Home National news hindi चलने में परेशानी से लेकर ट्रॉफ़ी उठाने तक, कैसे रायबाकिना ने जीत...

चलने में परेशानी से लेकर ट्रॉफ़ी उठाने तक, कैसे रायबाकिना ने जीत हासिल की

6
0

Source :- BBC INDIA

एलेना रायबाकिना ने 2026 में चार में से ग्रैंड स्लैम के दो सिंगल खिताब जीत लिए हैं

इमेज स्रोत, Sarah Stier/Getty Images

एलेना रायबाकिना पैर में चोट लगने के बाद दर्द के बिना चल नहीं पा रही थीं और न्यूयॉर्क पहुंची थीं. वो शहर से यूएस ओपन चैंपियन और दुनिया की नई नंबर एक खिलाड़ी बनकर लौट रही हैं.

कज़ाकिस्तान की रायबाकिना ने शनिवार के फ़ाइनल में दो बार की पूर्व चैंपियन बेलारूस की आर्यना सबालेंका को 6-4, 5-7, 6-2 से हराने के लिए शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने जनवरी में आर्यना के ख़िलाफ़ अपनी ऑस्ट्रेलियन ओपन की सफलता को दोहराया.

शनिवार रात ट्रॉफी को थामे हुए रायबाकिना ने टूर्नामेंट से पहले के अपने मुश्किल दौर के बाद कहा कि उनके लिए “कुछ जादुई हो रहा है”.

27 साल की एलेना रायबाकिना को पिछले महीने सिनसिनाटी में इगा स्वियातेक के ख़िलाफ़ क्वार्टर फ़ाइनल के दौरान पैर की चोट बढ़ गई थी.

यह चोट इस साल के अंतिम ग्रैंडस्लैम के शुरू होने से क़रीब 10 दिन पहले तक बरक़रार थी.

चोट के बावजूद खेलते रहने के उनके सीज़न के बाक़ी हिस्से के लिए गंभीर नतीजे हो सकते थे, लेकिन एलेना रायबाकिना यह जानते हुए कि वह शीर्ष रैंकिंग के क़रीब हैं, वह साल के अंतिम ग्रैंडस्लैम में खेलने की कोशिश करना चाहती थीं.

उन्होंने कहा, “मैं बहुत परेशान थी. मुझे सच में नहीं पता था कि हर दिन स्थिति कैसी रहने वाली थी. हम न्यूयॉर्क पहुंचे और एमआरआई कराया. यह बहुत अच्छा नहीं दिख रहा था. मैं अगले कुछ दिनों तक दर्द के साथ ही चल रही थी.”

“मैं भाग्यशाली थी कि ऑस्ट्रेलिया में मेरे पास एक बहुत अच्छी डॉक्टर थीं. वह हर समय हमारे साथ फ़ोन पर थीं और किसी तरह टीम के साथ मिलकर हमने एक योजना बनाई.”

रायबाकिना ने एक सप्ताह तक कोर्ट पर कोई ट्रेनिंग नहीं की, लेकिन जिम में रोज़ाना रिकवरी सेशन, साथ ही डिनर और सिनेमा जाने से “दिमाग़ को दूसरी ओर लगाने” में मदद मिली और वह एक और बड़ी जीत के लिए तैयार हो गईं.

उन्होंने फ्लशिंग मीडोज़ में अपने पहले चार मैच बिना एक भी सेट गंवाए जीते, जिसमें चार बार की ग्रैंडस्लैम विजेता नाओमी ओसाका को हराना भी शामिल था.

इसके बाद उनका सफ़र काफ़ी शानदार रहा. जिसमें क्वार्टर फ़ाइनल में ओलंपिक चैंपियन झेंग किनवेन को हराना, सेमी फ़ाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त कोको गॉफ़ को हराना और फ़ाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त सबालेंका को पछाड़ना शामिल था.

एलेना रायबाकिना ने कहा, “मैं चोट को लेकर बहुत बदकिस्मत थी, लेकिन मुझे बहुत गर्व है. मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा है.”

‘एक मशीन की तरह’

रिबाकिना ने सबालेंका को तीन सेटों में हराकर अमेरिकी ओपन जीता

इमेज स्रोत, Sarah Stier/Getty Images

न्यूयॉर्क में सेमी फ़ाइनल में पहुंचते ही एलेना रायबाकिना के दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी बनने की पुष्टि हो चुकी थी. उनके फ़ाइनल की प्रतिद्वंद्वी सबालेंका थीं, जो शीर्ष रैंकिंग पर थीं. इससे शनिवार के चैंपियनशिप मुक़ाबले में एक अतिरिक्त आयाम जुड़ गया.

रायबाकिना ने पहला सेट जीत लिया, हालांकि उनकी सर्विस, जो उनकी सबसे बड़ी ताक़त में से एक है, सही तरह से काम नहीं कर रही थी.

पहले सेट के दौरान उनकी पहली सर्विस केवल 27% बार ही कोर्ट में गई, लेकिन फिर भी उन्होंने अपनी सर्विस पर 30 में से 22 अंक जीते और ब्रेक प्वाइंट का सामना नहीं किया, जिससे उन्होंने बढ़त हासिल कर ली.

सबालेंका ने आख़िरकार दूसरे सेट के 12वें गेम में उनकी सर्विस तोड़कर मैच को निर्णायक सेट तक पहुंचा दिया, लेकिन निर्णायक सेट में रायबाकिना का दबदबा रहा.

जैसे-जैसे फ़ाइनल उनके हाथ से निकलता गया, उनकी बेलारूसी प्रतिद्वंद्वी साफ़ तौर पर अधिक निराश होती गईं, जबकि रायबाकिना असाधारण रूप से संयमित रहीं.

पूर्व ब्रिटिश नंबर एक एनाबेल क्रॉफ्ट ने बीबीसी रेडियो 5 लाइव पर कहा, “जिस तरह वह (रायबाकिना) चुपचाप घूमती हैं, वह वास्तव में अपना सिर ऊपर नहीं उठातीं और बिल्कुल भी कोई भाव नहीं दिखातीं.”

“रायबाकिना वहां एक मशीन की तरह हैं. आपको कभी पता नहीं चलता कि उनके दिमाग़ में क्या चल रहा है.”

हालांकि, रायबाकिना जब ख़िताब के लिए सर्व कर रही थीं, तब उन्होंने दो डबल फॉल्ट कर दिए और उस समय उनकी घबराहट दिखाई दी.

40-30 के स्कोर पर, जब ट्रॉफ़ी उनकी नज़रों के सामने थी, रायबाकिना पलक झपका सकती थीं. इसके बजाय, उन्होंने शांत भाव से मैच का अपना 12वां ऐस लगाया और अपना तीसरा ग्रैंडस्लैम ख़िताब हासिल किया.

दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने अपनी तीन बड़ी जीतों में सबसे बड़ा जश्न मनाया. उन्होंने मुस्कुराते हुए दोनों हाथ ऊपर उठाए और दर्शकों की तालियों का आनंद लिया.

रायबाकिना ने अब सबालेंका के ख़िलाफ़ अपने तीन ग्रैंडस्लैम फाइनल में से दो जीत लिए हैं, और ये सभी मुक़ाबले उनके पसंदीदा हार्ड कोर्ट पर हुए हैं.

‘वो कई और ग्रैंडस्लैम जीतेगी’

रिबाकिना इस साल फ्रेंच ओपन और विंबलडन से जल्दी बाहर हो गईं, लेकिन उन्होंने 2026 में दोनों हार्ड-कोर्ट ग्रैंड स्लैम जीते

इमेज स्रोत, Stier/Getty Images

सोमवार को रायबाकिना विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंचने वाली 30वीं महिला खिलाड़ी बन जाएंगी.

वह पिछले 99 हफ्तों से इस स्थान पर रहीं सबालेंका से अलग व्यक्तित्व रखती हैं, लेकिन क्रॉफ्ट का मानना है कि वह “इसे आसानी से संभाल लेंगी.”

क्रॉफ्ट ने कहा, “मुझे वास्तव में लगता है कि इससे निपटने के लिए उनके व्यक्तित्व में सही गुण हैं.”

“उनके आसपास बहुत सारी खिलाड़ी होंगी, जो लगातार उनके पीछे रहेंगी. उनके प्रदर्शन का स्तर ऊपर-नीचे हो सकता है, लेकिन जब वास्तव में ज़रूरत होती है, तो हमने देखा है कि वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकती हैं.”

“इस स्थान को बनाए रखना आसान नहीं होगा. मुझे लगता है कि महिला टेनिस इस समय वास्तव में रोमांचक है.”

रायबाकिना ने करियर ग्रैंडस्लैम के तीन हिस्से पूरे कर लिए हैं, जिसमें अब सिर्फ फ्रेंच ओपन की जीत उनके हिस्से में आना बाक़ी है.

साल 2022 में विंबलडन जीतने के बाद उन्होंने जनवरी के ऑस्ट्रेलियन ओपन में अपना दूसरा ग्रैंडस्लैम खिताब जीता था और अब उन्होंने न्यूयॉर्क में अपना तीसरा खिताब जोड़ लिया है.

वो इससे पहले रोलां गैरोस में कभी क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ी हैं, हालांकि उन्होंने साल 2023 में रोम में क्ले कोर्ट पर डब्लूटीए 1,000 टूर्नामेंट जीता था.

पूर्व ब्रिटिश नंबर एक लॉरा रॉबसन ने स्काई स्पोर्ट्स पर कहा, “वह सभी तरह के कोर्ट पर खेलने वाली खिलाड़ी हैं. क्ले सबसे ख़राब है, लेकिन जब आप उन्हें ऐसे कोर्ट पर खेलते हुए देखते हैं, जो काफ़ी तेज़ या तेज़ गति वाला हो, तो कई बार उन्हें रोकना मुश्किल होता है.”

“मुझे सच में लगता है कि वह कई और ग्रैंडस्लैम जीतेगी. जब उनकी सर्विस और रिटर्न दोनों सही होते हैं, तो मुझे नहीं लगता कि हार्ड कोर्ट पर लगभग कोई भी खिलाड़ी उन्हें हरा सकता है.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS