Source :- LIVE HINDUSTAN
नॉर्थ कोरिया ने साउथ कोरिया के साथ सीमा पर अपनी नई फायरपावर यूनिट्स तैनात कर दी हैं। किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने बुधवार को इस बात की जानकारी दी।
सियोल के साथ बढ़ते तनाव के बीच नॉर्थ कोरिया ने बुधवार को अपनी नई फायरपावर यूनिट्स को बॉर्डर पर फायरिंग पोजीशन में तैनात कर दिया है। नॉर्थ कोरिया के लीडर किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने बुधवार को कहा कि देश ने अपनी नई फायरपावर यूनिट्स को बॉर्डर पर फायरिंग पोजीशन में भेज दिया है। यह बयान प्योंगयांग की हालिया चेतावनी के कुछ दिन बाद आया है, जिसमें उसने कहा था कि वह साउथ कोरिया के साथ बॉर्डर पर और स्ट्राइक के तरीके तैनात करने पर विचार कर रहा है।
बता दें कि सियोल और प्योंगयांग के बीच तनाव पिछले महीने से बढ़ा है। साउथ कोरिया ने दोनों देशों को अलग करने वाले डिमिलिटराइज्ड जोन (DMZ) में हुए धमाके के लिए नॉर्थ कोरिया की बिछाई लैंडमाइन को जिम्मेदार ठहराया था। नॉर्थ कोरिया ने इस आरोप को खारिज कर दिया है। सरकारी मीडिया के मुताबिक किम यो जोंग ने कहा है कि हमारी मिलिट्री लीडरशिप ने साफ कर दिया है कि हमारी नई फायरपावर यूनिट्स ने उनकी फायरिंग पोजीशन ले ली हैं।
उनका यह बयान सियोल की उस चेतावनी के एक दिन बाद आया, जिसमें साउथ कोरिया ने नॉर्थ कोरिया की और उकसावे वाली हरकतों पर कड़ा जवाब देने की बात कही थी। किम यो जोंग ने आगे कहा कि किम जोंग उन ने दुश्मन देश के साथ बॉर्डर को हमेशा के लिए मजबूत बनाने का आदेश दे दिया है।
कोरिया सेंट्रल न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक, आर्म्ड फोर्सेज के मार्शल पाक जोंग चोन ने बॉर्डर पर जरूरी जगहों का निरीक्षण किया और सैनिकों से कहा कि दुश्मन के दिल में डर पैदा करने के लिए मजबूत फायरपावर तैयार करने का समय आ गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दुश्मन सेना हमारे सैनिकों की सुरक्षा को खतरा पहुंचाती है, तो नॉर्थ कोरिया की बॉर्डर फोर्स को तेज और मजबूत कार्रवाई करनी चाहिए।
क्या बोले एक्सपर्ट?
कोरिया इंस्टीट्यूट फॉर मिलिट्री अफेयर्स के सीनियर रिसर्चर हांग सुंग-प्यो ने कहा कि सेना की इस मूवमेंट को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि ये छोटी मिलिट्री पोजीशन हैं, जहां अलग-अलग हथियारों वाली यूनिट्स के लिए गार्ड पोस्ट या फायरिंग जगहें बनाई जाती हैं। नॉर्थ कोरिया इन्हें आगे बढ़ा रहा है। हांग ने आगे कहा कि अब तक जो घटनाएं हुई हैं, उनमें से यह सबसे गंभीर लग रही है। नॉर्थ कोरिया ने पहले भी अपनी फायरपावर दिखाई है, लेकिन अब यह ऑपरेशनल तैनाती जैसा लगता है।
गौरतलब है कि नॉर्थ कोरिया ने हाल ही में कई हथियारों का टेस्ट किया है, जिनमें नए टाइप का प्रिसिजन-गाइडेड टॉरपीडो और इंटरमीडिएट-रेंज हाइपरसोनिक मिसाइल शामिल हैं। बताया जाता है कि दोनों में एआई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है।
साउथ कोरिया का जवाब?
साउथ कोरिया की मिलिट्री ने मंगलवार को प्योंगयांग पर आरोप लगाया कि वह बढ़ते तनाव के लिए दूसरों को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश कर रहा है। साथ ही साउथ कोरिया ने पुष्टि की कि लाउडस्पीकर और वॉर्निंग शॉट्स का इस्तेमाल नॉर्थ कोरिया के सैनिकों को मिलिट्री डिमार्केशन लाइन (MDL) पार करने से रोकने और वापस भेजने के लिए किया गया था। साउथ कोरिया के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जिन योंग-सुंग ने मिलिट्री को आदेश दिया कि अगर नॉर्थ कोरिया सियोल की हरकतों को हमले का बहाना बनाता है, तो दृढ़ता से जवाब दें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




