Home rss world hindi चर्च में मृत्यु के बारे में बता रहे थे पादरी, ऊपर गिर...

चर्च में मृत्यु के बारे में बता रहे थे पादरी, ऊपर गिर गया ईसा मसीह का क्रॉस; लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान दर्दनाक मौत

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में देखा जा सकता है कि पादरी पैट्रिक अल्फ्रेडो सांचेज मोलिनारी सामने खड़े होकर लोगों को संबोधित कर रहे थे। तभी…

इक्वाडोर के गुआयाक्विल शहर से एक हैरान करने वाली और बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक चर्च में लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान कैथोलिक पादरी के ऊपर अचानक एक भारी लकड़ी का क्रूसीफिक्स यानी ईसा मसीह का क्रॉस गिर गया। हादसा इतना भयावह था कि सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण पादरी की तुरंत मौत हो गई और चीख पुकार मच गई।

यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है और सोशल मीडिया पर इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पादरी चर्च में खड़े होकर लोगों को संबोधित करते दिखते हैं। इसके कुछ ही पलों में क्रॉस उनके सिर पर गिर जाता है और वे गिर जाते हैं। रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि हादसे से ठीक पहले पादरी मृत्यु के बारे में बता रहे थे।

हजारों लोगों ने देखा लाइव

जानकारी के मुताबिक यह घटना बीते 17 अक्टूबर को गुआयाक्विल स्थित न्यूस्ट्रा सेनोरा डेल परपेटुआ सोकोरो चर्च में हुई। हादसा तब हुआ जब पादरी पैट्रिक अल्फ्रेडो सांचेज मोलिनारी स्टेज के पास खड़े होकर अपनी एक रस्म अदा कर रहे थे। तभी दीवार पर लगा एक भारी लकड़ी का क्रूसीफिक्स अचानक अपनी जगह से उखड़ गया और सीधे पादरी के सिर पर आ गिरा। बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय चर्च की प्रार्थना सेवा का सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण किया जा रहा था। इस दर्दनाक घटना को हजारों लोगों ने रियल टाइम में देखा।

कैथोलिक प्रशासन ने बीते रविवार को पादरी सांचेज मोलिनारी के निधन की आधिकारिक पुष्टि की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा गया, “हमारे प्रिय पादरी पैट्रिक अल्फ्रेडो सांचेज मोलिनारी ईश्वर के पास चले गए हैं। प्रभु उन्हें शाश्वत शांति प्रदान करें और उनके आसपास सदैव प्रकाश बना रहे। आत्मा को शांति मिले। आमीन।”

मौत के बारे में बता रहे थे पादरी

पादरी को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक जब यह हादसा हुआ तब पादरी लोगों को मौत को लेकर कुछ बता रहे थे। एक अकाउंट के मुताबिक उनके आखिरी शब्द थे, “प्रिय भाइयों और बहनों, एक दिन हम सभी, जो आज यहां मौजूद हैं, मर जाएंगे… कभी-कभी हम दूसरी चीजों में जितना समय बिताते हैं, वह उतना सार्थक नहीं होता, जितना ईश्वर के साथ बिताया गया समय होता है। ईश्वर, अपने भाई-बहनों और परिवार को दिया गया वह कीमती समय ही सबसे अच्छा समय होता है।”

SOURCE : LIVE HINDUSTAN