Source :- LIVE HINDUSTAN
Tata Power share price: टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा पावर ने अगले 4 साल का जबरदस्त प्लान बनाया है। इस कंपनी ने अपने सभी कारोबारी क्षेत्रों में विस्तार के साथ 2030 तक एक लाख करोड़ रुपये का राजस्व और 10,000 करोड़ रुपये का मुनाफा हासिल करने का लक्ष्य रखा है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का राजस्व 63,681 करोड़ रुपये और मुनाफा 5,212 करोड़ रुपये रहा। ऐसे में निवेशकों की नजर अब कंपनी के शेयर पर होगी। टाटा पावर के शेयर की बात करें तो वर्तमान में 377 रुपये पर है। हालांकि, शेयर को लेकर एक्सपर्ट बुलिश हैं।
शेयर का टारगेट प्राइस
हाल ही में मार्केट एनालिस्ट प्रदीप हल्दर ने बिजनेस टुडे टेलीविजन (BTTV) को दिए एक खास इंटरव्यू में टाटा पावर के शेयर को खरीदने की सलाह दी है। हल्दर ने कहा कि टाटा पावर में ₹440 और उसके बाद ₹480 का लेवल देखने को मिल सकता है। उनका मानना है कि जब भी पावर सेक्टर के शेयरों में तेजी आएगी, तो टाटा पावर भी उसमें जरूर शामिल होगा। उन्हें इस शेयर में 25-30% की बढ़त की संभावना दिख रही है। एक्सपर्ट ने ट्रेडर्स को ₹352 के आसपास स्टॉप-लॉस बनाए रखने की सलाह दी। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 464.80 रुपये है। वहीं, 52 हफ्ते का लो 342.35 रुपये है।
टाटा पावर के चेयरमैन ने बताया कंपनी का प्लान
टाटा पावर के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने मंगलवार को सालाना आम बैठक (एजीएम) में कहा कि कंपनी ओडिशा में 10 गीगावाट की नई परियोजना जोड़कर सौर उपकरण मैन्युफैक्चरिंग कैपिसिटी का विस्तार करने की भी योजना बना रही है। इस परियोजना की औपचारिक घोषणा अगले कुछ महीनों में की जाएगी। कंपनी की वर्तमान में तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में सोलर सेल और मॉड्यूल मैन्युफैक्चरिंग क्षमता 4.3 गीगावाट (एक गीगावाट बराबर 1000 मेगावाट) है, जो बेंगलुरु प्लांट को मिलाकर 4.9 गीगावाट हो जाती है।
एजीएम में प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान चंद्रशेखरन ने कहा, ” कंपनी ने 2030 तक 10,000 करोड़ रुपये का मुनाफा और एक लाख करोड़ रुपये का राजस्व हासिल करने का लक्ष्य रखा है। टाटा पावर आज हाउसिंग और कॉमर्शियल एंड इंडस्ट्रियल (सीएंडआई) ग्राहकों को क्लीन, ग्रीन सॉल्यूशन अपनाने में सक्षम बनाकर ‘एनर्जी ऐज ए सर्विस’ दृष्टिकोण की अगुवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन, वितरण, रिन्यूएबल एनर्जी, रूफटॉप सोलर एनर्जी, इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग और मैन्युफैक्चरिंग सहित अपने सभी कारोबार क्षेत्रों में विस्तार कर रही है।
चंद्रशेखरन ने कहा कि कंपनी ओडिशा में 10 गीगावाट की नई परियोजना के साथ सोलर मैन्युफैक्चरिंग, इंगोट और वेफर उत्पादन का भी विस्तार करेगी। साथ ही कंपनी ऊर्जा भंडारण के साथ चौबीसों घंटे ग्रीन एनर्जी सॉल्यूशन का विस्तार कर रही है। टाटा पावर की बिजली उत्पादन क्षमता, निर्माणाधीन परियोजनाओं सहित, 26 गीगावाट से अधिक हो गई है, जिसमें 66 प्रतिशत क्षमता क्लीन और ग्रीन सोर्सेज की है। कंपनी को उम्मीद है कि 2030 तक उसकी कुल परिचालन क्षमता 30 गीगावाट हो जाएगी, जिसमें 20 गीगावाट रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता होगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




