Home LIFESTYLE NEWS HINDI टेंशन से हो रहा सिरदर्द या हो गया है माइग्रेन, दोनों में...

टेंशन से हो रहा सिरदर्द या हो गया है माइग्रेन, दोनों में समझें फर्क?

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सिर में दर्द की शिकायत काफी सारे लोग करते हैं और काफी लोग अपने सिर दर्द को माइग्रेन समझकर गोली खाते हैं। लेकिन किसी भी वजह से होने वाले सिर दर्द को माइग्रेन समझने से पहले जानें माइग्रेन का दर्द कैसा होता है और सामान्य सिर दर्द से कैसे अलग है।

सिर दर्द की समस्या काफी कॉमन है। काफी सारे लोग सिर में अचानक दर्द की शिकायत करते हैं और हर दूसरा बंदा बोलता है कि उसे माइग्रेन हो गया, जबकि सच्चाई इसके उलट है। हर तरह का सिर दर्द माइग्रेन की शिकायत नहीं होती। इसलिए पहले समझना जरूरी है कि आखिर आपका सिर दर्द टेंशन और स्ट्रेस की वजह से हो रहा या फिर सचमुच में माइग्रेन हो गया है। तभी डॉक्टर से इलाज कराना कारगर होगा। वैसे तो सिर दर्द के कई कारण हो सकते हैं। इसलिए सिर में हो रहे दर्द के पैटर्न से समझें ये माइग्रेन है या फिर किसी दूसरी वजह से आपके सिर में दर्द हो रहा।

किन वजहों से होता है सिर दर्द

सिर दर्द की कुछ वजहें बहुत आम होती है और अक्सर लोगों को परेशान करती हैं जैसे-

  • ज्यादा स्क्रीन टाइम की वजह से सिर में दर्द
  • डिहाइड्रेशन की वजह से सिर में दर्द
  • एयर पलूशन की वजह से सिर में दर्द
  • बहुत ज्यादा तनाव या स्ट्रेस लेने की वजह से सिर में दर्द

कैसे पहचानें दर्द नॉर्मल है या फिर माइग्रेन

अगर सिर का दर्द आगे फोरहेड की तरफ महसूस होता है और ऐसा लगता है कि सिर पर किसी ने भारी बैंड बांध दिया है मतलब सिर बंधा-बंधा सा महसूस होता है। सिर के दोनों हिस्से पर टाइटनेस फील होती है और ऐसा महसूस होता है जैसे कोई प्रेशर क्रिएट कर रहा या दबाव डाल रहा। इस तरह का सिर का दर्द आमतौर पर ऊपर लिखे कारणों की वजह से होता है।

माइग्रेन के सिर दर्द को कैसे पहचानें

वहीं, माइग्रेन के सिर का दर्द नॉर्मल सिर दर्द से काफी अलग होता है। स्टडी कहती है कि आमतौर पर माइग्रेन का दर्द ज्यादातर लोगों को सिर के एक हिस्से में महसूस होता है। बहुत कम लोग हैं जिन्हें दोनों तरफ साथ में दर्द होता है। वहीं माइग्रेन का दर्द स्पंदन करता है मतलब जैसे कोई धक-धक कर रहा हो। टीस सी उठती और दर्द हर सकेंड आता है जाता है। अगर दर्द तेजी से आता-जाता सा महसूस होता है और वो एक तरफ सिर के हो रहा तो ये माइग्रेन का दर्द होता है।

सीढ़ियों के टेस्ट से पता करें माइग्रेन है या नॉर्मल सिरदर्द

अगर आपको अपने सिर दर्द को लेकर कंफ्यूजन है कि ये नॉर्मल सिर का दर्द है या फिर माइग्रेन की समस्या हो रही तो सीढ़ियों के टेस्ट से पता करें। इसमे सिर दर्द के दौरान आपको सीढ़ियों पर चढ़ना चाहिए। अगर सिर का दर्द डिहाइड्रेशन या किसी अन्य कारण से हो रहा होगा तो सीढ़ियां चढ़ने के दौरान ये दर्द बढ़ेगा नहीं और कोई समस्या नहीं होगी। वहीं अगर ये दर्द माइग्रेन का दर्द होगा तो आपको सीढ़ियां चढ़ने में दिक्कत महसूस होगी, पांव लड़खड़ाएंगे, आप चल नहीं पाएंगे या फिर सीढ़ियां चढ़ने से सिर का दर्द बढ़ रहा है तो ये माइग्रेन का लक्षण हो सकता है।

एक और लक्षण से पहचानें सिर का दर्द

अगर आपका सिर दर्द माइग्रेन के अलावा किसी दूसरे कारण से हो रहा होगा तो वो सिर तक ही रहेगा। वहीं माइग्रेन में होने वाला सिर का दर्द सिर दर्द से आगे बढ़ जाता है। ऐसे लोगों को उल्टी, चक्कर, आंख के आगे जिग-जैग लाइन दिखना, लाइट चमकना और घबराहट होना होता है। किसी भी तरह का शोर अच्छा नहीं लगता है और आप चाहेंगे कि किसी एकांत, अंधेरे कमरे में बैठे रहें। अगर ऐसे लक्षण दिख रहे तो न्यूरोलॉजिकल डॉक्टर से माइग्रेन के बारे में जरूर बात करना चाहिए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN