Home rss business hindi घने जंगल, पश्चिमी घाट के सबसे दुर्गम पहाड़ों और अरब सागर के...

घने जंगल, पश्चिमी घाट के सबसे दुर्गम पहाड़ों और अरब सागर के किनारे से गुजरेगी नई वंदे भारत, बेंगलुरु से गोवा का सफर होगा यादगार

8
0

Source :- KHABAR INDIA TV

अब बेंगलुरु से गोवा जाने वाले यात्रियों को सिर्फ अपनी मंजिल ही नहीं, बल्कि रास्ते के खूबसूरत नजारे भी याद रहेंगे। भारतीय रेलवे ने बेंगलुरु, कर्नाटक के तटीय इलाकों और गोवा के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में नई वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यशवंतपुर-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन घने जंगलों, पश्चिमी घाट के दुर्गम पहाड़ी रास्तों और अरब सागर के खूबसूरत तटीय इलाकों से होकर गुजरेगी। करीब 671 किलोमीटर लंबे इस रूट पर सफर यात्रियों के लिए खास एक्सपीरियंस हो सकता है।

पश्चिमी घाट के खूबसूरत नजारों से गुजरेगी ट्रेन

इस वंदे भारत रूट की सबसे खास बात इसका प्राकृतिक नजारा है। ट्रेन पश्चिमी घाट के घने जंगलों और ऊंचे पहाड़ों के बीच से होकर गुजरेगी। सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड का दुर्गम घाट सेक्शन इस यात्रा को और खास बनाएगा। इस कठिन पहाड़ी हिस्से का विद्युतीकरण भी पूरा किया गया है। आगे बढ़ते हुए ट्रेन कर्नाटक के समुद्री तट के करीब से गुजरेगी, जहां यात्रियों को अरब सागर के खूबसूरत नजारे देखने को मिलेंगे। इस तरह नई वंदे भारत सिर्फ बेंगलुरु और गोवा के बीच यात्रा का एक नया ऑप्शन नहीं होगी, बल्कि पश्चिमी घाट और कर्नाटक के तटीय इलाकों की खूबसूरती देखने का भी शानदार मौका देगी।

देश का सबसे कठिन रेल रूट

आपको बता दें कि कर्नाटक के साकलेशपुर-सुब्रमण्य रोड घाट सेक्शन देश का सबसे कठिन रेल रूट है। इस चुनौतीपूर्ण रेलखंड में 57 सुरंगें, 226 पुल और 108 तीखे मोड़ हैं। यहां 1:50 की खड़ी ढलान और भूस्खलन का खतरा भी रहता है। 1:50 की खड़ी ढलान का मतलब है कि रेलवे ट्रैक पर ट्रेन को काफी चढ़ाई चढ़नी पड़ती है। आसान शब्दों में समझें तो ट्रेन अगर 50 मीटर आगे बढ़ती है, तो इस दौरान उसे 1 मीटर की ऊंचाई चढ़नी होती है। यानी रास्ता सीधा और समतल नहीं, बल्कि लगातार ऊपर की ओर जाता है। इतनी खड़ी चढ़ाई पर ट्रेन चलाना और ट्रैक का विद्युतीकरण करना इंजीनियरों के लिए काफी मुश्किल काम होता है।

15 नवंबर से शुरू होगी नियमित सेवा

दक्षिण पश्चिम रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, नई वंदे भारत एक्सप्रेस की नियमित सेवा 15 नवंबर 2026 से शुरू होगी। यह ट्रेन बेंगलुरु के यशवंतपुर और गोवा के मडगांव के बीच हफ्ते में छह दिन चलेगी। ट्रेन नंबर 26655 यशवंतपुर से मडगांव के लिए रवाना होगी और बुधवार को नहीं चलेगी। वहीं, ट्रेन नंबर 26656 मडगांव से यशवंतपुर के लिए चलेगी और गुरुवार को इसका संचालन नहीं होगा। इससे पहले 13 नवंबर को ट्रेन की शुरुआत के मौके पर दो उद्घाटन स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। नई सेवा से पर्यटकों के अलावा कारोबारियों, छात्रों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

इन 12 स्टेशनों पर होगा ठहराव

यशवंतपुर-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस रास्ते में कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें श्रवणबेलगोला, हासन, सकलेशपुर, सुब्रह्मण्य रोड, काबकापुत्तूर, मंगलुरु जंक्शन, उडुपी, कुंदापुरा, मुकांबिका रोड बिंदूर, मुरुदेश्वर, गोकर्ण रोड और कारवार शामिल हैं। इस रूट से यात्रियों को उडुपी, कोल्लूर स्थित मूकाम्बिका मंदिर, मुरुदेश्वर, गोकर्ण और कारवार जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों तक पहुंचने में भी सुविधा मिलेगी।

ट्रेन संख्या 26655: बेंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस (बेंगलुरु से गोवा)

स्टेशन का नाम आगमन प्रस्थान
यशवंतपुर जंक्शन       – 07:35 am
श्रवणबेलगोला 09:03 am 09:05 am
हासन 09:38 am 09:40 am
सकलेशपुर 10:20 am 10:22 am
सुब्रह्मण्य रोड 12:40 pm 12:42 pm
कबकपुत्तूर 01:25 pm 01:27 pm
मंगलुरु जंक्शन 03:05 pm 03:15 pm
उडुपी 04:20 pm 04:22 pm
कुंडापुरा 04:38 pm 04:40 pm
मूकाम्बिका रोड बैंदूर 05:20 pm 05:22 pm
मुरुदेश्वर 06:00 pm 06:02 pm
गोकर्ण रोड 07:00 pm 07:02 pm
कारवार 07:45 pm 07:47 pm
मडगांव 08:55 pm –

ट्रेन संख्या 26656: मडगांव-यशवंतपुर वंदे भारत एक्सप्रेस (गोवा से बेंगलुरु)

स्टेशन का नाम आगमन प्रस्थान
मडगांव – 08:20 am
कारवार 09:03 am 09:05 am
गोकर्ण रोड 09:48 am 09:50 am
मुरुदेश्वर 11:00 am 11:02 am
मूकाम्बिका रोड बैंदूर 11:20 am 11:22 am
कुंडापुरा 11:48 am 11:50 am
उडुपी 12:18 pm 12:20 pm
मंगलुरु जंक्शन 01:50 pm 02:00 pm
कबकपुत्तूर 02:43 pm 02:45 pm
सुब्रह्मण्य रोड 03:28 pm 03:30 pm
सकलेशपुर 05:30 pm 05:32 pm
हासन 06:13 pm 06:15 pm
श्रवणबेलगोला 06:43 pm 06:45 pm
यशवंतपुर जंक्शन 09:15 pm –

पूरी तरह इलेक्ट्रिक हुआ बेंगलुरु-मंगलुरु रेल रूट

इस सेवा की शुरुआत के साथ सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड घाट रेल सेक्शन के 55 किलोमीटर हिस्से का विद्युतीकरण भी देश को समर्पित किया जाएगा। इसके पूरा होने से बेंगलुरु-मंगलुरु रेल मार्ग पूरी तरह इलेक्ट्रिक हो गया है। इससे रेल परिचालन अधिक सुविधाजनक और बेहतर होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- छठ पूजा पर घर जाने का अभी भी है मौका, दिल्ली से यूपी-बिहार के लिए चल रही 100 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें; देखें पूरी लिस्ट

SOURCE : KHABAR INDIA TV