Home rss business hindi चर्चित कंपनी के IPO प्लान पर लगा ब्रेक, सेबी से वापस लिया...

चर्चित कंपनी के IPO प्लान पर लगा ब्रेक, सेबी से वापस लिया ड्राफ्ट पेपर

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Prestige Group news: रियल एस्टेट कंपनी प्रेस्टीज एस्टेट्स ने बाजार की अनिश्चित परिस्थितियों और अन्य वजहों का हवाला देते हुए अपने होटल कारोबार के आईपीओ की योजना को फिलहाल ठंडे बस्ते में डाल दिया है। बता दें कि प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स लिमिटेड की सहायक इकाई प्रेस्टीज हॉस्पिटैलिटी वेंचर्स लिमिटेड (पीएचवीएल) ने आईपीओ लाने के लिए पिछले साल अप्रैल में भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) जमा किया था। कंपनी की इश्यू के जरिए 2700 करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना थी।

दोबारा ड्राफ्ट पेपर दाखिल करने की योजना

प्रेस्टीज हॉस्पिटैलिटी वेंचर्स ने शेयर बाजार को बताया कि निदेशक मंडल ने रणनीतिक विचारों और बाजार की अनिश्चित स्थितियों को देखते हुए डीआरएचपी वापस लेने का निर्णय लिया है। कंपनी बाजार की अनुकूल परिस्थितियों, जरूरी मंजूरियों और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए भविष्य में अपने इक्विटी शेयरों के आईपीओ के लिए सेबी के समक्ष नए सिरे से ड्राफ्ट पेपर दाखिल करने पर विचार कर सकती है। इस साल अगस्त में प्रेस्टीज एस्टेट्स ने बताया था कि कनाडा की निवेश फर्म सीपीपीआईबी उसकी हॉस्पिटैलिटी कारोबार में 3,000 करोड़ रुपये तक का निवेश करेगी।

दिल्ली-एनसीआर में विस्तार की योजना

हाल ही में प्रेस्टीज एस्टेट्स ने दिल्ली-एनसीआर में विस्तार की योजना के तहत गुरुग्राम में एक आवासीय परियोजना विकसित करने के लिए जमीन मालिक के साथ संयुक्त विकास समझौता (जेडीए) किया है। इस परियोजना से करीब 5,600 करोड़ रुपये की राजस्व आय का अनुमान है। कंपनी ने गुरुग्राम के सेक्टर-109 में 17.14 एकड़ जमीन को अपने आवासीय विकास पोर्टफोलियो का हिस्सा बनाया है। इस परियोजना में करीब 28 लाख वर्ग फुट बिक्री-योग्य क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इससे लगभग 5,600 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल होने की उम्मीद है।

बता दें कि कंपनी दिल्ली-एनसीआर बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। प्रेस्टीज एस्टेट्स गाजियाबाद में पहले से एक आवासीय परियोजना विकसित कर रही है और जल्द ही नोएडा में भी एक परियोजना शुरू करेगी। बेंगलुरु स्थित प्रेस्टीज एस्टेट्स देश के प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपरों में से एक है। यह प्रमुख शहरों में आवास, कार्यालय, मॉल और होटल विकसित करती है। कंपनी के पास कई होटल हैं।

कैसे रहे जून तिमाही के नतीजे?

चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स लिमिटेड का मुनाफा 19 प्रतिशत घटकर 235.9 करोड़ रुपये रह गया। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी का मुनाफा 292.5 करोड़ रुपये था। तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 2,835.6 करोड़ रुपये हो गई जो एक वर्ष पहले की समान अवधि में 2,468.7 करोड़ रुपये थी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN