Source :- LIVE HINDUSTAN
Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक अनजानी महिला की दशकों पुरानी तस्वीर पोस्ट कर पूरे इंटरनेट को हैरान कर दिया है। तस्वीर के साथ ट्रंप ने भावुक कैप्शन भी लिखा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक अनजानी महिला की पुरानी तस्वीर शेयर कर अपने समर्थकों समेत पूरे इंटरनेट को चौंका दिया है। तस्वीर में एक गोरी महिला आत्मविश्वास से भरी मुद्रा में कैमरे की ओर देख रही हैं। उन्होंने आकर्षक काली प्रोफेशनल ड्रेस और फैशनेबल बूट्स पहने हुए हैं। दाहिने हाथ में सोने के चमकदार कंगन हैं। महिला मुस्कुराते हुए पुराने स्टाइल के फोन को कान से लगाए हुए हैं, जबकि उनका सिर थोड़ा झुका हुआ है। वे लाल रंग के शानदार सोफे पर आराम से बैठी दिख रही हैं। बैकग्राउंड में लग्जरी लिविंग रूम का माहौल साफ नजर आ रहा है, जिसमें क्लासिक रॉकिंग चेयर, साइड टेबल्स, सजावटी आइटम्स और हरे-भरे कृत्रिम पौधे शामिल हैं। तस्वीर कई साल पुरानी प्रतीत होती है। ट्रंप ने इस तस्वीर के साथ भावुक कैप्शन लिखा- ग्रेट डॉटर। मेरा सम्मान।
कौन है ‘ग्रेट डॉटर’?
ट्रंप के इस पोस्ट ने ट्रुथ सोशल पर तूफान मचा दिया है। लाखों यूजर्स ने इसे शेयर, लाइक और कमेंट किया। सबसे ज्यादा बहस महिला की पहचान को लेकर हो रही है। ऑनलाइन यूजर्स और एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि यह महिला मार्गो कैटसिमाटिडिस हो सकती हैं, जो न्यूयॉर्क के प्रमुख अरबपति व्यवसायी जॉन कैटसिमाटिडिस की पत्नी हैं। जॉन कैटसिमाटिडिस रियल एस्टेट, तेल और मीडिया क्षेत्र के बड़े नाम हैं और ट्रंप परिवार के लंबे समय से करीबी मित्र माने जाते हैं। एक यूजर ने जोड़ी की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि मुझे लगता है कि ये मार्गो कैटसिमाटिडिस हैं, जॉन कैटसिमाटिडिस की पत्नी।
एंड्रिया कैटसिमाटिडिस की ओर इशारा?
कुछ यूजर्स का मानना है कि ट्रंप का इशारा जॉन और मार्गो की बेटी एंड्रिया कैटसिमाटिडिस की तरफ हो सकता है। एंड्रिया 2017 से मैनहट्टन रिपब्लिकन पार्टी की अध्यक्ष हैं और न्यूयॉर्क की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। एक यूजर ने 2019 का पुराना ट्वीट शेयर करते हुए लिखा कि मुझे ऐसा लगता है। बेटी मैनहट्टन रिपब्लिकन पार्टी की अध्यक्ष थीं या हैं।
अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं
पोस्ट के कमेंट सेक्शन में सैकड़ों यूजर्स लगातार महिला की पहचान पूछ रहे हैं। कुछ इसे ट्रंप परिवार की किसी करीबी महिला से जोड़ रहे हैं, तो कुछ इसे ट्रंप की अनोखी सोशल मीडिया स्टाइल का हिस्सा बता रहे हैं। हालांकि वाइट हाउस या ट्रंप परिवार की ओर से इस पोस्ट पर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। महिला की असली पहचान और पोस्ट के पीछे का मकसद अभी भी रहस्य बना हुआ है।
बता दें कि यह पोस्ट ऐसे समय पर आया है जब राष्ट्रपति ट्रंप की सेहत को लेकर हाल ही में काफी चिंता जताई जा रही थी। कुछ दिनों पहले एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने अचानक अपना सिर तेजी से पीछे झटका था और उनकी आंखें ऊपर की ओर घूम गई थीं, जिसे देखकर समर्थक और विपक्ष दोनों चिंतित हो गए थे। ठीक उसी माहौल में ट्रंप का यह भावुक और रहस्यमयी पोस्ट सामने आया है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




