्यादा करंट लगने के हादसे तभी होते हैं, जब लोग कूलर को या तो गीले हाथों से टच कर लेते हैं या फिर उसमें पानी भर रहे होते हैं। इसलिए जब भी कूलर में पानी भरने जाएं, सबसे पहले उसका प्लग बाहर निकाल दें। इसके अलावा कूलर का प्लग या बॉडी गीले हाथों से कभी टच ना करें। अगर कूलर में करंट उतर रहा है तो एक बार इलेक्ट्रीशियन को जरूर दिखा लें।
मोटर को पंप को चेक करते रहें
कूलर की मोटर और पंप को हमेशा चेक करते रहें। खासकर अगर ये पुराने हो गये हैं, तो ध्यान रखने की ज्यादा जरूरत है। मोटर के आसपास अगर ज्यादा गंदगी जमा हो गई है, किसी तरह आवाज या जलने जैसी बदबू आ रही हैं; तो इसे नजरअंदाज बिल्कुल भी ना करें। वहीं बिना पानी के अगर पंप चल रहा है तो वो ओवरहीट हो कर फट भी सकता है। इसलिए कूलर के टैंक में पर्याप्त पानी रखें।
लंबे समय तक हाई स्पीड पर कूलर ना चलाएं
गर्मियों में लोग लगातार कई घंटों तक कूलर चलाते हैं, वो भी फुल स्पीड में। ऐसा करने से मोटर पर लगातार लोड पड़ता है, जिससे ओवरहीटिंग और मोटर में आग लगने का रिस्क बढ़ जाता है। इसलिए अगर आपको देर तक कूलर चलाना भी है तो स्पीड लो या मीडियम ही रखें। बाकी कूलर को बीच-बीच में बंद करते रहना बेहतर रहता है।
वोल्टेज की समस्या को नजरअंदाज ना करें
अगर आपके यहां बार-बार लाइट आना-जाना, वोल्टेज का ऊपर-नीचे होना लगा रहता है; तो इससे भी कूलर के खराब होने का रिस्क बढ़ जाता है। ऐसे में बेहतर यही रहेगा कि आप एक स्टेबलाइजर का इस्तेमाल करें। इससे मोटर में आग लगने और स्पार्किंग का रिस्क कम हो जाएगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN






