Home World News hindi खामेनेई के जनाजे में 3000 मौतों की आशंका, पहले ही खोदी गईं...

खामेनेई के जनाजे में 3000 मौतों की आशंका, पहले ही खोदी गईं हजारों कब्र! इस एक रिपोर्ट से पूरे ईरान में मची खलबली

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

तेहरान में मौजूद एक पत्रकार के हाथ ईरान की नेशनल क्राइसिस मैनेजमेंट और ईरानी रेड क्रेसेंट यानी रेड क्रॉस जैसी संस्था की एक टॉप-सीक्रेट चिट्ठी लगी है। यह गोपनीय चिट्ठी ईरान के फर्स्ट वाइस प्रेसिडेंट मोहम्मद-रेजा आरिफ को भेजी गई है।

ऊपर से ताकत की ऐसी नुमाइश कि पूरी दुनिया देखती रह जाए, लेकिन अंदरखाने खौफ ऐसा कि लाशों को गिनने के लिए पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद आज से तेहरान में उनके जनाजे की रस्में शुरू हो चुकी हैं। लेकिन इस बीच एक बेहद चौंकाने वाली और सनसनीखेज खबर सामने आई है। जर्मनी के मशहूर मीडिया हाउस WELT ने तेहरान से भेजी गई एक खुफिया रिपोर्ट के हवाले से दावा किया है कि ईरान सरकार खामेनेई के जनाजे में 1,500 से लेकर 3,000 मौतों की आशंका जता रही है और इसके लिए बाकायदा बैकस्टेज तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

रेड क्रेसेंट की ‘सीक्रेट’ चिट्ठी और कब्रिस्तान का डरावना सच

तेहरान में मौजूद एक पत्रकार के हाथ ईरान की नेशनल क्राइसिस मैनेजमेंट और ईरानी रेड क्रेसेंट (रेड क्रॉस जैसी संस्था) की एक टॉप-सीक्रेट चिट्ठी लगी है। यह गोपनीय चिट्ठी ईरान के फर्स्ट वाइस प्रेसिडेंट मोहम्मद-रेजा आरिफ को भेजी गई है। इस चिट्ठी में साफ-साफ लिखा है कि जनाजे के दौरान मची भगदड़ या दूसरे हादसों में 1500 से 3000 लोग मारे जा सकते हैं।

इस डरावनी आशंका के बीच तेहरान के सबसे बड़े कब्रिस्तान ‘बेहिश्त-ए-जहरा’ में ताबड़तोड़ हजारों नई कब्रें खोद दी गई हैं। तेहरान नगर निगम के एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर इस बात की पुष्टि की है।

नगर निगम कर्मचारी ने कहा, “तैयार की गई कब्रें वाकई वजूद में हैं। अधिकारियों को साफ कह दिया गया है कि अगर भीड़ और इस भीषण गर्मी के चलते 3,000 मौतें भी हो जाएं, तो भी स्थिति नियंत्रण से बाहर नहीं जानी चाहिए। इस तपती गर्मी में इतनी भारी भीड़ के बीच क्या होगा, कोई नहीं जानता।”

तेहरान से मशहद तक का रूट और अरबों का बजट

शनिवार से तेहरान में शुरू हुआ यह मातम का सिलसिला यहीं नहीं रुकेगा। यह काफिला कौम जाएगा, वहां से पड़ोसी देश इराक के पवित्र शहरों नजफ और करबला पहुंचेगा, और फिर गुरुवार को मशहद में जाकर खत्म होगा, जहां खामेनेई को सुपुर्द-ए-खाक (दफन) किया जाएगा। ईरानी हुक्मरान दावा कर रहे हैं कि इस जनाजे में करीब 2 करोड़ लोग शामिल होंगे।

इस वीआईपी और महा-जनाजे को अमलीजामा पहनाने के लिए पानी की तरह पैसा बहाया जा रहा है। तेहरान के कट्टरपंथी मेयर अलीरेजा जकानी ने पूरी ताकत झोंक दी है।

  • 11,000 से ज्यादा बसें सड़कों पर उतार दी गई हैं।
  • मेट्रो और बीआरटी लाइनों को चौबीसों घंटे के लिए मुफ्त कर दिया गया है।
  • सरकारी सूत्रों के मुताबिक, सिर्फ तेहरान के लिए 15 मिलियन यूरो (करीब 135 करोड़ रुपए) का बजट रखा गया है।
  • कौम और मशहद के लिए भी अलग से 5-5 मिलियन यूरो मंजूर किए गए हैं।

इराक के नजफ और करबला के खर्चों को जोड़ दें, तो यह आधुनिक इतिहास का सबसे महंगा सरकारी जनाजा बनने जा रहा है।

पुराना खूनी इतिहास और देश के अंदर सुलगती चिंगारी

ईरान में बड़े जनाजों के दौरान हादसों का इतिहास बेहद खूनी रहा है। साल 2020 में जब कुर्द्स फोर्स के कमांडर कासिम सुलेमानी का जनाजा निकला था, तब करमान शहर में मची भगदड़ में कम से कम 56 लोग कुचलकर मर गए थे और 200 से ज्यादा जख्मी हुए थे। उससे पहले 1989 में जब अयातुल्ला खुमैनी का जनाजा निकला था, तब भी भारी अफरातफरी मची थी, जिसमें 8 लोगों की जान गई थी और सैकड़ों घायल हुए थे। यही वजह है कि इस बार पहले से ही ‘डेड एंड मिसिंग’ (शवों और लापता लोगों) को संभालने के लिए एक स्पेशल यूनिट बना दी गई है।

लेकिन बात सिर्फ सुरक्षा की नहीं है। इस जनाजे के पीछे ईरान के अंदरूनी गलियारों में भारी राजनीतिक घमासान और तनाव सुलग रहा है। खामेनेई के कट्टरपंथी समर्थक इन रातों का इस्तेमाल सरकार के उन बड़े नेताओं को धमकाने के लिए कर रहे हैं जो अमेरिका के साथ बातचीत की वकालत कर रहे थे। विदेश मंत्री अब्बास अराघची और संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर गालीबाफ जैसे बड़े चेहरे कट्टरपंथियों के निशाने पर हैं।

मातम के इन मंचों से बंदूकों के साए में तकरीरें दी जा रही हैं और खामेनेई की मौत का बदला लेने के लिए अमेरिका के खिलाफ ‘महायुद्ध’ का खुला ऐलान किया जा रहा है। दूसरी तरफ, ईरान की आम जनता में इस बात को लेकर भारी गुस्सा है कि जब देश आर्थिक तंगी से जूझ रहा है, तब सरकार अपनी सियासी ताकत दिखाने के लिए देश की तिजोरी का मुंह इस तरह क्यों खोल रही है। फिलहाल जनाजा शुरू हो चुका है, और दुनिया की नजरें तेहरान के चप्पे-चप्पे पर टिकी हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN