Source :- LIVE HINDUSTAN
Home Remedies for Smelly Farts: अगर पेट में गैस, भारीपन या बार-बार बदबूदार पाद की समस्या रहती है, तो राहत के लिए हमेशा दवा की जरूरत नहीं होती। आपकी रसोई में मौजूद कुछ साधारण चीजें भी मदद कर सकती हैं।
कभी ऐसा हुआ है कि पेट में गैस बनने की वजह से लोगों के बीच बैठना भी मुश्किल लगने लगे? या फिर बार-बार पेट फूलने और बदबूदार पाद की वजह से असहज महसूस हो? यह समस्या जितनी आम है, उतनी ही परेशान करने वाली भी हो सकती है। अक्सर लोग इसका कारण सिर्फ एक दिन के खाने को मान लेते हैं, जबकि कई बार इसके पीछे पाचन से जुड़ी छोटी-छोटी आदतें जिम्मेदार होती हैं।
दिलचस्प बात यह है कि राहत पाने के लिए आपको हमेशा महंगे उपायों की जरूरत नहीं पड़ती। आपकी रसोई में रखी कुछ साधारण चीजें पेट को हल्का रखने, गैस कम करने और पाचन को बेहतर बनाने में मदद कर सकती हैं। आइए जानते हैं उन आसान घरेलू उपायों के बारे में, जिन्हें हमारे घरों में लंबे समय से अपनाया जाता रहा है।
1. अजवाइन
अगर खाना खाने के बाद पेट भारी लगता है या गैस बनने लगती है, तो अजवाइन मददगार साबित हो सकती है। आधा चम्मच अजवाइन में थोड़ा सेंधा नमक मिलाकर चबा सकते हैं। चाहें तो अजवाइन का पानी बनाकर भी पी सकते हैं। इससे पेट में जमा गैस और असहजता कम करने में मदद मिलेगी।
2. जीरा
जीरा लगभग हर भारतीय रसोई में आसानी से मिल जाता है। सुबह खाली पेट जीरे का पानी पीना या रोज के खाने में जीरे का इस्तेमाल करना पाचन को बेहतर बनाने में सहायक हो सकता है। इससे पेट फूलने की समस्या भी कम होगी।
3. मेथी
अगर पेट साफ ना होने की समस्या रहती है, तो मेथी का सेवन फायदेमंद हो सकता है। एक चम्मच मेथी को रातभर पानी में भिगो दें। सुबह इसे चबाकर खा लें। इससे पाचन प्रक्रिया बेहतर हो सकती है।
4. धनिया
धनिया सिर्फ सजावट के लिए ही नहीं, बल्कि पाचन के लिए भी उपयोगी है। धनिया के बीजों का पानी पी सकते हैं या ताजा धनिया को खाने में शामिल कर सकते हैं। इससे पेट में होने वाली जलन और भारीपन में राहत मिलेगी।
5. इलायची
इलायची की खुशबू जितनी अच्छी होती है, यह पाचन के लिए भी उतनी ही उपयोगी है। खाना खाने के बाद एक इलायची चबाई जा सकती है। इससे मुंह की बदबू कम करने के साथ-साथ पाचन को भी सहारा मिलता है।
गैस और बदबूदार पाद की समस्या क्यों होती है?
- जल्दी-जल्दी खाना खाना: जब खाना ठीक से चबाए बिना खाया जाता है, तो पाचन पर असर पड़ता है।
- ज्यादा तला और मसालेदार भोजन: ऐसे भोजन कुछ लोगों में गैस और पेट फूलने की परेशानी बढ़ा सकते हैं।
- पानी कम पीना: पर्याप्त पानी ना पीने से पाचन धीमा पड़ सकता है और पेट से जुड़ी समस्याएं बढ़ती हैं।
- लंबे समय तक बैठे रहना: शारीरिक गतिविधि कम होने पर भी पाचन प्रभावित हो सकता है।
कुछ आसान आदतें भी अपनाएं
- खाना धीरे-धीरे खाएं।
- भोजन के बाद थोड़ी देर टहलें।
- पर्याप्त पानी पीएं।
- बहुत देर तक भूखे ना रहें।
- रोजाना हल्की शारीरिक गतिविधि करें।
नोट : यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए डॉक्टर से उचित सलाह ले सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





