Home rss business hindi टाटा की कंपनी में होगी छंटनी, 4000 कर्मचारियों की नौकरी पर है...

टाटा की कंपनी में होगी छंटनी, 4000 कर्मचारियों की नौकरी पर है संकट

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

टाटा मोटर्स की कंपनी जगुआर लैंड रोवर (JLR) बड़े पैमाने पर छंटनी करने वाली है। UK के अखबार ‘द टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक अगले दो साल में कंपनी UK में लगभग 4,000 लोगों को छंटनी की योजना बना रही है। माना जा रहा है कि JLR सोमवार को आधिकारिक तौर पर छंटनी के इस प्रोग्राम का ऐलान करेगी। जानकार बताते हैं कि कंपनी ने यह फैसला बढ़ती लागत, कम बिक्री और US टैरिफ के असर की वजह से लिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जगुआर लैंड रोवर UK में वेस्ट मिडलैंड्स की तीन जगहों और मर्सीसाइड के हेलवुड में मौजूद एक और फैसिलिटी में लगभग 34,000 लोगों को रोजगार देती है। इसके साथ ही यह अपनी ब्रिटिश सप्लाई चेन के जरिए 1,20,000 और नौकरियों को भी सपोर्ट करती है।

कारोबार पर क्यों पड़ा असर?

UK से इम्पोर्ट होने वाली कारों पर 10% टैरिफ लगाने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले से जगुआर लैंड रोवर के कारोबार पर असर पड़ा है। जगुआर लैंड रोवर की कुल बिक्री में नॉर्थ अमेरिका का हिस्सा 29% है और यह कंपनी का सबसे बड़ा मार्केट है। पिछले साल कंपनी को साइबर अटैक का भी सामना करना पड़ा था, जिससे कई महीनों तक उसके ग्लोबल कामकाज में रुकावट आई थी। जगुआर लैंड रोवर का लक्ष्य अगले दो साल में लगभग 1.7 बिलियन यूरो की बचत करना है।

कंपनी ने ‘द टाइम्स’ को बताया, “पिछले तीन साल में, हमने अपने ‘हाउस ऑफ ब्रांड्स’ को मजबूत किया है और अगली पीढ़ी के लिए अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में बदलाव किया है। अपनी स्ट्रैटेजी के अगले चरण को लागू करते हुए हमें बदलते ग्लोबल मार्केट के हालात के हिसाब से खुद को ढालना होगा।” कंपनी ने आगे कहा, “आज हमने अपने साथियों और ट्रेड यूनियन पार्टनर्स को बताया कि JLR एक ‘वॉलंटरी रिडंडेंसी प्रोग्राम’ शुरू कर रही है। इसके तहत सैलरी पाने वाले और मैनेजमेंट टीम के सदस्यों को कंपनी छोड़ने का मौका मिलेगा। हम अपने साथियों के साथ सबसे पहले और जानकारी शेयर करेंगे।”

बीते दिनों टाटा मोटर्स ने बताया था कि जून तिमाही के दौरान, जगुआर लैंड रोवर की थोक बिक्री सालाना आधार पर 9.2 प्रतिशत घट गई। इसकी वजह आपूर्ति में अस्थायी रुकावटें थीं, जिनमें एक मुख्य वजह आपूर्तिकर्ता के यहां आग लगना, पश्चिम एशिया में संघर्ष और जगुआर के उत्पादन को धीरे-धीरे बंद करने की योजना शामिल है। कंपनी ने कहा कि जगुआर लैंड रोवर के लिए यह साल रोमांचक है क्योंकि वह आने वाले महीनों में चार नए उत्पाद पेश करके बीईवी (बैटरी इलेक्ट्रिक व्हीकल) कैटेगरी में अपना पोर्टफोलियो बढ़ा रही है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN