Home National news hindi दो पाकिस्तानी नागरिकों की मौत पर भारतीय राजनयिक तलब, घटना पर पंजाब...

दो पाकिस्तानी नागरिकों की मौत पर भारतीय राजनयिक तलब, घटना पर पंजाब पुलिस ने क्या कहा

6
0

Source :- BBC INDIA

पंजाब पुलिस के मुताबिक़ तीन लोग पाकिस्तान से भारतीय सीमा प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे (सांकेतिक तस्वीर)

प्रकाशित

पढ़ने का समय: 5 मिनट

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में बताया है कि उसने भारतीय कार्यवाहक राजदूत को तलब किया है.

इस पोस्ट में दावा किया गया है कि 2 अक्तूबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बेदियान सेक्टर में भारतीय सीमा सुरक्षा बल (बीएएफ़) के जवानों ने दो पाकिस्तानी नागरिकों की हत्या की है.

इसी घटना पर विरोध दर्ज कराने के लिए पाकिस्तान में भारतीय कार्यवाहक राजदूत को तलब किया गया है.

वहीं, भारत में पंजाब पुलिस का कहना है कि तरन तारन में सीमा सुरक्षा बल ने बीएसएफ़ ने दो पाकिस्तानी घुसपैठियों को मारा है.

पाकिस्तान ने क्या कहा

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने भारतीय राजनयिक को तलब कर घटना के प्रति विरोध दर्ज कराया (फ़ाइल फ़ोटो)

मंत्रालय ने लिखा, “ताक़त का ऐसा इस्तेमाल पूरी तरह अनुचित और बेहद असंगत था, जिससे दो लोगों की दुखद मौत हुई. पाकिस्तान मृतकों को ‘घुसपैठिए’ बताने की किसी भी कोशिश को सिरे से ख़ारिज करता है.”

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, “इस बात को रेखांकित किया गया कि यह घटना जीवन के अधिकार समेत मौलिक मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है और अंतरराष्ट्रीय क़ानून के तहत नागरिकों के जीवन की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करती है.”

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने भारतीय राजनयिक के ज़रिए आग्रह किया है कि भारत से इस घटना की तत्काल, पारदर्शी और भरोसेमंद जांच कराए.

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है, “जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के ख़िलाफ़ उचित अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई करने, और जांच के निष्कर्षों और की गई कार्रवाई की जानकारी पाकिस्तान सरकार को आधिकारिक रूप से देने का आग्रह किया गया.”

उसके मुताबिक़, “भारत से यह भी आग्रह किया गया कि वह मौलिक मानवाधिकारों और अंतरराष्ट्रीय कानून का सम्मान सुनिश्चित करे, संबंधित द्विपक्षीय व्यवस्थाओं और स्थापित सीमा प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन करे.”

पाकिस्तान ने भारत से कहा कि ऐसे हालात से निपटने में अधिकतम संयम बरते और ऐसी घटनाएं फिर से न हों, इसके लिए प्रभावी कदम उठाए.

पंजाब पुलिस ने क्या बताया

पंजाब में भिखीविंड के डीएसपी अतुल सोनी ने सीमा पर हुई घटना के बारे में जानकारी दी थी

भिखीविंड के डीएसपी अतुल सोनी ने कहा, “बीओपी (बॉर्डर आउट पोस्ट) राजोके खालड़ा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आता है, जहां गोलीबारी की घटना की जानकारी मिली थी.”

“हम मौक़े पर पहुंचे और देखा कि बीएसएफ जवानों और 25-26 साल के तीन पाकिस्तानी नागरिकों के बीच गोलीबारी हुई थी. एक व्यक्ति वापस (पाकिस्तान) लौटने में कामयाब रहा, जबकि बीएसएफ के संतरी के मुताबिक़, उन्होंने (पाकिस्तानी नागरिकों) बार-बार जवानों को उकसाते हुए कहा कि वे भारत में प्रवेश करना चाहते हैं.”

डीएसपी ने बताया, “संतरी ने उन्हें समझाया कि यह भारतीय सीमा है और उन्हें वापस लौटना होगा. वे खेतों में चले गए और वहां लेट गए. बार-बार कहे जाने के बावजूद उन्होंने वहां से जाने से इनकार कर दिया. इसके बाद बीएसएफ जवानों ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और गोलीबारी भी की.”

“गोलीबारी की आवाज़ सुनकर वे तीनों पाकिस्तान की ओर वापस भागने लगे और गोलियां लगने से उनमें से दो की मौक़े पर ही मौत हो गई. बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी ने मौक़े पर पहुंच कर मारे गए लोगों की पहचान पता करने की कोशिश की.”

भारत और पाकिस्तान के दावों में अंतर

भारत और पाकिस्तान के दावों में बड़ा अंतर दिख रहा है (सांकेतिक तस्वीर)

समाचार एजेंसी एएनआई ने शुक्रवार को अधिकारियों के हवाले से बताया, “सीमा सुरक्षा बल ने आज अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रहे दो पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया. वे दोपहर क़रीब 12 बजे पंजाब के तरन तारन इलाक़े में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे.”

बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ पाकिस्तानी सरकारी मीडिया ने मृत दो नागरिकों की पहचान अजमत रसूल और मोहसिन जट्ट के रूप में की है।

पाकिस्तानी सरकारी मीडिया ने सुरक्षा सूत्रों का हवाला देते हुए यह भी दावा किया कि भारतीय मीडिया ने भी भारतीय सुरक्षा बलों के ‘झूठे अभियान’ को जारी रखा, जिसमें निर्दोष नागरिकों को घुसपैठिये बताया गया.

पाकिस्तानी मीडिया ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से दावा किया, “वास्तव में तीनों लोगों में से किसी ने भी सीमा पर लगी बाड़ को पार करने की कोशिश नहीं की थी.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

SOURCE : BBC NEWS