Home National news hindi दिल्ली-एनसीआर में घनी धुंध के कारण कई इलाकों में विजिबिलिटी काफी कम,...

दिल्ली-एनसीआर में घनी धुंध के कारण कई इलाकों में विजिबिलिटी काफी कम, एकक्यूआई गंभीर श्रेणी में

7
0

Source :- BBC INDIA

सोमवार की सुबह दिल्ली के कई इलाक़ों में विज़िब्लिटी काफ़ी कम हो गई

पढ़ने का समय: 5 मिनट

सोमवार की सुबह दिल्ली के कई इलाक़ों में प्रदूषण की स्थिति बेहद ख़राब दर्ज की गई. कई इलाक़ों में एक्यूआई 400 के क़रीब दर्ज किया गया है. कई इलाकों में विज़िब्लिटी काफ़ी कम पाई गई है.

कुछ इलाक़ों में तो लोगों को काफ़ी क़रीब की चीज़ें भी नहीं दिख रही हैं.

राजधानी और इसके आसपास के इलाक़ों में बीते कई दिनों से हवा की गुणवत्ता बेहद ख़राब और सिवियर कैटेगरी में दर्ज की गई है.

आशंका है कि प्रदूषण के साथ ही विज़िब्लिटी कम कम होने का असर ट्रेन और हवाई सेवाओं पर भी पड़ सकता है.

दिल्ली में प्रदूषण का हाल

घर से बाहर एक्सरसाइज़ करता एक शख्स

दिल्ली सरकार के वायु गुणवत्ता निगरानी पोर्टल के आंकड़ों के मुताबिक़, सुबह छह बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 366 रहा.

सबसे अधिक प्रदूषण सोनिया विहार में दर्ज किया गया, जहां एक्यूआई 449 रहा. इसके बाद बुराड़ी क्रॉसिंग में 445, विवेक विहार में 441, जहांगीरपुरी में 439 और नॉर्थ कैंपस में 437 एक्यूआई दर्ज किया गया.

आंकड़ों के मुताबिक़, दिल्ली के 55 निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण की मुख्य वजह PM2.5 रहा. वहीं, राजधानी में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (गीआरएपी) का दूसरा चरण लागू है.

दिल्ली में रविवार के मुकाबले प्रदूषण के स्तर में 17 अंकों का सुधार हुआ है, लेकिन हवा की गुणवत्ता अब भी बेहद खराब बनी हुई है.

दिल्ली के 71 निगरानी केंद्रों में से 59 केंद्रों के आंकड़े उपलब्ध हैं, जबकि 12 केंद्रों से आंकड़े नहीं मिले.

दिल्ली के साउथ एक्स एरिया में सोमवार की सुबह का हाल

सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड यानी सीपीसीबी के मुताबिक़, एक्यूआई 401 से 500 के बीच हो तो इसे सिवियर माना जाता है. यह स्वस्थ लोगों की सेहत पर भी असर डाल सकती है. ऐसी हवा बीमार लोगों पर गंभीर असर डाल सकती है.

वहीं एक्यूआई 301 से 400 के बीच हो तो लंबे समय तक ऐसी हवा में सांस लेने पर सांस संबंधी बीमारी हो सकती है.

सीबीसीबी के मुताबिक़, एक्यूआई 0 से 50 के बीच हो तभी इसे अच्छा माना जाता है.

सर्दियों में प्रदूषण क्यों बढ़ता है?

सर्दियों में कई बार ज़मीन के पास की हवा ठंडी और उसके ऊपर की हवा गर्म होती है. इस वजह से नीचे की हवा आसानी से ऊपर नहीं जा पाती.

द एनर्जी एंड रिसोर्सेज इंस्टीट्यू (टेरी) की वरिष्ठ शोधकर्ता और एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. अंजू गोयल कहती हैं कि सर्दियों में मौसम की वजह से दिल्ली की हवा बिगड़ने का ख़तरा हर साल बना रहेगा.

गाड़ियों, कारखानों, निर्माण कार्यों और कचरा जलाने से पूरे साल धुआं और धूल हवा में पहुंचते हैं. लेकिन गर्मियों और सर्दियों में इस प्रदूषण के छंटने की रफ़्तार एक जैसी नहीं होती.

सर्दियों में कई बार ज़मीन के पास की हवा ठंडी और उसके ऊपर की हवा गर्म होती है. इस वजह से नीचे की हवा आसानी से ऊपर नहीं जा पाती.

अगर हवा की रफ़्तार भी कम हो, तो धुआं और धूल ज़मीन के पास जमा होने लगते हैं.

हवा किस दिशा से आ रही है, इससे भी फ़र्क़ पड़ता है. अगर हवा पराली जलने वाले इलाक़ों से दिल्ली की ओर आती है, तो वह अपने साथ वहां का धुआं भी ला सकती है.

डॉ. गोयल के मुताबिक़, मौसम को बदला नहीं जा सकता. इसलिए सरकारों को पूरे साल उन जगहों पर प्रदूषण कम करना होगा, जहां से धुआं और धूल निकलते हैं.

दिल्ली का प्रदूषण कहां से आता है?

डॉ. गोयल के मुताबिक़, दिल्ली के पॉल्यूशन में गाड़ियों और दूसरे यातायात साधनों का हिस्सा 23 फ़ीसदी रहता है

डॉ. गोयल के मुताबिक़, दिल्ली का प्रदूषण केवल पराली की वजह से नहीं होता.

उनके शोध में खेती से निकलने वाली अमोनिया से जुड़े प्रदूषण का हिस्सा 27 फ़ीसदी पाया गया. गाड़ियों और दूसरे यातायात साधनों का हिस्सा 23 फ़ीसदी, कचरा और लकड़ी जैसी चीज़ें जलाने का 20 फ़ीसदी और धूल का 17 फ़ीसदी था.

कुछ बारीक कण धुएं और धूल के साथ सीधे हवा में पहुंचते हैं. वहीं, कुछ कण हवा में मौजूद अलग-अलग गैसों के मिलने से बनते हैं.

डॉ. गोयल के मुताबिक़, पूरे साल के औसत में पराली के धुएं का हिस्सा करीब चार फ़ीसदी रहता है. हालांकि कुछ ख़ास दिनों में इसका असर काफ़ी बढ़ सकता है.

इसके बाद दिसंबर में पराली का हिस्सा घटकर केवल 0.2 फ़ीसदी रह गया. फिर भी दिल्ली की हवा में पीएम 2.5 की औसत मात्रा 163 से बढ़कर 210 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर हो गई.

इसका मतलब है कि पराली का असर लगभग ख़त्म होने के बाद भी दिल्ली की हवा और ख़राब हो गई थी.

यानी पराली प्रदूषण की एक वजह है, लेकिन दिल्ली की ख़राब हवा की पूरी कहानी उससे नहीं समझी जा सकती. ये आंकड़े शोध के अनुमान हैं, किसी एक दिन के प्रदूषण का सीधा हिसाब नहीं.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS