Home rss entertainment hindi मनोरंजन समाचार कॉलेज की सियासत में छिड़ेगी जंग, ‘ढाई चाल’ का धांसू एक्सटेंडेड टीजर...

कॉलेज की सियासत में छिड़ेगी जंग, ‘ढाई चाल’ का धांसू एक्सटेंडेड टीजर रिलीज, गगन अरोड़ा दिखाएंगे दम

10
0

Source :- KHABAR INDIATV

स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार ने अपने आने वाले पॉलिटिकल कॉलेज ड्रामा ‘ढाई चाल’ का एक्सटेंडेड टीजर जारी कर दिया है और इसकी रिलीज डेट की घोषणा भी कर दी है। इस सीरीज में गगन अरोड़ा और आदिल खान मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। पारंपरिक शैक्षणिक माहौल से हटकर, यह सीरीज कैंपस में होने वाली हाई-स्टेक्स राजनीतिक चालों पर बेस्ड है। हाल ही में जारी प्रोमो एक दमदार टैगलाइन के साथ कैंपस के बदलते माहौल पर सवाल उठाता है: ‘जहां किताबों के होने थे सवाल, वहां क्यों खेली जा रही है सियासत के लिए ढाई चाल?’

‘ढाई चाल’ राजनीति और आंदोलन से होगी भरपूर

यह सीरीज कैंपस की राजनीति, छात्र आंदोलनों और मुख्यधारा की राजनीति से उनके जुड़ाव की जटिलताओं को बखूबी दिखाती है। टीजर में पुलिस की वर्दी पहने अधिकारी लाठियां लिए पुलिस जीपों के पास से तेजी से गुजरते हुए दिखाई देते हैं, जो इस पॉलिटिकल ड्रामा से जुड़े टकराव और अशांति की ओर इशारा करते हैं। नवीन चौधरी के बेस्टसेलिंग उपन्यासों ‘जनता स्टोर’ और ‘ढाई चाल’ पर आधारित यह सीरीज, यूनिवर्सिटी की छात्र राजनीति से लेकर राज्य और राष्ट्रीय सत्ता के गलियारों तक के सफर को दिखाती है।

‘ढाई चाल 2’ में दिखेगा राज्य और राष्ट्रीय राजनीति का दांव-पेच

‘जनता स्टोर’ पर आधारित पहला सीजन यूनिवर्सिटी चुनावों, छात्र आंदोलनों, वैचारिक मतभेदों और मुख्यधारा के राजनीतिक संगठनों द्वारा युवा छात्र नेताओं के शोषण पर केंद्रित है। ‘ढाई चाल’ पर आधारित दूसरा सीजन अपनी कहानी को राज्य और राष्ट्रीय राजनीति तक ले जाता है, जिसमें चुनावी लड़ाइयों, गठबंधन सरकारों और राजनीति व मीडिया के बीच के रिश्तों को दिखाया गया है।

‘ढाई चाल 2’ की शानदार स्टार कास्ट

इस सीरीज को नेशनल अवार्ड विजेता पटकथा लेखक रितेश शाह ने बनाया और लिखा है, जो ‘पिंक’, ‘एयरलिफ्ट’ और ‘कहानी’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। सतीश कुमकुमनाथ नायर और नव निर्माण सिंह ने इस शो का निर्देशन किया है। ‘फोकस मीडिया प्राइवेट लिमिटेड’ के बैनर तले बनी इस सीरीज को भूषण सूरी, रितेश शाह और पार्थ सूरी का सहयोग प्राप्त है। इसकी मुख्य कास्ट में गगन अरोड़ा, आदिल जफर खान, अंकित सिवाच और अंजलि तत्रारी शामिल हैं। अन्य कलाकारों में राजेश कुमार, श्रद्धा दास, परितोष सैंड, ऋषिका लोकरे, मीर सरवर, कामाक्षी भट्ट और हेतल गडा शामिल हैं।

ओटीटी पर कहां देखें ढाई चाल

‘ढाई चाल’ 27 नवंबर 2026 से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। इसके बाद 28 नवंबर को रात 8 बजे यह सीरीज कलर्स टीवी पर प्रसारित होगी। छात्र राजनीति, राजनीतिक दांव-पेच और मीडिया के प्रभाव पर केंद्रित यह सीरीज, नवीन चौधरी के दो उपन्यासों को पर्दे पर लाती है। इसकी कहानी यूनिवर्सिटी कैंपस से लेकर व्यापक राजनीतिक व्यवस्था तक फैली हुई है।

ये भी पढ़ें – OTT पर घर बैठे मिलेगा एंटरटेनमेंट का फुल डोज, ‘ढिंढोरा 2’ और ‘द ओडिसी’ समेत कई नई फिल्में-सीरीज होंगी रिलीज

SOURCE : KHABAR INDIATV