Home LIFESTYLE NEWS HINDI नवरात्रि के 9 दिनों में करें वेट लॉस! न्यूट्रीशनिस्ट से जानें डाइट...

नवरात्रि के 9 दिनों में करें वेट लॉस! न्यूट्रीशनिस्ट से जानें डाइट प्लान, 4-5 किलो कम होगा वजन

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

नवरात्रि में वेट लॉस करना है तो नौ दिनों के उपवास को थोड़े स्मार्ट तरीके से प्लान करें। वहीं पूड़ी पकौड़े खाने की जगह, हेल्दी चीजें अपनाएं। न्यूट्रीशनिस्ट ने पूरे नौ दिनों का डाइट प्लान शेयर किया है, जो 4-5 किलो तक वजन घटाने में हेल्प कर सकता है।

नवरात्रि में कई लोग पूरे नौ दिनों का उपवास करते हैं। इस दौरान कई लोगों की कोशिश होती है कि उनका वजन कुछ कम हो जाए और वो थोड़े फिट भी नजर आएं। लेकिन इसी चक्कर में कई लोग खुद को भूखा रखते हैं, जिससे शरीर में कमजोरी आने लगती है। वहीं कुछ लोग व्रत बोलकर पूड़ी-पकौड़ी और पराठे जैसी ऑयली डिशेज बनाकर खाते हैं। ऐसे में वजन तो कम होता नहीं, उल्टा सेहत और खराब हो जाती है। अगर आप भी नवरात्रि में नौ दिनों का व्रत कर रहे हैं और इन नौ दिनों में अच्छा-खासा वेट लॉस भी करना चाहते हैं, तो ये डाइट प्लान फॉलो कर सकते हैं। जानी-मानी न्यूट्रीशनिस्ट डॉ शिखा सिंह ने इसे शेयर किया है। आइए डिटेल में जानते हैं।

कैसे फायदेमंद है नवरात्रि में व्रत रखना?

अगर आप भी नवरात्रि में पूरे नौ दिनों का व्रत रखने की सोच रहे हैं, तो ये आपकी सेहत के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है। डॉ शिखा कहती हैं कि व्रत रखना बॉडी के लिए बहुत हेल्दी होता है। इससे आपका पाचन तो बेहतर होता ही है, साथ ही बॉडी डिटॉक्स होने में भी मदद मिलती है। आप पहले से लाइट और फिट महसूस करने लगते हैं।

वेट लॉस के लिए फॉलो करें ये डाइट प्लान

1) मॉर्निंग ड्रिंक के साथ करें दिन की शुरुआत- अपने दिन की शुरुआत मॉर्निंग ड्रिंक के साथ करें। इसके लिए आपको एक गिलास गुनगुने पानी में एक नींबू निचोड़कर पी लेना है। ये ड्रिंक आपको सुबह 6:30 से 7:00 बजे के बीच में ले लेनी है।

2) नाश्ते में खाएं समा के चावल- ब्रेकफास्ट आप सुबह आठ से साढ़े आठ बजे के बीच में कर सकते हैं। इस दौरान तली हुई पूड़ी या साबूदाना खाने की जगह समा/सामक के चावल की खिचड़ी बनाकर खाएं। इसमें आप मूंगफली डालकर और पौष्टिक बना सकते हैं।

3) लंच से पहले खाएं कोई फल- ब्रेकफास्ट के बाद और लंच से पहले यानी 10-10:30 बजे के बीच में हल्की भूख लगने लगती है। इस दौरान आप कोई भी मौसमी फल खा सकते हैं। इससे पेट हल्का भर जाएगा और लंच में आप ओवरइटिंग भी नहीं करेंगे।

4) लंच रखें हल्का- अपने लंच को थोड़ा हल्का रखें। इस दौरान आप ठंडा-ठंडा लौकी का रायता बनाकर खा सकते हैं। ये पेट भी भर देगा और काफी हल्का भी रहेगा। लंच की टाइमिंग दोपहर एक से दो बजे के बीच में रखें।

5) शाम की भूख के लिए ये चुनें- शाम 4 से 4:30 बजे के बीच कुछ हल्का-फुल्का खाने का मन करता है। ऐसे में अनहेल्दी स्नैक्स लेने के बजाए आप एक कप दूध या दूध वाली चाय ले सकते हैं। कोशिश करें कि इनमें चीनी या गुड़ एड ना करें।

6) डिनर में ना खाएं तली हुई चीजें- डिनर में ज्यादा तली-भुनी चीजें खाने की जगह आप सिंपल व्रत वाले आलू बनाकर खा सकते हैं। इनमें तेल और मसालों की मात्रा कम से कम रखें। साथ ही कोशिश करें कि डिनर 7 से 7:30 बजे तक कंप्लीट हो जाए।

इस डाइट प्लान से कितना वेट लॉस होगा?

न्यूट्रीशनिस्ट के मुताबिक ये डाइट प्लान अगर सही से फॉलो किया जाए तो 4-5 किलो तक वेट लॉस में मदद मिल सकती है। हालांकि हर किसी का बॉडी टाइप, मेटाबॉलिज्म, शुरुआती वजन और फिजिकल एक्टिविटीज का लेवल अलग-अलग होता है। इसलिए सभी लोगों में एक जैसे रिजल्ट की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।

जरूरी बात- अगर आप लंबे समय से किसी बीमारी की दवाई ले रहे हैं, तो उपवास रखने से पहले या कोई भी डाइट प्लान शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN