Home rss business hindi नेस्ले के बच्चों वाले प्रोडक्ट पर उठे सवाल, FSSAI की कार्रवाई के...

नेस्ले के बच्चों वाले प्रोडक्ट पर उठे सवाल, FSSAI की कार्रवाई के बीच शेयर बेचने लगे निवेशक

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Nestle India share: सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को जब शेयर बाजार में खरीदारी का माहौल था तब नेस्ले इंडिया के शेयर को बेचने की होड़ सी मच गई। हालांकि, कारोबार के आखिरी घंटे में शेयर रिकवरी वाले मोड में आया लेकिन यह लाल निशान पर ही ट्रेड करता दिखा। आइए जानते हैं कि आखिर नेस्ले इंडिया के शेयर दबाव में क्यों थे।

दरअसल, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने शिशु पोषण के तीन उत्पादों में खाद्य सुरक्षा मानकों का कथित रूप से पालन नहीं करने को लेकर नेस्ले इंडिया लिमिटेड के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है। FSSAI ने शुक्रवार को बताया कि उसने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नैन एक्सेला प्रो स्टेज 1, लैक्टोजेन प्रो 1 और एक फॉलो-अप फॉर्मूला, इनकी प्रचार सामग्री की जांच की। नियामक के मुताबिक नैन एक्सेला प्रो स्टेज 1 (NAN Excella Pro Stage 1) में ‘5एचएमओ (5 HMOs)’ और ‘व्हे प्रोटीन’ से जुड़े दावों पर आपत्ति जताई गई। वहीं, लैक्टोजेन प्रो 1 (Lactogen Pro 1 )में ‘व्हे प्रोटीन (Whey Protein)’ को आसानी से पचने वाला बताने वाले दावे पर सवाल उठाया गया।

नेस्ले इंडिया से स्पष्टीकरण मांगा गया था

FSSAI ने कहा कि उसने इन दावों को लेकर नेस्ले इंडिया से स्पष्टीकरण मांगा था। दोनों उत्पाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक (शिशु पोषण के लिए खाद्य पदार्थ) विनियम, 2020 के विनियम 4(2) का उल्लंघन करते पाए गए। यह प्रावधान शिशु खाद्य पदार्थों की बिक्री बढ़ाने के उद्देश्य से किए जाने वाले प्रचार संबंधी दावों या सामग्री पर रोक लगाता है। इसके अलावा, ये उत्पाद शिशु दूध विकल्प, ‘फीडिंग’ बोतल और शिशु खाद्य (उत्पादन, आपूर्ति और वितरण का विनियमन) अधिनियम, 1992 की धारा 3 के भी खिलाफ पाए गए, जो ऐसे उत्पादों के विज्ञापन या प्रचार पर रोक लगाती है।

वहीं नेस्ले इंडिया द्वारा निर्मित एक फॉलो-अप फॉर्मूला का नमूना प्रयोगशाला जांच में बायोटिन की मात्रा के मामले में मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। नमूने को दोबारा जांच के लिए भेजा गया और संदर्भ प्रयोगशाला ने भी इसे 2020 के नियमों में निर्धारित बायोटिन की जरूरत के अनुरूप नहीं पाया। FSSAI ने कहा कि इन निष्कर्षों के मद्देनजर उसने तीनों उत्पादों के संबंध में नेस्ले इंडिया के खिलाफ तीन अलग-अलग निर्णयन मामले दर्ज किए हैं।

शेयर का परफॉर्मेंस

इस बीच बीएसई पर नेस्ले इंडिया के शेयर में गिरावट दर्ज की गई। इंट्रा-डे में 1,372 रुपये की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले शेयर 1,332.80 रुपये के स्तर पर आ गया। अगस्त 2026 में शेयर 1,553 रुपये तक गया था। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। वहीं, पिछले साल शेयर 1,145.10 रुपये के लो तक आया।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN