Home LIFESTYLE NEWS HINDI खिचड़ी हो या खीर, कितने घंटे भिगोना चाहिए साबूदाना? सीख लें परफेक्ट...

खिचड़ी हो या खीर, कितने घंटे भिगोना चाहिए साबूदाना? सीख लें परफेक्ट तरीका

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Cooking Tips: व्रत में साबूदाना की कोई भी डिश बना रहे हों, पहले इसे भिगोकर रखना सबसे जरूरी होता है। यहीं गलती हो जाए तो ये चिपचिपा बन सकता है या कच्चा रह सकता है। यहां जानें क्या है सही तरीका।

नवरात्रि के व्रत में साबूदाना खूब खाया जाता है। इससे खीर, कटलेट, वड़ा और खिचड़ी जैसी कई डिशेज बनती हैं, जिन्हें लोग खूब पसंद करते हैं। हालांकि साबूदाना की एक गलती पूरी डिश का स्वाद बिगाड़ सकती है। आपने देखा होगा कि कई बार साबूदाना बहुत ज्यादा चिपचिपा हो जाता है या अंदर से हार्ड रह जाता है। इसकी सबसे बड़ी वजह साबूदाना को ठीक से ना भिगोना होती है। कोई भी डिश बनाने से पहले साबूदाना को कुछ घंटों के लिए भिगोकर रखना होता है। इस दौरान पानी की मात्रा का ध्यान रखना भी जरूरी होता है। कई लोगों से यहीं गलती होती है, जिस वजह से साबूदाना खिला-खिला नहीं बन पाता है। तो चलिए आज जानते हैं कि इसे कितने घंटे भिगोकर रखना चाहिए और सही तरीका क्या है।

साबूदाना कितने घंटे भिगोना चाहिए?

साबूदाने की खिचड़ी या कोई भी अन्य डिश बनाने से पहले इसे भिगोकर रखना बहुत जरूरी होता है। कम से कम 5-6 घंटे इसके लिए पर्याप्त होते हैं। आप चाहें तो रातभर के लिए भी इन्हें भिगोकर रख सकते हैं। छोटे साइज का साबूदाना थोड़ा जल्दी फूल सकता है, वहीं बड़े साइज का साबूदाना कुछ घंटे ज्यादा ले सकता है। इसे चेक करने के लिए एक दाने को दबाकर देखें। अच्छी तरह से भीगा साबूदाना दबाने पर आसानी से नर्म हो जाता है।

साबूदाना भिगोने का सही तरीका क्या है?

स्टेप 1- साबूदाना को अच्छी तरह धोना जरूरी है

साबूदाना को सीधा भिगोकर नहीं रखना चाहिए। इसे पहले अच्छे से धोना बेहद जरूरी होता है। इसके लिए साबूदाना को एक बर्तन में लें और 2-3 बार साफ पानी की मदद से अच्छी तरह वॉश कर लें। इससे सारी धूल मिट्टी भी निकल जाती है और एकस्ट्रा स्टार्च निकलने में भी मदद मिलती है।

स्टेप 2- सही मात्रा में डालें पानी

साबूदाना को भिगोने के लिए सही मात्रा में पानी डालना जरूरी है। अक्सर लोग यहीं गलती करते हैं, जिस वजह से या तो साबूदाना ज्यादा फूल जाता है या कच्चा रह जाता है। इसके लिए आप जिस कटोरी से साबूदाना ले रहे हैं, उसी के माप से आधी कटोरी पानी डालें या फिर इतना पानी हो कि साबूदाना अच्छे से भीग जाए और आधा इंच पानी ऊपर तक रहे।

स्टेप 3- भिगोकर रखें साबूदाना

अब बर्तन को ढककर साबूदाना को 5-6 घंटे या रातभर के लिए भिगोकर रख दें। ये सारे पानी को सोख लेंगे और फूल जाएंगे। अब एक चम्मच की मदद से इन्हें चलाकर देखें, एक-एक दाना अलग-अलग हो जाएगा। इसे आप खिचड़ी, वड़ा, कटलेट या खीर बनाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।

काम की टिप- अगर आपके पास साबूदाना भिगोने के लिए ज्यादा टाइम नहीं है, तो गर्म पानी में इसे भिगोकर रख सकते हैं। पानी इतना गर्म हो कि आप उसे छू सकें। गर्म पानी में साबूदाना जल्दी सॉफ्ट हो जाता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN