Home LIFESTYLE NEWS HINDI टमाटर को फ्रिज में रखना चाहिए या नहीं? जानें सही तरीका, 10...

टमाटर को फ्रिज में रखना चाहिए या नहीं? जानें सही तरीका, 10 दिन तक भी नहीं होंगे खराब!

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

आपने कई लोगों को कहते सुना होगा कि टमाटर फ्रिज में नहीं रखने चाहिए। वहीं कुछ लोग टमाटर हमेशा फ्रिज में ही रखते हैं। ऐसे में कन्फ्यूज होना तो बनता है। तो चलिए आज जानते हैं सही तरीका क्या है। साथ ही टमाटरों को लंबे समय तक फ्रेश रखने का तरीका भी जानेंगे।

टमाटर एक ऐसी सब्जी है, जिसका इस्तेमाल डेली बेसिस पर इंडियन कुकिंग में किया जाता है। कोई भी सब्जी या दाल बने, उसमें टमाटर जरूर पड़ता है। इसलिए ज्यादातर लोग एक साथ ही कई किलो टमाटर ले आते हैं और उन्हें स्टोर कर लेते हैं। ऐसे में एक कॉमन सवाल सुनने को मिलता है कि क्या टमाटर को फ्रिज में रखना चाहिए या नहीं? बहुत से लोग इसे ले कर कन्फ्यूज रहते हैं क्योंकि टमाटर खराब काफी जल्दी होते हैं। फ्रिज में रखने पर भी इनका स्वाद बदल जाता है और कई बार ये जल्दी गल भी जाते हैं। वहीं बाहर रखने पर भी इनके खराब होने का खतरा बना रहता है। ऐसे में अगर आप भी कन्फ्यूज हैं कि टमाटर फ्रिज में रखें या नहीं, तो ये जानकारी आपके बड़े काम की है।

टमाटर को फ्रिज में रखना चाहिए या नहीं?

फूड और कुकिंग एक्सपर्ट्स के मुताबिक टमाटर को फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। फ्रिज के ठंडे तापमान की वजह से टमाटर का स्वाद, रंग, टेक्चर और खुशबू प्रभावित हो सकते हैं। यही वजह है कि फ्रिज में रखने के बाद टमाटर जल्दी गलने और खराब होने लगते हैं। कई रिसर्च में पाया गया है कि फ्रिज में रखने से टमाटर में मौजूद विटामिन्स और मिनरल्स भी कुछ हद तक कम हो सकते हैं। ऐसे में यही सलाह दी जाती है कि टमाटर को हमेशा रूम टेंपरेचर पर ही स्टोर करें।

बिना फ्रिज के कैसे स्टोर कर सकते हैं टमाटर?

कई बार हम टमाटर ज्यादा ले लेते हैं। ऐसे में ये जल्दी खराब ना हों, इसके लिए आप एक छोटा सा हैक ट्राई कर सकते हैं। सबसे पहले सभी टमाटरों को अच्छे से धो लें, फिर इन्हें साफ कपड़े की मदद से पोंछ लें। इसके बाद आपको टमाटर के टॉप पर लगी हरी डंठल यानी स्टेम को पूरी तरह से निकाल देना है। अब एक बड़े प्लेट लें और टमाटर को उल्टा कर के रख दें (स्टेम वाला हिस्सा नीचे की तरफ होना चाहिए)। इस सिंपल सी ट्रिक से आप बिना फ्रिज के टमाटर को 10 दिनों तक फ्रेश रख सकते हैं।

फ्रिज में किस तरह स्टोर कर सकते हैं टोमैटो?

गर्मियों के मौसम में गर्म तापमान की वजह से टमाटर जल्दी खराब होने का डर रहता है। ऐसे में आप टमाटर को उबालकर उनका छिलका हटाने के बाद किसी एयर टाइट कंटेनर में बंद करने के बाद फ्रिज में स्टोर कर सकते हैं। इसके अलावा टमाटर की प्यूरी बनाकर भी फ्रिज में स्टोर की जा सकती है। इस तरीके से गर्मियों में भी टमाटर लंबे टाइम तक फ्रेश बने रहेंगे।

ये छोटी-छोटी टिप्स भी ध्यान रखें

  • टमाटर स्टोर करते हुए ध्यान रखें कि उनमें बिल्कुल भी नमी न हो। पानी लगने से वो जल्दी सड़ जाते हैं। इसलिए इन्हें सूखा ही रखें और खुली टोकरी में स्टोर करें।
  • टमाटर बहुत ज्यादा पक गए हैं तो बाकी सब्जियों के साथ ना रखें। इससे दूसरी सब्जियां भी जल्दी खराब हो सकती हैं।
  • पके हुए टमाटर फेंकने के बजाए उनकी प्यूरी बनाकर इस्तेमाल में ला सकते हैं।
  • कटे हुए टमाटर को एयर टाइट कंटेनर में स्टोर करें।
  • टमाटर को ऐसी जगह स्टोर ना करें, जहां सीधी धूप पड़ती हो।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN