Home LIFESTYLE NEWS HINDI देसी तवा बर्गर रेसिपी: बर्गर में टिक्की की जगह भरें ये मसालेदार...

देसी तवा बर्गर रेसिपी: बर्गर में टिक्की की जगह भरें ये मसालेदार आलू

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Desi Tawa Burger: बर्गर खाने का मन है, लेकिन इस बार कुछ देसी और चटपटा ट्राई करना चाहते हैं? तो घर पर बनाएं मसालेदार आलू वाला तवा बर्गर, जिसे बनाना भी आसान है और स्वाद भी मजेदार है।

बर्गर बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर किसी को पसंद आता है। लेकिन हर बार बाहर से बर्गर मंगाने की जरूरत नहीं है। घर पर भी आप कम सामान में स्वादिष्ट बर्गर बना सकते हैं। खासकर तब, जब शाम को कुछ चटपटा खाने का मन हो और रसोई में मौजूद सामान से ही काम चलाना हो। इस रेसिपी में आपको न तो बर्गर बनाने के लिए ज्यादा मेहनत करनी होगी और न ही किसी खास चीज की जरूरत पड़ेगी। बस कुछ आसान सामान लें, तवा गर्म करें और कुछ ही देर में आपका गरमागरम बर्गर तैयार हो जाएगा। इसे आप बच्चों के लिए नाश्ते में या शाम की भूख मिटाने के लिए बना सकते हैं।

बर्गर बनाने के लिए सामान

2 बर्गर बन

3 उबले आलू

1 बारीक कटा प्याज

1 बारीक कटा टमाटर

1 बारीक कटी हरी मिर्च

1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट

आधा चम्मच जीरा

आधा चम्मच हल्दी

आधा चम्मच लाल मिर्च

आधा चम्मच गरम मसाला

नमक स्वादानुसार

1 चम्मच नींबू का रस

मक्खन

हरी चटनी

टमाटर की चटनी

थोड़ी सी धनिया पत्ती

सबसे पहले तैयार करें मसालेदार आलू

  • उबले आलू छीलकर अच्छी तरह मैश कर लें। अब तवे पर थोड़ा मक्खन गर्म करें। इसमें जीरा, हरी मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर हल्का भूनें। अब इसमें प्याज डालें और दो-तीन मिनट पकाएं।
  • प्याज थोड़ा नरम हो जाए तो टमाटर डाल दें। इसके साथ हल्दी, लाल मिर्च, गरम मसाला और नमक भी मिला दें।
  • टमाटर नरम होने लगें तो मैश किए हुए आलू डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाते हुए कुछ मिनट पकाएं। आखिर में नींबू का रस और बारीक कटी धनिया डाल दें।
  • आलू का मसाला तैयार है। इसे थोड़ा चटपटा रखें, क्योंकि यही इस बर्गर को देसी स्वाद देगा।

अब बारी है बर्गर की

  • बर्गर बन को बीच से काट लें। दोनों हिस्सों पर थोड़ा मक्खन लगाकर तवे पर सेंकें। बन हल्का कुरकुरा हो जाए तो एक तरफ हरी चटनी और दूसरी तरफ टमाटर की चटनी लगाएं।
  • अब यहां इस बर्गर की सबसे खास बात सामने आती है। इसमें आम बर्गर की तरह आलू की टिक्की नहीं, बल्कि तैयार किया हुआ मसालेदार आलू डालें। आलू को बन के बीच में अच्छी तरह फैला दें।
  • इसके ऊपर प्याज, टमाटर और थोड़ी धनिया डाल सकते हैं। अब ऊपर वाला बन रखें और बर्गर को हल्का सा दबाकर तवे पर कुछ सेकंड सेंक लें।

गरमागरम खाएं

जब बन हल्का कुरकुरा हो जाए और अंदर का आलू अच्छी तरह गर्म हो जाए, तो बर्गर तवे से उतार लें। इसे बीच से काटें और तुरंत गरमागरम परोसें। आपको तीखा पसंद है तो आलू में थोड़ी और हरी मिर्च या लाल मिर्च डाल सकते हैं। साथ में हरी चटनी या टमाटर की चटनी रखें। शाम की चाय के साथ यह चटपटा देसी तवा बर्गर खूब पसंद आएगा।

अपनी पसंद की फिलिंग से बनाएं अलग स्वाद

  • अगर हर बार एक जैसा बर्गर नहीं खाना चाहते, तो इसकी फिलिंग में थोड़ा बदलाव कर सकते हैं। मसालेदार आलू की जगह पनीर भुर्जी, मसाला पनीर या चटपटे चने भी इस्तेमाल कर सकते हैं। चीज पसंद है तो आलू के ऊपर एक चीज स्लाइस रखकर बर्गर को तवे पर थोड़ी देर गर्म करें, ताकि चीज हल्की पिघल जाए।
  • कुरकुरे स्वाद के लिए इसमें प्याज, खीरा और पत्ता गोभी डाल सकते हैं। मकई और शिमला मिर्च भी अच्छी लगती है। इसी तरह आप चीज बर्गर, पनीर बर्गर, मसाला बर्गर या सब्जियों वाला बर्गर अपनी पसंद से बना सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN