Source :- LIVE HINDUSTAN
अमेरिका से आई एक खबर ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (HAL) के शेयरों की उड़ान तेज कर दी है। शुक्रवार को NSE पर इसके शेयर 2.73 प्रतिशत बढ़कर ₹4,895.70 पर पहुंच गए। बता दें अमेरिकी रक्षा कंपनी जीई एयरोस्पेस द्वारा अगस्त 2026 में LCA तेजस प्रोग्राम के लिए HAL को तीन F404-IN20 इंजन भेजने की घोषणा के बाद आई है।
HAL शेयर प्राइस हिस्ट्री: HAL के शेयर पिछले एक हफ्ते में लगभग 2 प्रतिशत गिरे हैं, लेकिन पिछले एक महीने में लगभग 3 प्रतिशत चढ़े हैं। 2026 में अब तक शेयर 8 प्रतिशत से अधिक बढ़ चुके हैं।पिछले एक साल में HAL के शेयरों ने 7 प्रतिशत से अधिक का रिटर्न दिया है, तीन सालों में 140 प्रतिशत से अधिक और पांच सालों में 583 प्रतिशत का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।
जीई एयरोस्पेस ने क्या कहा
GE Aerospace ने बयान में कहा, “जीई एयरोस्पेस ने अगस्त 2026 में HAL को तीन F404-IN20 इंजन भेजे हैं। हमें HAL और भारतीय वायुसेना के साथ भारत के स्वदेशी लड़ाकू विमानों को ताकत देने के लिए साझेदारी करने पर गर्व है।”
ये डिलीवरी सप्लाई में लंबी देरी के बाद की गई हैं। भारतीय वायुसेना ने 180 LCA Mk1A विमानों के ऑर्डर दो फेज में दिए हैं। HAL की सालाना उत्पादन क्षमता फिलहाल 24 विमानों की है।
पांच साल पहले मिला था पहला ऑर्डर
पहला ऑर्डर फरवरी 2021 में 83 विमानों (73 फाइटर और 10 ट्रेनर) के लिए आया था। दूसरा ऑर्डर पिछले साल सितंबर में 97 अतिरिक्त विमानों के लिए ₹62,370 करोड़ से अधिक की लागत से दिया गया था।
क्या है LCA Mk1A तेजस
यह LCA Mk1A लड़ाकू विमान का अपग्रेडेड वर्जन है। यह भारतीय वायुसेना की रिटायर हो चुके MiG-21 बेड़े को बदलने और स्क्वाड्रन की ताकत बढ़ाने की कोशिशों का अहम हिस्सा है। यह 4.5-पीढ़ी का, सिंगल-इंजन, मल्टी-रोल फाइटर है, जो हवाई रक्षा, जमीनी हमला और समुद्री हमले के मिशनों के लिए डिजाइन किया गया है।
नए तेजस की खूबियां
Mk1 की तुलना में कई सुधार हैं, जिनमें AESA रडार, स्वदेशी इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सिस्टम, हवा में ईंधन भरने की क्षमता और बेहतर रखरखाव प्रणाली शामिल हैं।इस विमान में 64 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री है, और इसमें 67 अतिरिक्त भारतीय मूल के कंपोनेंट जोड़े गए हैं।
डिस्क्लेमर: ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि हिंदुस्तान की। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




