Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- देश की राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत 942 रुपये है
- अब दिल्ली की सरकार कुछ नागरिकों को एलपीजी सिलेंडर के लिए बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करेगी
दिवाली का त्योहार आने वाला है। इस त्योहार से पहले एलपीजी सिलेंडर फ्री में मिलने वाला है। अब सवाल है कि फ्री एलपीजी सिलेंडर का लाभ किसे मिलेगा और किसे नहीं? आइए डिटेल में जान लेते हैं।
किसे मिलेगा फायदा?
दरअसल, दिवाली के मौके पर फ्री एलपीजी सिलेंडर का फायदा दिल्ली के लोगों को मिलेगा। कुछ महीनों पहले ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की थी कि दिल्ली में राशन कार्ड वाले सभी परिवारों को हर साल दो LPG सिलेंडर की कीमत के बराबर आर्थिक मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा था कि यह मदद होली और दिवाली के मौकों पर दी जाएगी। उन्होंने बताया था कि सिलेंडर के लिए तय रकम परिवार के मुखिया के आधार-लिंक्ड बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा था, “दिल्ली में राशन कार्ड वाले सभी परिवार इस योजना के दायरे में आएंगे। यह योजना सभी राशन कार्ड धारकों पर समान रूप से लागू होगी, चाहे वे खाना पकाने के लिए LPG का इस्तेमाल करते हों या पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन का। आर्थिक मदद हर साल दो मौकों – होली और दिवाली – पर दी जाएगी, चाहे उस महीने में सिलेंडर रिफिल कराया गया हो या नहीं।” इस योजना पर सालाना लगभग 242.77 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इस खर्च में LPG की कीमतों, भारत सरकार की सब्सिडी और लाभार्थियों की संख्या में बदलाव के हिसाब से बदलाव किया जाएगा।
अभी क्या है सिलेंडर की कीमत?
घरों में खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाले घरेलू एलपीजी की कीमत कुछ महीनों से स्थिर है। देश की राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत 942 रुपये है। बता दें कि पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति प्रभावित होने और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कीमतों में तेजी आने के बाद मार्च से जून के बीच घरेलू रसोई गैस की कीमत 89 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ाई गई थी।
हालांकि, 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 62.59 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। सितंबर में कॉमर्शियल एलपीजी की कीमत में 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर पर 9.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। इससे पहले जुलाई और अगस्त में लगातार दो महीनों में इसकी कीमत क्रमश: 183.50 रुपये और 192 रुपये घटाई गई थी।
उत्तर प्रदेश के लोगों को भी तोहफा
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भी दिवाली के मौके पर उज्जवला योजना के लाभार्थियों को फ्री एलपीजी सिलेंडर देती है। योगी सरकार दिवाली के अलावा होली के मौके पर भी लाभार्थियों को यह तोहफा देती है। इस योजना के दायरे में उत्तर प्रदेश के डेढ़ करोड़ से ज्यादा लाभार्थी आते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




