Home LIFESTYLE NEWS HINDI दिल्ली से केदारनाथ कैसे जाएं और कितना होगा खर्चा? जानिए पूरा बजट...

दिल्ली से केदारनाथ कैसे जाएं और कितना होगा खर्चा? जानिए पूरा बजट और ट्रैवल प्लान

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Kedarnath Yatra Travel Plan: सावन के महीने में लोग 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक पवित्र धाम केदारनाथ के दर्शन के लिए जाते हैं। अगर आप भी भगवान शिव के दर्शन करने का मन बना रहे हैं, तो यहां पूरा बजट प्लान और रूट जान लीजिए।

हर साल लाखों श्रद्धालु भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक पवित्र धाम केदारनाथ के दर्शन के लिए यात्रा करते हैं। हालांकि, कई लोग बजट की सही जानकारी न होने के कारण केदारनाथ नहीं जा पाते। अगर आप सावन के पावन महीने में बाबा केदार के दर्शन करने की योजना बना रहे हैं, तो हम आपको कम बजट में केदारनाथ यात्रा का पूरा रूट प्लान और खर्च की जानकारी देने जा रहे हैं। आप अपना ट्रैवल प्लान कैसे बना रहे हैं, केदारनाथ की यात्रा और बजट इस बात पर निर्भर करता है।

दिल्ली से केदारनाथ जाने के लिए ट्रेन की सुविधा

दिल्ली से हरिद्वार तक ट्रेन मिलेगी और इसमें अगर आप जनरल से जाते हैं, तो किराया लगभग 150 से 250 रुपये तक हो सकता है। वहीं स्लीपर क्लास का किराया करीब 250 से 450 रुपये पड़ेगा। फिर हरिद्वार से सोनप्रयाग बस से जाएं, बस का किराया 600 से 900 रुपये के बीच रहता है और 8-9 घंटे का सफर होगा।

सोनप्रयाग से आप गौरीकुंड तक जाने के लिए शेयर्ड टैक्सी या फिर बस ले सकते हैं। इसका किराया 50 से 100 रुपये तक रहता है। अब गौरीकुंड से केदारनाथ मंदिर तक जाने के लिए आपको 16 से 18 किलोमीटर का पैदल ट्रेक करना पड़ेगा। अगर आप रास्ते के लिए घोड़ा, खच्चर, डंडी और कंडी, तो उनका किराया अलग होगा।

फ्लाइट से जानें पर खर्चा

दिल्ली से आपको देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट तक फ्लाइट मिलेगी, जिसका खर्चा 3000 रुपये से शुरू होकर 6000 तक हो सकता है। ये खर्चा वन वे है। देहरादून से आपको टैक्सी-बस के जरिए सोनप्रयाग पहुंचना होगा। फिर वहां से गौरीकुंड और मंदिर तक जाने का वही रूट है।

रहने और खाने का पूरा बजट

अगर आप कम बजट में ट्रिप प्लान कर रहे हैं, तो मंदिर से वापिस आने पर धर्मशालाएं, लॉन्ज, आश्रम बने हुए हैं, वहां रुकने की सुविधा होती है। होटल में कमरा लेने का सोच रहे हैं, तो करीब 500 से 1000 रुपये तक में बेसिक रूम मिल सकता है। खाने की बात करें तो एक व्यक्ति का पूरे दिन का 300 से 500 रुपये का खर्चा होगा।

पूरा बजट प्लान क्या है?

अगर आप ट्रेन-बस वाली सवारी से जाते हैं, तो आने-जाने का किराया- 2,000 से 3,000 रुपये लगेगा, ठहरने का 1000 रुपये, खाने का 500-1000 रुपये, अन्य छोटे-मोटे खर्चे 500 रुपये मान लेते हैं। कुल मिलाकर आप 3000 से 5000 रुपये तक में अपनी पूरी ट्रिप प्लान कर सकते हैं।

ट्रैवल टिप्स

  • ट्रेन से सफर करने वाले हैं, तो कोशिश करें टिकट पहले से बुक कर लें। तत्काल बुकिंग करेंगे, तो पैसे ज्यादा खर्च होंगे।
  • केदारनाथ यात्रा करने से पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर लें, जिससे रास्ते में आपको कोई असुविधा न हो।
  • बारिश के मौसम के हिसाब से रेनकोट, एक्स्ट्रा कपड़े, गर्म कपड़े, ट्रैकिंग शूज जैसे जरूरी सामान साथ रखें।
  • हल्का नाश्ता, जरूरी दवाइयां, पानी की बोतल अपने साथ में जरूर रखें।
  • यात्रा के दौरान अपने साथ कैश रखें और स्कैमर्स से सावधान रहें। कैश-मोबाइल जेब में न रखें, वरना चोरी हो सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN