Home Latest news ताज़ा खबर दिवाली पर तमिलनाडु की विजय सरकार का तोहफा, 100 रुपये में दे...

दिवाली पर तमिलनाडु की विजय सरकार का तोहफा, 100 रुपये में दे रही 10 सब्जियों की स्पेशल किट

7
0

Source :- Khabar Indiatv

तमिलनाडु के सीएम सी. जोसेफ विजय की लीडरशिप वाली तमिलनाडु की सरकार ने दिवाली के लिए सब्जियों का एक स्पेशल पैकेज का ऐलान किया है। इसमें 10 जरूरी चीजें शामिल हैं और इसका दाम महज 100 रुपये है। इससे उन परिवारों को राहत मिलेगी, जिन्हें त्योहारों के इस मौसम में खाने-पीने की चीजों के बढ़ते दाम का सामना करना पड़ रहा है। ‘वेट्री स्पेशल वेजिटेबल पैकेज’ नाम की इस पहल को तमिलनाडु के सहकारिता विभाग के जरिए लागू किया जा रहा है। यह ऑफर 5 से 7 नवंबर तक तमिलनाडु भर के 218 चुनिंदा को-ऑपरेटिव सेंटर्स पर उपलब्ध रहेगा।

चेन्नई में मोबाइल वैन की गईं तैनात

बता दें कि इस स्कीम की औपचारिक तरीके से शुरुआत चेन्नई में पूंगा नगर कोऑपरेटिव होलसेल स्टोर के 15वें मेन रोड आउटलेट पर की गई। चेन्नई में सब्जी की 4 गाड़ियां भी तैनात की गई हैं, ताकि इस पैकेज का लाभ ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंच सके। हर पैकेज में करीब 2.55 से 2.60 किलोग्राम सब्जियां और खाना पकाने की अन्य जरूरी सामग्री है। इन्हें इस प्रकार चुना गया है कि एक आम परिवार की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी हो सकें।

100 रुपये की सब्जी की इस किट में क्या-क्या है?

  1. 500 ग्राम प्याज
  2. 500 ग्राम टमाटर
  3. 250 ग्राम बैंगन
  4. 250 ग्राम आलू
  5. 200 ग्राम गाजर
  6. 200 ग्राम बीन्स
  7. 100 ग्राम हरी मिर्च
  8. 100 ग्राम नींबू
  9. 50 ग्राम अदरक
  10. 400 से 450 ग्राम वजन का एक नारियल

हर शख्स खरीद सकता है सिर्फ एक किट

अफसरों ने बताया कि ताजगी और क्वालिटी बनाए रखने के लिए सब्जियों को साफ-सुथरे माहौल में खरीदा और पैक किया जा रहा है। हमारा मकसद जरूरी सब्जियां लोगों को कम दाम पर उपलब्ध कराना है। सभी को इस स्कीम का लाभ मिले, इसके लिए सरकार ने प्रति व्यक्ति सिर्फ एक पैकेज खरीदने की सीमा तय की है।

सेंटर्स पर की गई पर्याप्त स्टॉक की व्यवस्था

तीन दिनों तक चलने वाले इस प्रोग्राम के दौरान को-ऑपरेटिव सेंटर्स के सामान्य कामकाज के वक्त में ये किट उपलब्ध रहेंगी। भाग लेने वाले सेंटर्स पर पर्याप्त स्टॉक की व्यवस्था की गई है। डिपार्टमेंट ने अफसरों से ये भी कहा है कि वे खरीद केंद्रों और खुदरा बिक्री केंद्रों के बीच अच्छा तालमेल रखें, ताकि त्योहारों की खरीदारी के दौरान सब्जियों की कोई कमी न हो।

7 नवंबर तक है पैकेज का लाभ उठाने का मौका

इस खास पहल का मकसद दिवाली से पहले खाना पकाने की जरूरी चीजों पर होने वाले घरेलू खर्च को कम करना है क्योंकि इस दौरान सब्जियों और अन्य खाने-पीने की चीजों की मांग आमतौर पर बढ़ जाती है। सहकारिता विभाग ने तमिलनाडु के सभी लोगों से अपील की है कि वे 7 नवंबर को इस खास बिक्री के खत्म होने से पहले, सब्सिडी वाले इन पैकेजों का लाभ उठाएं। इससे पहले, हाल में तमिलनाडु के CM विजय ने 12वीं की टॉपर स्टूडेंट को सोने का हार दिया था।

(इनपुट- IANS)

ये भी पढ़ें- CM विजय ने लिया एक और बड़ा फैसला, सरकारी नौकरी की आयु सीमा में 5 साल की छूट का ऐलान

SOURCE : - KHABAR INDIA NEWS