Home खेल समाचार दिल्ली की विधानसभा से भी छोटे देश कुराकाओ ने रचा इतिहास, FIFA...

दिल्ली की विधानसभा से भी छोटे देश कुराकाओ ने रचा इतिहास, FIFA वर्ल्ड कप में ड्रॉ से सभी हैरान

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

1.58 लाख की आबादी वाले देश कुराकाओ ने इक्वाडोर से ड्रॉ खेलकर फीफा वर्ल्ड कप का पहला पॉइंट जीतकर इतिहास रचा। कुराकाओ फुटबॉल वर्ल्ड कप का सबसे कम आबादी वाला देश है।

जरा कल्पना कीजिए… एक ऐसा देश जिसके पास न अपनी सेना है, न अपना पासपोर्ट और न ही सुप्रीम कोर्ट। आबादी (1.58 लाख) दिल्ली की किसी विधानसभा से भी कम है। वह विश्व कप फुटबॉल में दमदार दस्तक दे रहा है। ‘कुराकाओ’ की कहानी भारत के लिए भी सीख है जो सबसे बड़ी आबादी के बावजूद इस खेल में काफी पीछे है।

इक्वाडोर को ड्रॉ पर रोक किया हैरान

कैरिबियाई सागर के खूबसूरत द्वीप कुराकाओ ने रविवार सुबह फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इक्वाडोर को ड्रॉ पर रोककर अपने इतिहास का पहला प्वाइंट हासिल किया और खेल जगत को हैरान कर दिया। कुराकाओ में न तो कोई पेशेवर फुटबॉल लीग है और न ही खिलाड़ी तैयार करने का कोई ढांचा। दो दशक पूर्व कुराकाओ फुटबॉल महासंघ ने स्थानीय शौकिया खिलाड़ियों पर निर्भर रहने की बजाय यूरोप, खासकर नीदरलैंड्स में बसे कुराकाओ मूल के पेशेवर खिलाड़ियों को खोजना शुरू किया।

कुराकाओ आज भी पूर्ण आजाद नहीं

कुराकाओ फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष गिल्बर्ट मार्टिना ने टीम में शामिल होने की एक ही शर्त रखी कि खिलाड़ी के माता-पिता या दादा-दादी में से कम से कम एक का जन्म कुराकाओ में हुआ हो। वेनेजुएला के तट से 40 मील दूर स्थित कुराकाओ आज भी पूर्ण आजाद नहीं है। 2010 में स्वायत्त देश बनने के बावजूद इसके संवैधानिक प्रमुख नीदरलैंड्स के राजा हैं। यहां के नागरिकों के पास डच पासपोर्ट है। इनकी रक्षा और विदेश नीति हेग (नीदरलैंड्स) से तय होती है।

सिर्फ एक खिलाड़ी कुराकाओ में जन्मा

देश के खेल मंत्री सिथ्री वान खुद नीदरलैंड्स गए और खिलाड़ियों को देश के लिए खेलने को मनाया। मौजूदा विश्व कप टीम में ताहिथ चोंग इकलौते खिलाड़ी हैं, जिनका जन्म कुराकाओ में हुआ है। बाकी टीम नीदरलैंड्स में जन्मी, पली-बढ़ी है। कप्तान लिएंड्रो बाकुना और उनके भाई जुनिन्हो बाकुना ने यूरोप में खेल रहे अन्य डच-कुराकाओ खिलाड़ियों को प्रेरित किया।

टीम से जुड़े रोचक तथ्य

  • कुराकाओ फुटबॉल वर्ल्ड कप का सबसे कम आबादी वाला देश। इसने 2018 में आइसलैंड (3.5 लाख आबादी) का रिकॉर्ड तोड़ा।
  • इसके खिलाड़ी भले यूरोप में पैदा हुए, मगर वे स्थानीय पापियामेंटो भाषा बोलते हैं व द्वीप पर आते रहते हैं।
  • इसकी राजधानी विलेमस्टाड के प्रमुख चौक पर लिखा गया है-विश्व कप में खेलने वाला अब तक का सबसे छोटा देश।
  • इस टीम की प्रायोजक नीदरलैंड्स की एक निजी ट्रैवल कंपनी कोरेंडन है, जिसके मालिक का नाम अतिलाय उस्लु है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN