Home LIFESTYLE NEWS HINDI गैस-बीपी नहीं, ये हार्ट अटैक है! महिलाओं में दिखने वाले ये 5...

गैस-बीपी नहीं, ये हार्ट अटैक है! महिलाओं में दिखने वाले ये 5 लक्षण ना करें नजरंदाज

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पुरुषों और महिलाओं में हार्ट अटैक के लक्षण काफी अलग हो सकते हैं। खासकर महिलाओं में तो ऐसे लक्षण दिखते हैं, जिन्हें लोग गैस या बीपी समझकर इग्नोर कर देते हैं। आइए इनके बारे में विस्तार से जानते हैं।

हार्ट अटैक के मामले आजकल तेजी से बढ़ रहे हैं। खासकर युवाओं में बढ़ता रिस्क काफी डरा देने वाला है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या हार्ट अटैक अचानक आ जाता है या इसके पहले से कुछ संकेत देखने को मिलते हैं? हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो हार्ट अटैक आने से पहले कुछ लक्षण दिख सकते हैं, जिन्हें यदि समय पर पहचान लिया जाए तो इस गंभीर खतरे को टाला जा सकता है। हालांकि पुरुषों और महिलाओं में ये लक्षण काफी अलग हो सकते हैं। महिलाओं में कई बार ये इतने सामान्य होते हैं कि गैस, थकान या तनाव मानकर लोग इग्नोर कर देते हैं। लेकिन ये साइलेंट हार्ट अटैक के संकेत हो सकते हैं। आइए विस्तार में जानते हैं-

महिलाओं में साइलेंट हार्ट अटैक के हो सकते हैं ये 5 लक्षण

1) पूरी नींद लेने के बाद भी थकान बने रहना

अगर पूरी नींद लेने के बाद भी शरीर में असामान्य सी थकान महसूस हो तो इसे नजरंदाज नहीं करना चाहिए। ये अचानक नहीं होता, बल्कि हार्ट अटैक आने से हफ्तों पहले धीरे-धीरे महसूस होने लगता है। इसलिए जब छोटे-छोटे कामों में सांस फूलने लगे, अजीब सी थकान शरीर में बनी रहे तो इसे नॉर्मल समझकर अनदेखा ना करें। तुरंत किसी स्पेशलिस्ट डॉक्टर की सलाह लें।

2) रात में नींद टूटना और घबराहट होना

रात में बिना किसी वजह से अगर नींद टूट रही है या अजीब सी बेचैनी और घबराहट होती है, तो कई लोग इसे सामान्य तनाव समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन जरूरी नहीं कि हर बार ये सिर्फ काम का प्रेशर और टेंशन ही हो। ये आने वाले हार्ट अटैक का संकेत भी हो सकता है। कई दिनों से अगर आप ऐसा कुछ महसूस कर रही हैं तो डॉक्टर की सलाह लें।

3) सीने में नहीं जबड़े और गर्दन पर हो सकता है दबाव

हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें हो ज्यादातर महिलाओं में सीने का दर्द नहीं होता है। इसकी जगह उनके जबड़े में दर्द और गर्दन में दबाव या खिंचाव महसूस हो सकता है। कई महिलाएं इसे थायरॉइड समझकर नजरअंदाज कर देती हैं। लेकिन इसे सीरियस लेना चाहिए और एक बार डॉक्टर से जरूर सलाह लेनी चाहिए।

4) अचानक पसीना आना या उल्टी जैसा महसूस होना

अगर आपको बिना कुछ किए भी अचानक से बहुत ज्यादा पसीना आ रहा है और उल्टी जैसा मन हो रहा है, तो ये भी हार्ट अटैक आने से पहले का संकेत हो सकता है। कई महिलाएं इसे गैस और बीपी समझकर इग्नोर कर देती हैं, लेकिन बाकी लक्षणों के साथ अगर ये भी दिख रहा है तो डॉक्टर की तुरंत दिखाना चाहिए।

5) दोनों कंधों के बीच अचानक दर्द होना

अगर पीठ के ऊपर हिस्से यानी दोनों कंधों के बीच अचानक तेज दर्द शुरू हो गया है या अजीब सा दबाव महसूस हो रहा है, तो इस लक्षण को सामान्य समझकर बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ये लक्षण पुरुषों में उतना आम नहीं है, लेकिन महिलाओं में हार्ट अटैक आने से पहले काफी ज्यादा देखने को मिलता है।

गैस, ब्लोटिंग या बीपी समझकर ना करें नजरअंदाज

अगर आपके घर में कोई भी महिला कुछ इस तरह के लक्षण महसूस कर रही हैं, तो इसे बीपी, गैस, एसिडिटी या थायरॉइड समझकर नजरअंदाज ना करें। ज्यादातर लोग यही गलती करते हैं जो बाद में जानलेवा भी हो सकती है। इसलिए समय रहते डॉक्टर की सलाह लेना एक समझदारी भरा कदम हो सकता है।

नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN