Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- LIC की टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट में 3% से ज्यादा हिस्सेदारी है
- ट्रेंट के शेयरों में मंगलवार को आए उछाल से LIC की हिस्सेदारी की वैल्यू एक ही दिन में 531 करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ गई है
टाटा ग्रुप की रिटेल कंपनी ट्रेंट के शेयरों में मंगलवार को तूफानी तेजी आई है। दूसरी तिमाही के मजबूत बिजनेस अपडेट के बाद ट्रेंट के शेयर मंगलवार को NSE में इंट्राडे के दौरान करीब 13 पर्सेंट के उछाल के साथ 2914 रुपये पर पहुंच गए। ट्रेंट के शेयरों में आए उछाल से कंपनी में LIC की हिस्सेदारी की वैल्यू एक ही सेशन में 531 करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ गई है। यानी, बीमा कंपनी एलआईसी को एक ही दिन में 531 करोड़ रुपये से अधिक का फायदा हो गया है।
LIC की ट्रेंट में 3% से ज्यादा हिस्सेदारी
देश की दिग्गज बीमा कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) की टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट में 3 पर्सेंट से ज्यादा हिस्सेदारी है। यह हिस्सेदारी चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही के आखिर तक की है। ट्रेंट के शेयर मंगलवार को NSE में इंट्राडे के दौरान 2914 रुपये पर पहुंच गए। इस शेयर प्राइस पर ट्रेंट में LIC की हिस्सेदारी की वैल्यू बढ़कर 4695 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई। यानी, सिर्फ एक सेशन में एलआईसी की हिस्सेदारी की वैल्यू 531 करोड़ रुपये से अधिक बढ़ गई।
कंपनी का मार्केट कैप 17000 करोड़ से ज्यादा बढ़ा
टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट (Trent) के शेयरों में फरवरी 2024 के बाद से एक दिन का सबसे बड़ा उछाल आया है। ट्रेंट के शेयरों में आए तेज उछाल से टाटा ग्रुप की रिटेल इकाई का मार्केट कैप 17,540 करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ गया। मंगलवार को कारोबार के आखिर में ट्रेंट के शेयर 12.64 पर्सेंट की तेजी के साथ 2906 रुपये पर बंद हुए। ट्रेंट के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 3399.70 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 2183.67 रुपये है।
SBI लाइफ इंश्योरेंस के पास भी करीब 2% हिस्सेदारी
बीमा कंपनी एलआईसी (LIC) के अलावा एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी की ट्रेंट में करीब 2 पर्सेंट हिस्सेदारी है। अगर म्यूचुअल फंड्स की बात करें तो ICICI प्रूडेंशियल बैलेंस्ड एडवांटेज फंड, निप्पॉन इंडिया लॉर्ज कैप फंड, एसबीआई निफ्टी 50 ETF और UTI निफ्टी 50 ईटीएफ की कंपनी में 1-2.5 पर्सेंट के बीच हिस्सेदारी है। प्रमोटर टाटा संस कंपनी की सबसे बड़ी शेयरधारक है। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के आखिर में ट्रेंट में टाटा संस की हिस्सेदारी 32 पर्सेंट से ज्यादा थी। वहीं, टाटा इनवेस्टमेंट कॉरपोरेशन के पास कंपनी की 4 पर्सेंट से अधिक हिस्सेदारी है। करीब 5 लाख रिटेल शेयरधारकों की कंपनी में 13 पर्सेंट से ज्यादा हिस्सेदारी है।
ट्रेंट का बिजनेस अपडेट
टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट ने बताया है कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसका स्टैंडअलोन रेवेन्यू सालाना आधार पर 23 पर्सेंट बढ़कर 5788 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 4724 करोड़ रुपये था। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 21 पर्सेंट बढ़कर 11,454 करोड़ रुपये रहा, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 9505 करोड़ रुपये था। तिमाही के दौरान कंपनी ने अपना 1000वां जुडियो स्टोर खोला है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




