Source :- LIVE HINDUSTAN
देर रात तक जागना, स्क्रीन के सामने घंटों बैठना और तनाव… अगर इन सबका असर आपकी आंखों के नीचे साफ दिखने लगा है, तो घर पर बना यह आसान आई जेल आपकी त्वचा को ठंडक और नमी देने में मदद कर सकता है।
सुबह जब आप आईने में खुद को देखते हैं, तो सबसे पहले नजर कहां जाती है? अक्सर आंखों के नीचे बने काले घेरे और हल्की सूजन पर। कई बार पूरी नींद लेने के बाद भी चेहरा थका-थका लगता है। फिर शुरू होती है महंगी आई क्रीम और ब्यूटी प्रोडक्ट्स की तलाश।
लेकिन अगर आप चाहें, तो घर में मौजूद सिर्फ दो आसान चीजों से ऐसा आई जेल तैयार कर सकते हैं, जो आंखों के आसपास की त्वचा को ठंडक, नमी और ताजगी देने में मदद कर सकता है। इसे बनाने में मुश्किल से दो मिनट लगते हैं और नियमित इस्तेमाल के साथ आंखों के आसपास की त्वचा पहले से ज्यादा तरोताजा महसूस होती है।
क्या-क्या चाहिए?
इस आसान आई जेल को बनाने के लिए आपको सिर्फ दो चीजों की जरूरत होगी।
- आधा छोटा चम्मच एलोवेरा जेल
- एक विटामिन ई कैप्सूल
दोनों चीजों को अच्छी तरह मिलाएं, ताकि एक मुलायम जेल तैयार हो जाए। बस आपका घरेलू आई जेल इस्तेमाल के लिए तैयार है।
लगाने से पहले करें ये आसान ट्रिक
अगर आप चाहते हैं कि जेल और भी ज्यादा ताजगी दे, तो पहले आंखों के नीचे बर्फ से हल्की सिकाई करें। एक बर्फ का टुकड़ा साफ रूमाल में लपेट लें। अब इसे आंखों के नीचे दो से तीन मिनट तक धीरे-धीरे घुमाएं। इससे त्वचा को ठंडक मिलेगी और आंखों की सूजन भी कम होगी।
अब ऐसे लगाएं आई जेल
बर्फ हटाने के बाद तैयार जेल को आंखों के नीचे हल्के हाथों से लगाएं। उंगलियों की मदद से बहुत धीरे-धीरे गोल घुमाते हुए मालिश करें। इसे आधे घंटे तक लगा रहने दें। अगर चाहें, तो इसे रातभर भी लगा सकते हैं और सुबह चेहरा धो लें।
इस जेल से क्या फायदे मिलेंगे
- थकी हुई आंखों को ठंडक: बर्फ और एलोवेरा का मेल आंखों को ताजगी का एहसास देता है।
- आंखों के नीचे की त्वचा रहेगी नम: सूखी त्वचा कई बार काले घेरों को और ज्यादा उभार देती है। यह जेल त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद कर सकता है।
- पफीनेस कम करने में मदद: बर्फ की सिकाई और जेल का इस्तेमाल आंखों के नीचे की सूजी हुई त्वचा को शांत करने में मदद करता है।
- काले घेरों की देखभाल: अगर काले घेरे थकान, नींद की कमी या सूखी त्वचा की वजह से हैं, तो नियमित देखभाल से उनमें सुधार महसूस होगा।
अच्छे रिजल्ट्स के लिए रखें इन बातों का ध्यान
- रोज सात से आठ घंटे की नींद लें।
- दिनभर पर्याप्त पानी पिएं।
- मोबाइल और लैपटॉप का लगातार इस्तेमाल करने से बीच-बीच में आंखों को आराम दें।
- आंखों को बार-बार रगड़ने से बचें।
- किसी भी नए घरेलू नुस्खे को लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।
डिस्क्लेमर: यह घरेलू नुस्खा सामान्य देखभाल के लिए है। इसका असर हर व्यक्ति की त्वचा पर अलग हो सकता है। किसी भी तरह की एलर्जी या त्वचा संबंधी समस्या होने पर पहले विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


