Home - गूगल क्रोम Incognito Mode में कर रहे हैं प्राइवेट ब्राउजिंग? ये 5...

गूगल क्रोम Incognito Mode में कर रहे हैं प्राइवेट ब्राउजिंग? ये 5 बातें जानना बहुत जरूरी है

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

क्रोम का Incognito Mode इस्तेमाल करते हैं तो जान लें कि यह आपकी पूरी ऑनलाइन एक्टिविटी नहीं छिपाता। जानिए Incognito में क्या प्राइवेट रहता है और आपकी जानकारी कौन देख सकता है।

ज्यादातर लोग इंटरनेट ब्राउजिंग के लिए गूगल क्रोम का इस्तेमाल करते हैं। क्रोम में मौजूद Incognito Mode का भी यूज बहुत किया जाता है और यह गूगल का काफी पॉपुलर फीचर भी है। बहुत से लोग मानते हैं कि Incognito Tab खोलने के बाद उनकी इंटरनेट एक्टिविटी पूरी तरह प्राइवेट हो जाती है और कोई भी यह नहीं देख सकता कि उन्होंने कौन-सी वेबसाइट खोली या क्या सर्च किया। लेकिन ऐसा पूरी तरह नहीं है।

Google के मुताबिक, Incognito Mode मुख्य रूप से आपके डिवाइस पर सेव होने वाली ब्राउजिंग जानकारी को सीमित करता है। Incognito Session खत्म होने के बाद Chrome उस सेशन की ब्राउजिंग हिस्ट्री, साइट डेटा और कुछ दूसरी जानकारी को सेव नहीं रखता। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वेबसाइट, इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर या नेटवर्क को आपकी एक्टिविटी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकती। आइए आपको समझाते हैं कि इसमें क्या छिपता है और क्या नहीं।

1. Incognito में Browsing History सेव नहीं होती

Incognito Mode की सबसे बड़ी खासियत यही है कि जब आप इस मोड में ब्राउजिंग करते हैं तो क्रोम आपकी ब्राउजिंग हिस्ट्री का रिकॉर्ड सेव नहीं रखता। जब आप Incognito की सभी विंडो बंद कर देते हैं, तो उस सेशन का ब्राउजिंग रिकॉर्ड डिवाइस पर हिस्ट्री के रूप में उपलब्ध नहीं रहता।

2. लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वेबसाइट आपको नहीं पहचान सकती

यह सबसे जरूरी बात है। Incognito Mode वेबसाइटों को आपकी एक्टिविटी इकट्ठा करने से पूरी तरह नहीं रोकता। Google की जानकारी के अनुसार, Incognito में भी आपके द्वारा विजिट की गई वेबसाइट्स और उनकी इस्तेमाल की जाने वाली सर्विसेज आपके बारे में जानकारी जुटा सकती हैं। यानी Incognito खोलने के बाद आप इंटरनेट पर पूरी तरह हाईड नहीं हो जाते। इसलिए अगर कोई यूजर यह सोचता है कि Incognito में जाने के बाद वेबसाइट को उसकी विजिट के बारे में कुछ पता ही नहीं चलेगा, तो यह सही समझ नहीं है।

3. Internet Service Provider भी एक्टिविटी देख सकता है

Incognito Mode मुख्य रूप से डिवाइस पर लोकल प्राइवेसी बढ़ाता है। यह आपके इंटरनेट कनेक्शन को पूरी तरह प्राइवेट नहीं बनाता। Google के मुताबिक, आपके इंटरनेट नेटवर्क को मैनेज करने वाली संस्थाएं, जैसे Internet Service Provider (ISP), स्कूल या ऑफिस नेटवर्क, आपकी ऑनलाइन एक्टिविटी को देख सकती हैं।

4. Download की गई फाइल्स डिवाइस में रह सकती हैं

Incognito Mode में ब्राउजिंग खत्म करने के बाद भी एक चीज का खास ध्यान रखना चाहिए। अगर आपने Incognito में कोई फाइल डाउनलोड की है, तो वह फाइल अपने आप डिवाइस से डिलीट नहीं हो जाती। Google के अनुसार, Incognito Session खत्म होने के बाद भी डाउनलोड की गई फाइलें डिवाइस पर मौजूद रहती हैं। इसी तरह Incognito में सेव किए गए bookmarks भी सामान्य क्रोम Session में उपलब्ध रह सकते हैं। इसलिए अगर आपने किसी पब्लिक या ऑफिशियल डिवाइस पर कोई फाइल डाउनलोड की है और नहीं चाहते कि दूसरा व्यक्ति उसे देखे, तो उसे अलग से डिलीट करना पड़ेगा।

5. Cookies और Site Data का क्या होता है?

Incognito Mode में वेबसाइट्स को चलाने के लिए क्रोम कुछ समय के लिए cookies और site data रखता है। इससे वेबसाइट ठीक तरह से काम कर पाती है और आपका मौजूदा ब्राउजिंग सेशन चलता रहता है। Incognito Mode बंद करने के बाद क्रोम उस दौरान की वेबसाइट से जुड़ी जानकारी सेव नहीं रखता।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN