Source :- LIVE HINDUSTAN
गरमा-गरम दाल, ऊपर से मक्खन, हरी मिर्च और खास मसालों की खुशबू… बस यही है दाल मुरादाबादी का जादू। एक बार खाएंगे तो इसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाएंगे। यहां नोट करें मास्टरशेफ की ‘ठेचा क्वीन’ सुवर्णा बागुल की खास रेसिपी।
दाल का नाम सुनते ही अक्सर लोगों के मन में रोज की साधारण दाल की तस्वीर आ जाती है। लेकिन दाल मुरादाबादी बिल्कुल अलग है। यह ऐसी दाल है जो सादगी के साथ भरपूर स्वाद भी देती है। ऊपर से डाला गया मसाला, हरी मिर्च, प्याज, नींबू और मक्खन इसे एक अलग ही पहचान देते हैं। यही वजह है कि उत्तर भारत के कई शहरों में यह लोगों की पसंदीदा मानी जाती है।
अगर आपने कभी सड़क किनारे मिलने वाली गरमा-गरम दाल मुरादाबादी का स्वाद चखा है, तो आप जानते होंगे कि इसकी खुशबू और स्वाद दोनों दिल जीत लेते हैं। आज हम आपको मास्टरशेफ की ठेचा क्वीन सुवर्णा बागुल के अंदाज में इसे घर पर बनाने का आसान तरीका बता रहे हैं।
साधारण मूंग दाल से बनेगी कुछ खास!
दाल मुरादाबादी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ती। सिर्फ पीली मूंग दाल और कुछ मसालों की मदद से ऐसा स्वाद तैयार होता है कि लोग बार-बार डिमांड करेंगे।
स्टेप 1
- पीली मूंग दाल को अच्छी तरह धो लें। इसके बाद इसे दो से तीन घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इससे दाल जल्दी और अच्छी तरह पकती है।
- अब कुकर में दाल डालें। साथ में नमक, हल्दी और एक चम्मच मक्खन डालकर उबाल लें। जब दाल पक जाए, तो उसे हल्का-सा मसल लें। ऐसे ही दाल एकदम स्मूद और मलाईदार बनती है।
स्टेप 2
- दाल मुरादाबादी की जान उसका मसाला होता है। इसके लिए काली मिर्च, धनिया और जीरा को एक साथ हल्का भून लें।
- जब इनकी खुशबू आने लगे, तो ठंडा करके पीस लें। यह मसाला दाल को ऐसा स्वाद देता है जो साधारण दाल से बिल्कुल अलग होता है।
स्टेप 3
अब एक छोटी कड़ाही में थोड़ा घी गर्म करें। उसमें 4-5 साबुत सूखी लाल मिर्च और चुटकीभर नमक डालकर भून लें। इससे मिर्च का स्वाद और खुशबू दोनों निखरकर सामने आते हैं। (यह ऑप्शनल है)
स्टेप 4
एक पैन में थोड़ा तेल और मक्खन डालें। जब यह गर्म हो जाए, तो उसमें मसलकर रखी हुई दाल डाल दें। जरूरत के अनुसार नमक मिलाएं और कुछ मिनट तक पकाएं। धीरे-धीरे दाल गाढ़ी और खुशबूदार होने लगेगी।
परोसने का तरीका ही बनाता है इसे खास
- दाल मुरादाबादी सिर्फ बनाने से नहीं, बल्कि सजाने से भी खास बनती है।
- एक कटोरे में गरमा-गरम दाल निकालें। अब ऊपर से बारीक कटी हरी मिर्च डालें।
- फिर बारीक कटा प्याज छिड़कें।
- इसके बाद तैयार सूखा मसाला डालें।
- ऊपर से अदरक की पतली कतरन, नींबू का रस और थोड़ा मक्खन डाल दें। तैयार है स्वादिष्ट दाल मुरादबादी।
क्यों पसंद आती है दाल मुरादाबादी?
- इस दाल में ना ज्यादा भारीपन होता है और ना ही बहुत ज्यादा मसाले।
- फिर भी इसका स्वाद इतना गहरा होता है कि एक कटोरा खत्म होने के बाद दूसरा लेने का मन करता है।
- सर्दी हो या बारिश, यह दाल हर मौसम में दिल को सुकून देने वाली डिश साबित होती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



