Source :- LIVE HINDUSTAN
गर्मी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में घर के बड़े और डॉक्टर भी सभी को हाइड्रेटेड रहने की सलाह दे रहे हैं। वैसे तो हाइड्रेशन के लिए पानी की सही मात्रा पीना जरूरी है, लेकिन अगर आप दिनभर में बहुत ज्यादा पानी नहीं पी पाते हैं तो आप खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए नारियल पानी, पानी वाले फल या छाछ को डायट में शामिल कर सकते हैं। दही से बनी छाछ सेहत के लिए काफी फायदेमंद मानी जाती है। ज्यादातर एक्सपर्ट रोजाना के रूटीन में एक ग्लास छाछ पीने की सलाह देते हैं। क्या आप जानते हैं कि गर्मियों में हेल्थ के लिए छाछ को दही से ज्यादा बेहतर माना जाता है? अब आपके मन में जरूर ये सवाल होगा की ऐसा क्यों, दही से बनने के बावजूद क्यों छाछ बेहतर है। तो आइए इस आर्टिकल के जरिए समझते हैं।
क्यों बेहतर है छाछ?
कुछ रिपोर्ट्स कहती हैं कि दही में एक्टिव बैक्टीरिया होते है। जो गर्मी के संपर्क में आने पर फर्मेंट करता है। इसलिए जब हम दही खाते हैं, तो यह पेट की गर्मी के संपर्क में आता है और फर्मेंट होना शुरू हो जाता है। ऐसे में यह शरीर को ठंडा करने के बजाय गर्म करता है। फर्मेंटेशन की इस प्रक्रिया को रोकने के लिए छाछ बेहतर मानी जाती है क्योंकि इसे दही में पानी मिलाकर तैयार किया जाता है। इसके अलावा छाछ में जीरा पाउडर, पिंक सॉल्ट, धनिया जैसे मसाले मिलाने से भी फायदा होता है। कुछ लोग तो छाछ में हींग मिलाकर पीना पसंद करते हैं, जिससे पाचन प्रक्रिया में मदद मिलती है।
क्या कहता है आयुर्वेद
आयुर्वेदिक एक्सपर्ट्स का मानना है कि छाछ में ठंडक देने वाले गुण होते हैं और गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडा रखने के लिए यह एक बेहतरीन ड्रिंक है। इसलिए आयुर्वेद में दही की तुलना में छाछ को ज्यादा हेल्दी ऑप्शन माना जाता है। दही में पानी मिलाकर छाछ बनाने पर पाचन क्रिया तेज होती है। ऐसे में ये ड्रिंक अपच की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए फायदेमंद साबित होती है।
ध्यान देने वाली बात
इस बात को ध्यान में रखना होगा की दही के अपने हेल्थ बेनिफिट्स हैं। लेकिन गर्मी के महीनों में छाछ को प्राथमिकता दे सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN